Bihar Election 2025: लालू यादव का पीएम मोदी पर वार, बोले- बिहार में विक्ट्री, गुजरात में फैक्ट्री...

Bihar Election 2025: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला है. उन्होंने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि बिहार में जीत चाहिए और फैक्ट्री गुजरात में. यह गुजराती फॉर्मूला यहां नहीं चलेगा.

Bihar Election 2025: बिहार की राजनीति इन दिनों लगातार गरमाई हुई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां पर अभद्र टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा बुलाए गए बिहार बंद पर विपक्ष ने जमकर पलटवार किया. इस दौरान राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव दोनों ने एनडीए और बीजेपी पर ताबड़तोड़ हमले किए.

लालू यादव ने फेसबुक पोस्ट कर मोदी पर साधा निशाना

लालू यादव ने अपने फेसबुक पोस्ट में सीधे प्रधानमंत्री को निशाने पर लिया. उन्होंने लिखा- “ऐ मोदी जी, विक्ट्री चाहिए बिहार में और फैक्ट्री दीजिएगा गुजरात में? ये गुजराती फॉर्मूला बिहार में नहीं चलेगा.” लालू का यह बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और इसे सत्तारूढ़ दल पर उनका सीधा हमला माना जा रहा है.

तेजस्वी ने भी NDA और BJP पर की तीखी टिप्पणी

इधर, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी एनडीए और बीजेपी पर तीखी टिप्पणी की. उन्होंने एक्स (ट्विटर) पर लिखा कि बीजेपी अगर चाहती तो बिहार बंद के लिए भी रैली की तरह ‘भाड़े के लोग’ बुला लेती. तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि जैसे बीजेपी रैलियों में पुलिस और प्रशासन पर दबाव डालती है, वैसे ही बंद सफल कराने के लिए पुलिस से ही ट्रैफिक रुकवा देती.

तेजस्वी ने बंद के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप भी लगाए. उन्होंने कहा कि “भाजपाई गुंडों ने महिलाओं और शिक्षिकाओं को पीटा, गर्भवती महिलाओं को रोका, बुजुर्गों को धक्का दिया, छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार किया, बच्चों को स्कूल जाने से रोका, यहां तक कि एम्बुलेंस तक रोक दी. शहीद के परिजनों के साथ भी बदसलूकी की गई. इसके बावजूद ये लोग पंचायत तो छोड़िए, एक वार्ड तक बंद नहीं करा पाए.”

“विरोधियों का करेंगे सर्वनाश, कहलाएंगे त्रिदेव”

बंद और इस पर सियासी वार-पलटवार के बीच पटना में एक और पोस्टर राजनीति चर्चा का विषय बन गया है. आरजेडी कार्यालय के बाहर लगाए गए इस पोस्टर पर तेजस्वी यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव की तस्वीरें हैं. पोस्टर पर लिखा है- “विरोधियों का करेंगे सर्वनाश, कहलाएंगे त्रिदेव.” इसे आरजेडी समर्थक भाई धर्मेंद्र मुखिया की ओर से लगाया गया है.

इस पोस्टर के बाद विपक्षी एकजुटता और ‘INDIA गठबंधन’ की सक्रियता को लेकर नए कयास लगने लगे हैं. राजद कार्यकर्ताओं का कहना है कि मोदी-शाह की जोड़ी को चुनौती देने के लिए विपक्ष में भी एक नया ‘त्रिदेव’ उभर चुका है, जबकि एनडीए इसे सिर्फ ‘पोस्टरबाजी की राजनीति’ करार दे रहा है.

Also Read: बिहार चुनाव से पहले जीतन राम मांझी का बड़ा बयान, बोले- इतनी सीटें चाहिए तब पार्टी को मिलेगी राज्यस्तरीय दल की मान्यता

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >