Jehanabad News: (मृत्युंजय कुमार की रिपोर्ट) जहानाबाद जिले में कृषि विभाग, बिहार सरकार के निर्देशानुसार एग्री स्टैक परियोजना के तहत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री (फार्मर आईडी निर्माण) कार्य को गति देने के लिए सभी पंचायतों में विशेष मेगा कैंप का आयोजन किया जा रहा है. इसी क्रम में जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय ने मोदनगंज प्रखंड के विभिन्न पंचायतों का स्थलीय निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की समीक्षा की.
धामापुर और मननपुर गांव में कैंप का निरीक्षण
जिलाधिकारी ने गंधार पंचायत के धामापुर गांव तथा बंधुगंज पंचायत के मननपुर गांव का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने कैंप में चल रहे फार्मर आईडी निर्माण कार्यों का जायजा लिया और किसानों से संवाद कर उन्हें अधिक से अधिक संख्या में रजिस्ट्री कराने के लिए प्रेरित किया.
डिजिटल पहचान से जुड़ेंगे किसान
जिलाधिकारी ने बताया कि एग्री स्टैक परियोजना के तहत बनने वाली फार्मर आईडी किसानों की डिजिटल पहचान होगी. इसके माध्यम से किसानों को कुछ योजनाओं का लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से मिल सकेगा. इनमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), बीज एवं खाद अनुदान, कृषि यंत्रों पर सब्सिडी, आपदा राहत सहायता शामिल हैं.
अधिकारियों को सख्त निर्देश
जिलाधिकारी ने कृषि एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दें. उन्होंने कहा कि प्रत्येक कर्मी प्रतिदिन कम से कम 10 फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित करें और इसकी नियमित निगरानी की जाए. साथ ही उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
परिमार्जन आवेदनों के त्वरित निष्पादन पर जोर
जिलाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि नाम, खाता, खेसरा आदि त्रुटियों से जुड़े परिमार्जन आवेदनों का त्वरित निष्पादन किया जाए, ताकि किसी भी किसान का रजिस्ट्रेशन लंबित न रहे. उन्होंने कहा कि बीएलओ, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार, राजस्व कर्मी, विकास मित्र और आवास सहायक आपसी समन्वय से कार्य करें और किसानों को रजिस्ट्रेशन के लिए प्रेरित करें.
जिला ने हासिल किया 9वां स्थान
जिला प्रशासन के अनुसार फार्मर रजिस्ट्री कार्य में जहानाबाद जिले ने राज्य स्तर पर उल्लेखनीय प्रगति करते हुए 9वां स्थान प्राप्त किया है.
किसानों से अपील
जिला प्रशासन ने सभी किसानों से अपील की है कि वे पंचायत स्तर पर आयोजित मेगा कैंप में पहुंचकर निशुल्क अपना फार्मर आईडी अवश्य बनवाएं, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से मिल सके.
Also Read: रूपखाप गांव में जमीन और रास्ता विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, दोनों पक्षों के 10 लोग घायल
