बिहार चुनाव 2025: पार्टी से पार्टी ही नहीं, जाति से जाति भी टकरा रही इस बार

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में पार्टी की पार्टी से टक्कर तो है ही, जाति से जाति का भी टकराव हो रहा है. बेगूसराय जिले की मटिहानी और पटना जिले की मोकामा सीट पर भूमिहार बिरादरी के उम्मीदवार ही आपस में टकरा रहे हैं. मटिहानी में जदयू ने जहां राजकुमार सिंह को उतारा है, वहीं राजद ने नरेंद्र सिंह उर्फ बोगो सिंह को प्रत्याशी बनाया है.

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में 6 नवंबर को 121 सीटों पर मतदान होगा. इन सभी विधानसभा क्षेत्रों में भले ही एनडीए और महागठबंधन आमने-सामने हैं, पर जमीनी हकीकत इससे इतर है. सामाजिक विश्लेषक मानते हैं कि बिहार में पार्टी नहीं, बल्कि जाति से जाति टकरा रही है. पहले चरण की 121 सीटों में से 26 सीटें ऐसी हैं, जहां सवर्ण उम्मीदवारों को पिछड़े-अति पिछड़े उम्मीदवार कांटे की टक्कर दे रहे हैं. इसके अलावा कहीं जदयू के कुर्मी जाति के उम्मीदवार राजद के यादव जाति के उम्मीदवार से टकरा रहे, तो कहीं पर यादव जाति के उम्मीदवार अति पिछड़े उम्मीदवार से टकरा रहे हैं.

33 सीटों पर जदयू और राजद में आमने-सामने की टक्कर

करीब 33 सीटें ऐसी हैं, जहां जदयू और राजद में आमने-सामने की लड़ाई है. तीन सीटें ऐसी हैं, जहां जदयू के कुर्मी उम्मीदवार की लड़ाई राजद के यादव उम्मीदवार से है. चार सीटों पर जदयू के कुशवाहा उम्मीदवार की लड़ाई राजद के यादव उम्मीदवार से हो रही है. जदयू के अति पिछड़े उम्मीदवारों की छह सीटों पर राजद के यादव उम्मीदवारों से सीधी टक्कर है.

जदयू और राजद के यादव उम्मीदवारों में भी है टक्कर

इसी प्रकार जदयू और राजद के यादव प्रत्याशियों के बीच दो जगह पर आमने-सामने का संघर्ष है. इनमें पहली सीट समस्तीपुर जिले की हसनपुर है, जहां जदयू के राजकुमार राय और राजद की माला पुष्पम दोनों ही यादव हैं और एक दूसरे को कड़ी चुनौती दे रहे हैं. वहीं, दूसरी सारण जिले की परसा सीट है, जहां जदयू के छोटे लाल राय और राजद की डॉ करिश्मा राय के बीच कांटे की टक्कर है.

बेगूसराय और पटना में टकरा रहे भूमिहार उम्मीदवार

पहले चरण में बेगूसराय जिले की मटिहानी और पटना जिले की मोकामा सीट पर भूमिहार बिरादरी के उम्मीदवार ही आपस में टकरा रहे हैं. मटिहानी में जदयू ने जहां राजकुमार सिंह को उतारा है, वहीं राजद ने नरेंद्र सिंह उर्फ बोगो सिंह को प्रत्याशी बनाया है.

बिहार चुनाव की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

मोकामा में भी एक ही जाति के हैं 2 उम्मीदवार

इसी प्रकार मोकामा में राजद ने पूर्व सांसद सूरजभान की पत्नी वीणा देवी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि उनके मुकाबले जदयू ने अनंत सिंह को उतारा है. मधेपुरा के बिहारीगंज में जदयू के कोइरी उम्मीदवार निरंजन मेहता अपनी ही जाति की राजद की रेणु कुमारी को टक्कर दे रहे हैं. वहीं, चेरिया बरियारपुर में जदयू और राजद दोनों दलों के उम्मीदवार कुशवाहा जाति से आते हैं. दोनों में कड़ा मुकाबला है.

Bihar Election 2025: 18 सीटों पर सवर्ण बनाम सवर्ण टकराव

पहले चरण में 18 सीटें ऐसी हैं, जहां सत्ता के दो प्रबल दावेदार एनडीए और महागठबंधन ने सवर्ण उम्मीदवारों पर दांव लगाया है. इनमें आठ सीटों पर दोनों गठबंधनों के उम्मीदवार भूमिहार जाति से हैं. चार सीटों पर ब्राह्मण बनाम ब्राह्मण लड़ाई है. इनमें दरभंगा की अलीनगर सीट भी शमिल है, जहां भाजपा ने मैथिली ठाकुर को प्रत्याशी बनाया है. वहीं इनके मुकाबले में राजद ने विनोद मिश्रा को दूसरी बार उतारा है.

तरैया और बनियापुर में टकरा रहे राजपूत प्रत्याशी

दो सीटें तरैया और बनियापुर में दोनों गठबंधनों के उम्मीदवार राजपूत जाति से हैं. जाले में भाजपा के भूमिहार उम्मीदवार जीवेश मिश्रा की लड़ाई कांग्रेस के ब्राह्मण उम्मीदवार ऋषि मिश्रा से है. बक्सर में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही ब्राह्मण उम्मीदवारों को उतारा है. सारण के तरैया और बनियापुर में राजपूत समाज से आने वाले उम्मीदवार एक दूसरे से टकरा रहे हैं. बेनीपुर सीट पर जदयू के विनय चौधरी का मुकाबला कांग्रेस के मिथिलेश चौधरी से है. दोनों ही ब्राह्मण हैं.

10 सीटों पर जदयू के सामने कांग्रेस के उम्मीदवार

121 में 10 सीटें ऐसी हैं, जिन पर जदयू का सामना कांग्रेस उम्मीदवारों से हो रहा है. इनमें नालंदा सीट जहां कुर्मी जाति से आने वाले मंत्री श्रवण कुमार मैदान में हैं. उनके सामने कांग्रेस ने कौशलेंद्र कुमार उर्फ छोटे मुखिया को मैदान में उतारा है. वह भी कुर्मी जाति से ही आते हैं. खगड़िया सीट पर जदयू के गंगोता उम्मीदवार बबलू मंडल कांग्रेस के चंदन यादव को टक्कर दे रहे हैं.

9 सीटों पर भाजपा को कांग्रेस दे रही टक्कर

नौ सीटें ऐसी हैं, जिन पर भाजपा के सामने कांग्रेस के उम्मीदवार हैं. इनमें पटना, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर जिले की कई सीटें हैं. लखीसराय सीट पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के सामने कांग्रेस के उन्हीं की जाति से आने वाले अमरेश कुमार मैदान में हैं. पटना साहिब सीट पर भाजपा के रत्नेश कुशवाहा की टक्कर यादव समाज से आने वाले कांग्रेस के उम्मीदवार शशांत शेखर से हो रही है.

कुम्हरार में वैश्य के खिलाफ अति पिछड़ी जाति का प्रत्याशी

कुम्हरार में भी यही स्थिति है. यहां भाजपा के वैश्य उम्मीदवार का मुकाबला कांग्रेस के अति पिछड़ी जाति के उम्मीदवार से है. कुम्हरार में जन सुराज के प्रो केसी सिन्हा संघर्ष को रोचक बना दिया है. मुजफ्फरपुर सीट पर भाजपा के भूमिहार समाज से आने वाले रंजन कुमार के सामने कांग्रेस के वैश्य समाज से आने वाले मौजूदा विधायक विजेंद्र चौधरी से हो रही है. यहां जन सुराज के डाॅ अमित कुमार दास लड़ाई को त्रिकोणात्मक बनाने में जुटे हैं.

23 सीटों पर भाजपा और राजद के बीच लड़ाई

पहले चरण की 23 सीटों पर भाजपा और राजद की सीधी लड़ाई है. इनमें उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मंत्री मंगल पांडेय, नितिन नवीन, कृष्ण कुमार मंटू, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव की सीटें भी शामिल है. पार्टी के 13 सवर्ण उम्मीदवारों का मुकाबला राजद के उम्मीदवारों से हैं. मंगल पांडेय को पूर्व स्पीकर और यादव जाति से आने वाले अवध बिहारी चौधरी टक्कर दे रहे हैं, जबकि उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को राजद के वैश्य जाति से आने वाले अरुण कुमार टक्कर दे रहे हैं. महागठबंधन के मुख्यमंत्री चेहरा तेजस्वी यादव को उनकी ही बिरादरी से आने वाले भाजपा के सतीश कुमार राय कड़ी टक्कर दे रहे हैं.

इसे भी पढ़ें

बिहार चुनाव 2025: पार्टी से पार्टी ही नहीं, जाति से जाति भी टकरा रही

Prabhat Khabar Election Knowledge: इलेक्शन नॉलेज 14 के सही जवाब और विजेता

Amit Shah in Sheohar: शिवहर में बोले अमित शाह- सीतामढ़ी-अयोध्या राम-जानकी पथ बनेगा, बिहार में बनायेंगे डिफेंस कॉरिडोर

Bihar Election 2025: महुआ में भिड़े लालू के लाल, तेजप्रताप ने तेजस्वी और एनडीए को मुश्किल में डाला

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Mithilesh Jha

मिथिलेश झा PrabhatKhabar.com में पश्चिम बंगाल राज्य प्रमुख (State Head) के रूप में कार्यरत वरिष्ठ पत्रकार हैं. उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 32 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव है. उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, जलवायु परिवर्तन, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि और अन्य समसामयिक विषयों पर केंद्रित रही है, जिससे वे क्षेत्रीय पत्रकारिता में एक विश्वसनीय और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित हुए हैं. अनुभव : पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में 3 दशक से अधिक काम करने का अनुभव है. वर्तमान भूमिका : प्रभात खबर डिजिटल (prabhatkhabar.com) में पश्चिम बंगाल के स्टेट हेड की भूमिका में हैं. वे डिजिटल न्यूज कवर करते हैं. तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता को प्राथमिकता देते हैं. वर्तमान में बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 पर पूरी तरह से फोकस्ड हैं. भौगोलिक विशेषज्ञता : उनकी रिपोर्टिंग का मुख्य फोकस पश्चिम बंगाल रहा है, साथ ही उन्होंने झारखंड और छत्तीसगढ़ की भी लंबे समय तक ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग की है, जो उनकी क्षेत्रीय समझ और अनुभव को दर्शाता है. मुख्य विशेषज्ञता (Core Beats) : उनकी पत्रकारिता निम्नलिखित महत्वपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्रों में गहरी विशेषज्ञता को दर्शाती है :- राज्य राजनीति और शासन : झारखंड और पश्चिम बंगाल की राज्य की राजनीति, सरकारी नीतियों, प्रशासनिक निर्णयों और राजनीतिक घटनाक्रमों पर निरंतर और विश्लेषणात्मक कवरेज. सामाजिक मुद्दे : आम जनता से जुड़े सामाजिक मुद्दों, जनकल्याण और जमीनी समस्याओं पर केंद्रित रिपोर्टिंग. जलवायु परिवर्तन और नवीकरणीय ऊर्जा : पर्यावरणीय चुनौतियों, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव और रिन्यूएबल एनर्जी पहलों पर डेटा आधारित और फील्ड रिपोर्टिंग. डाटा स्टोरीज और ग्राउंड रिपोर्टिंग : डेटा आधारित खबरें और जमीनी रिपोर्टिंग उनकी पत्रकारिता की पहचान रही है. विश्वसनीयता का आधार (Credibility Signal) : तीन दशकों से अधिक की निरंतर रिपोर्टिंग, विशेष और दीर्घकालिक कवरेज का अनुभव तथा तथ्यपरक पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता ने मिथिलेश झा को पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के लिए एक भरोसेमंद और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित किया है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >