भारत में इलेक्ट्रिक स्कूटर अब सिर्फ कम कीमत और डेली सिटी राइड के लिए ही नहीं मिलते. अब बाजार में ऐसे इलेक्ट्रिक स्कूटर भी हैं, जो स्पीड और पिकअप के मामले में पेट्रोल स्कूटर को भी टक्कर देते हैं. इनमें आपको शानदार स्पीड के साथ स्पोर्टी लुक भी मिलता है. Ola S1 Pro Sport से लेकर Yamaha Aerox-E तक, कई स्कूटर अपने दमदार परफॉर्मेंस के लिए जाने जाते हैं. अगर आप ऐसा इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदना चाहते हैं, जो देखने में शानदार हो और चलाने में भी फास्ट हो, तो नीचे हमने 5 सबसे स्पोर्टी इलेक्ट्रिक स्कूटर के बारे में बताया है. आइए देखते हैं.
Ola S1 Pro Sport
भारत में मिलने वाले इलेक्ट्रिक स्कूटर्स में Ola S1 Pro Sport काफी दमदार मॉडल है. इसमें 4680-cell बैटरी दी गई है, जिसे एक मिड-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर के साथ जोड़ा गया है. यह मोटर 16 kW की ज्यादा से ज्यादा पावर और 71 Nm का टॉर्क देती है. आसान शब्दों में कहें तो इसकी पावर करीब 21.4 bhp है. यही वजह है कि यह देश में मौजूद ज्यादातर इलेक्ट्रिक स्कूटर्स के मुकाबले ज्यादा पावरफुल है.
यह स्कूटर सिर्फ 2 सेकंड में 0 से 40 kmph की रफ्तार पकड़ सकता है. इसकी टॉप स्पीड 152 kmph है. वहीं, 5.2 kWh बैटरी वाले मॉडल को एक बार फुल चार्ज करने पर 320 km तक चलने का दावा किया गया है. इसकी शुरुआती कीमत ₹1.49 लाख (एक्स-शोरूम) है.
ये भी पढ़ें: फ्यूल खर्च से परेशान लोगों के लिए ये 5 इलेक्ट्रिक स्कूटर हैं बेहतर चॉइस, फटाफट डालें नजर
Simple One
Simple One भी उन इलेक्ट्रिक स्कूटरों में शामिल है, जिन्हें खासतौर पर परफॉर्मेंस पसंद करने वाले लोगों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. इसका 5 kWh वर्जन PMSM मोटर के साथ आता है, जो 11.8 bhp की पावर और 72 Nm का शानदार पीक टॉर्क जनरेट करता है.
Simple One महज 2.55 सेकंड में 0 से 40 kmph की स्पीड पकड़ने का दावा करता है. इसकी टॉप स्पीड 115 kmph है. वहीं, 5 kWh बैटरी पैक के साथ यह 265 km तक की IDC रेंज देने का दावा करता है. कीमत की बात करें तो 5 kWh वर्जन की एक्स-शोरूम कीमत (बेंगलुरु) करीब ₹1.78 लाख है.
Ather 450 Apex
Ather 450 Apex को कंपनी का सबसे ज्यादा स्पोर्टी इलेक्ट्रिक स्कूटर कहा जा सकता है. कंपनी ने इसकी स्पीड के अलावा स्कूटर की राइड, ब्रेक और कंट्रोल पर भी काफी ध्यान दिया है. पावर की बात करें तो Ather 450 Apex में 7.0 kW की मोटर दी गई है, जो करीब 9.4 bhp की पावर देती है. इसका मोटर 26 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. कंपनी के मुताबिक, 450 Apex सिर्फ 2.9 सेकंड में 0 से 40 kmph की स्पीड पकड़ लेता है. इसकी टॉप स्पीड 100 kmph है.
इस इलेक्ट्रिक स्कूटर में 3.7 kWh की बैटरी मिलती है. कंपनी का दावा है कि फुल चार्ज होने पर यह 165 km तक चल सकता है. Ather 450 Apex की शुरुआती कीमत ₹1.95 लाख (एक्स-शोरूम) है.
TVS X
TVS X भारत के सबसे अलग दिखने वाले इलेक्ट्रिक स्कूटर्स में से एक है. इसमें एल्युमिनियम का फ्रेम दिया गया है और बैठने का तरीका भी कुछ हद तक बाइक जैसा है. पावर की बात करें तो TVS X में PMSM मोटर लगी है, जो 14.8 bhp की ताकत और 40 Nm का टॉर्क देती है. कंपनी के अनुसार, यह स्कूटर 110 kmph की टॉप स्पीड से चल सकता है. वहीं, 0 से 40 kmph की स्पीड पकड़ने में इसे करीब 2.5 सेकंड लगते हैं.
इसमें 4.43 kWh की बैटरी मिलती है, जो एक बार फुल चार्ज होने पर करीब 159 km तक चल सकती है. हालांकि, अलग-अलग जगहों पर बताई गई रेंज में थोड़ा फर्क हो सकता है. TVS X की कीमत करीब ₹2.66 लाख (एक्स-शोरूम) है.
Yamaha Aerox-E
Yamaha Aerox-E कंपनी के पॉपुलर स्पोर्टी स्कूटर Aerox का इलेक्ट्रिक वर्जन है. इसे जुलाई 2026 में भारत में लॉन्च किया गया था. पावर की बात करें तो Aerox-E में PMSM मोटर लगी है, जो 12.6 bhp की पावर और 48 Nm का टॉर्क देती है. इसकी टॉप स्पीड 95.5 kmph है. इसमें 1.5 kWh की दो बैटरियां लगी हैं. कंपनी के मुताबिक, दोनों बैटरी फुल चार्ज होने पर स्कूटर 117 km तक चल सकता है.
इसमें Eco, Standard और Power जैसे तीन राइडिंग मोड मिलते हैं. इसके अलावा Boost मोड भी दिया गया है. कीमत की बात करें तो Yamaha Aerox-E की एक्स-शोरूम कीमत ₹2.82 लाख है. इस कीमत के साथ यह भारत के महंगे इलेक्ट्रिक स्कूटर्स में से एक है.
ये भी पढ़ें: बार-बार चार्ज करने का झंझट खत्म, 2026 में लंबी रेंज वाले ये 5 इलेक्ट्रिक स्कूटर मचा रहे धूम
