बिहार चुनाव: सीट शेयरिंग पर सियासी संग्राम! NDA में चिराग की 35 सीटों की मांग, महागठबंधन में सहनी डिप्टी CM पर अड़े

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद सियासत गरमाने लगी है. NDA और महागठबंधन दोनों में सीट शेयरिंग को लेकर खींचतान जारी है. जहां भाजपा और चिराग पासवान के बीच सीटों की संख्या पर तकरार चल रही है, वहीं महागठबंधन में मुकेश सहनी डिप्टी सीएम पद पर अड़े हुए हैं. दोनों गठबंधन आज निर्णायक बैठक में बड़े फैसले ले सकते हैं.

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की घोषणा के बाद सियासी हलचलें तेज हो गई हैं. अब पूरे राज्य की निगाहें NDA और महागठबंधन की सीट शेयरिंग पर टिकी हैं. दोनों गठबंधनों में लगातार बैठकों का दौर जारी है, लेकिन अब तक अंतिम फैसला नहीं हो पाया है. सूत्रों के अनुसार, महागठबंधन में सीट बंटवारा लगभग तय हो गया है, हालांकि डिप्टी सीएम पद को लेकर मुकेश सहनी के अड़ियल रुख ने समीकरण बिगाड़ दिए हैं. उधर, NDA में चिराग पासवान की मांगों से भाजपा की मुश्किलें बढ़ गई हैं.

चिराग की सियासी जिद- 35 सीट से कम मंजूर नहीं

दिल्ली में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने चिराग पासवान से मिलकर बातचीत की. सूत्रों के अनुसार, भाजपा 20 से 22 सीट तक देने को तैयार है, जबकि चिराग 35 सीटों पर अड़े हुए हैं. चिराग की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) न सिर्फ सीटों की संख्या बढ़ाना चाहती है, बल्कि केंद्र या राज्य के उच्च सदन में एक सीट और एक महत्वपूर्ण मंत्रालय की भी मांग कर रही है.

इन सीटों पर चिराग की दावेदारी

चिराग ने वैशाली, हाजीपुर, समस्तीपुर, खगड़िया और जमुई जैसे अपने प्रभाव वाले जिलों में 2-2 सीटों की दावेदारी जताई है. इसके अलावा, उन्होंने गोविंदगंज सीट पर भी दावा ठोका है, जहां से फिलहाल भाजपा विधायक हैं. भाजपा की ओर से धर्मेंद्र प्रधान, विनोद तावड़े और मंगल पांडेय ने उनसे मुलाकात कर स्थिति संभालने की कोशिश की है, हालांकि अंतिम फैसला भाजपा केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर होगा.

NDA के भीतर चिराग की चार प्रमुख मांगें

  • 2024 लोकसभा में जीती गई 5 सीटों के प्रदर्शन के अनुरूप विधानसभा में सम्मानजनक हिस्सेदारी.
  • 2020 विधानसभा चुनाव में मिले वोट प्रतिशत को सीट बंटवारे का आधार बनाना.
  • LJP(R) की जीती हुई हर लोकसभा सीट के तहत कम से कम दो विधानसभा सीटें मिलें.
  • गोविंदगंज सहित कुछ सीटों पर LJP(R) नेताओं के लिए दावा सुनिश्चित किया जाए।

महागठबंधन में भी पेंच- सहनी फिर डिप्टी CM पर अड़े

दूसरी ओर, महागठबंधन की सीट शेयरिंग लगभग तय मानी जा रही है, लेकिन डिप्टी सीएम पद पर मुकेश सहनी का अड़ियल रुख बना हुआ है. सूत्र बताते हैं कि सहनी ने पिछले तीन महीनों में 27 बार खुद को डिप्टी सीएम बनाए जाने की बात दोहराई है. कांग्रेस और राजद के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी इसके विरोध में हैं.

60 सीट पर लड़ेगी VIP- सहनी

सहनी ने हाल ही में कहा था, “सीट शेयरिंग फाइनल है, कल तक सबके सामने ऐलान कर देंगे. कौन सी पार्टी कितनी सीट लड़ेगी, मुख्यमंत्री और डिप्टी मुख्यमंत्री कौन होगा, सब साफ हो जाएगा.” VIP चीफ का दावा है कि उनकी पार्टी लगभग 60 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और वह डिप्टी सीएम पद के लिए अंतिम विकल्प होंगे.

दिल्ली से पटना तक सियासी हलचल

इन सबके बीच आज बुधवार को दिल्ली में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की अहम बैठक बुलाई गई है, जिसमें बिहार के चुनावी समीकरणों पर चर्चा होगी. राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि सीट शेयरिंग को लेकर आज कोई बड़ा एलान संभव है.

चिराग ने ट्वीट कर क्या कहा?

इस बीच चिराग पासवान ने ट्वीट कर कहा- “लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कारवां को आगे बढ़ाने के लिए मैं दृढ़ संकल्पित हूं. बिहार में हर सीट जनता के सम्मान की सीट है.” राज्य की सियासी फिजा में इस वक्त ‘कौन बनेगा डिप्टी सीएम’ और ‘किसे मिलेगी कितनी सीट’. ये दो सवाल हर चर्चा के केंद्र में हैं.

Also Read: दिल्ली जा रही हैं मैथिली ठाकुर, बीजेपी के शीर्ष नेताओं से करेंगी मुलाकात… जानिए अंदर क्‍या हो रही है बात

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >