E85 फ्यूल अब भारत में आ चुका है. सरकार ने कल यानी 5 जून 2026 को ही दिल्ली के पुसा रोड पर IndianOil के आउटलेट पर इसे लॉन्च किया है. इसके बाद लोगों में काफी कन्फ्यूजन है कि क्या अब E85 पुराने पेट्रोल की जगह ले लेगा या फिर E20 फ्यूल खत्म हो जाएगा. लोग इसके दाम, उपलब्धता और अपनी गाड़ियों में इसके इस्तेमाल को लेकर भी सवाल पूछ रहे हैं. आइए इन्हीं सवालों के जवाब जानते हैं.
E85 फ्यूल क्या है और इसकी कीमत कितनी है?
E85 एक नया फ्यूल है जिसमें 85% तक एथेनॉल और सिर्फ 15% पेट्रोल होता है. वहीं E20 फ्यूल में इसके उलट 80% पेट्रोल और 20% एथेनॉल मिलाया जाता है, जिसे अभी भारत में ज्यादातर गाड़ियां इस्तेमाल कर रही हैं. कीमत की बात करें तो E85 काफी सस्ता पड़ता है. यह दिल्ली में करीब 82.12 रुपये प्रति लीटर मिलता है. वहीं E20 की कीमत लगभग 102.12 रुपये प्रति लीटर है. यानी E85, E20 के मुकाबले करीब 20 रुपये प्रति लीटर सस्ता है.
E85 vs E20: कीमत का अंतर और असली बचत
E85 और E20 के बीच करीब 20 रुपये का दाम का फर्क लोगों का ध्यान खींच रहा है. पहली नजर में तो लगता है कि इससे काफी बचत हो रही है. अगर आप 35 लीटर टैंक E20 की जगह E85 से भरते हैं, तो करीब 900 रुपये तक की बचत दिख सकती है. लेकिन यहां एक जरूरी बात समझनी होगी. एथेनॉल में पेट्रोल के मुकाबले एनर्जी कम होती है. इसलिए फ्लेक्स-फ्यूल गाड़ी जब E85 पर चलती है, तो उसे उतनी ही दूरी तय करने के लिए ज्यादा फ्यूल जलाना पड़ता है.
इसी वजह से माइलेज लगभग 20% से 30% तक कम हो सकता है. इसलिए असली हिसाब सिर्फ लीटर का दाम नहीं है, बल्कि ये देखना ज्यादा जरूरी है कि एक किलोमीटर चलने में कितनी लागत आ रही है.
यह भी पढ़ें: WagonR Flex Fuel पेट्रोल मॉडल से कितनी अलग? जानें इंजन, माइलेज और फीचर्स से जुड़ी जरूरी बातें
मान लीजिए आपकी गाड़ी E20 पर 15 km/l का माइलेज देती है, तो E85 पर वही लगभग 11-12 km/l तक आ सकता है. लेकिन यहां ट्विस्ट यह है कि E85 की कीमत कम रखी गई है. यानी माइलेज थोड़ा घटता जरूर है, लेकिन सस्ता फ्यूल होने की वजह से कुल खर्च में फर्क इतना नहीं पड़ता. इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने E85 को E20 से करीब 20 रुपये सस्ता रखा है. आसान शब्दों में समझें तो माइलेज कम होने का असर सस्ती कीमत पूरा कर देती है, ताकि आखिर में यूजर को फायदा ही मिले.
क्या आपकी मौजूदा गाड़ी E85 फ्यूल का इस्तेमाल कर सकती है?
आपको बता दें कि आपकी मौजूदा कार E85 फ्यूल पर नहीं चल सकती. E85 हर पेट्रोल गाड़ी के लिए नहीं बना है. अगर इसे किसी नॉर्मल पेट्रोल या E20-कम्प्लायंट कार में डाल दिया जाए, तो फ्यूल सिस्टम के पार्ट्स खराब हो सकते हैं और परफॉर्मेंस भी गिर सकती है. E85 सिर्फ फ्लेक्स-फ्यूल व्हीकल्स (FFVs) के लिए होता है, क्योंकि इन्हें खास तौर पर ऐसे मटेरियल से बनाया जाता है जो एथेनॉल को झेल सके. साथ ही इनमें ऐसा सिस्टम होता है जो अलग-अलग फ्यूल मिक्स के हिसाब से अपने आप इंजन की सेटिंग्स एडजस्ट कर लेता है.
फिलहाल भारत में Maruti Suzuki WagonR Flex Fuel ही ऐसी पैसेंजर कार है जिसे खास तौर पर E85 फ्यूल के लिए तैयार किया गया है. वहीं टू-व्हीलर सेगमेंट में Hero MotoCorp ने भी Flex Fuel टेक्नोलॉजी के साथ Splendor+ और HF Deluxe जैसे मॉडल पेश किए हैं.
यह भी पढ़ें: HF Deluxe Flex Fuel vs Petrol: किस बाइक पर पैसे खर्च करना सही रहेगा? जानें यहां
