हम रोज कई ऐसे काम करते हैं, जिन्हें बिना सोचे-समझे करते रहते हैं. पेट्रोल पंप पर गाड़ी में पेट्रोल या डीजल भरवाते समय इंजन बंद करना भी कुछ ऐसा ही है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि पेट्रोल पंप पर कर्मचारी बार-बार गाड़ी बंद करने के लिए क्यों कहते हैं? इसके पीछे सिर्फ एक नियम नहीं, बल्कि आपकी और आसपास मौजूद लोगों की सेफ्टी से जुड़ी एक बड़ी वजह है. आइए जानते हैं, आखिर पेट्रोल पंप पर गाड़ी का इंजन बंद रखना इतना जरूरी क्यों माना जाता है.
पेट्रोल पंप पर इंजन बंद रखने के पीछे है बड़ी वजह
हममें से ज्यादातर लोगों के लिए पेट्रोल पंप पर रुकना बस कुछ मिनटों का काम है. गाड़ी लगाई, टैंक फुल कराया और फिर अपनी मंजिल की ओर निकल पड़े. लेकिन इस छोटे से पड़ाव के दौरान भी सेफ्टी का ध्यान रखना बेहद जरूरी है.
ये भी पढ़ें: टायर में हवा से लेकर फर्स्ट एड तक, पेट्रोल पंप पर मुफ्त मिलती हैं ये सुविधाएं, न मिले तो यहां करें शिकायत
पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल जैसी चीजें होती हैं, जो बहुत जल्दी आग पकड़ सकती हैं. इसलिए यहां थोड़ी-सी भी लापरवाही भारी पड़ सकती है. इसी वजह से पेट्रोल या डीजल भरवाते समय गाड़ी का इंजन बंद रखने को कहा जाता है. इंजन चालू रखकर पेट्रोल भरवाना भले ही छोटी बात लगे, लेकिन इससे कुछ बड़े खतरे हो सकते हैं, जैसे:
- आग लगने का खतरा: पेट्रोल बहुत जल्दी आग पकड़ लेता है. गाड़ी का इंजन चालू रहने पर गर्म इंजन या एग्जॉस्ट से निकलने वाली गर्मी के कारण पेट्रोल के धुएं में आग लग सकती है. इससे बड़ा हादसा होने का खतरा रहता है.
- गाड़ी के फ्यूल सिस्टम को नुकसान: पेट्रोल भरवाते समय इंजन चालू रहने से गाड़ी का फ्यूल पंप और सेंसर ठीक से काम न करें, ऐसा हो सकता है. इसकी वजह से पेट्रोल जरूरत से ज्यादा भर सकता है या फ्यूल टैंक में दबाव से जुड़ी प्रॉब्लम आ सकती है.
- स्टैटिक इलेक्ट्रिसिटी का खतरा: गाड़ी में स्टैटिक इलेक्ट्रिसिटी यानी हल्की बिजली पैदा हो सकती है. अगर यह पेट्रोल के धुएं के कॉन्टैक्ट में आ जाए, तो चिंगारी निकल सकती है और आग लगने का खतरा बढ़ जाता है.
पेट्रोल पंप पर इन बातों का रखें ध्यान
पेट्रोल पंप पर गाड़ी में फ्यूल भरवाते समय छोटी-सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है. इसलिए पेट्रोल या डीजल भरवाते वक्त कुछ जरूरी बातों का ध्यान जरूर रखें. कोशिश करें कि गाड़ी में बैठे सभी लोग नीचे उतरकर गाड़ी से थोड़ी दूरी पर रहें. इस दौरान सिगरेट पीने या फोन यूज करने से भी बचें. इसके अलावा, टैंक को जरूरत से ज्यादा भरवाने की कोशिश न करें. फ्यूल भरवाते समय गाड़ी का इंजन पूरी तरह बंद रखें.
