Tata Sierra.ev अब सिर्फ रास्ता बताने या गाने चलाने तक सीमित नहीं रहेगी. इस कार में अब आप बोलकर कॉफी ऑर्डर करने, FASTag रिचार्ज करने और ऐसा चार्जिंग स्टेशन ढूंढने जैसे काम भी कर सकेंगे, जहां पेमेंट के लिए सुविधा उपलब्ध हो. यह फीचर DrivePay के जरिए काम करता है, जिसे Tata ने ToneTag के साथ मिलकर तैयार किया है. Sierra.ev में इसकी खासियत यह है कि इसमें अब वॉयस से काम करने वाला कॉमर्स फीचर भी जुड़ गया है.
यानी ड्राइवर को हर छोटे काम के लिए फोन निकालकर अलग-अलग ऐप खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी. कार का इंफोटेनमेंट सिस्टम आपकी आवाज के कमांड को समझकर काम कर सकेगा.
इस फीचर की मदद से क्या-क्या कर सकते हैं?
DrivePay का सबसे साफ और काम का इस्तेमाल सामान ऑर्डर करना है. इस सिस्टम के साथ जुड़ने वाला पहला ब्रांड Blue Tokai Coffee है. यानी ड्राइवर को कॉफी ऑर्डर करने के लिए फोन उठाने, आउटलेट खोजने और फिर अलग से पेमेंट करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. कार में वॉइस कमांड देकर सीधे ऑर्डर किया जा सकता है.
इसी तरह FASTag को भी कार में बैठे-बैठे वॉइस कमांड से रिचार्ज किया जा सकेगा. इसका फायदा तब ज्यादा होगा, जब टोल प्लाजा के पास पहुंचने पर अचानक पता चले कि FASTag में पैसे कम हैं. ऐसी स्थिति में आपको गाड़ी रोककर या फोन निकालकर रिचार्ज करने की जरूरत नहीं होगी. रास्ते में ही बोलकर FASTag रिचार्ज किया जा सकेगा.
ये भी पढ़ें: Tata Punch से लेकर Safari तक... 1 सितंबर से महंगी हो जाएंगी टाटा की ये कारें, ₹25,000 तक बढ़े दाम
चार्जिंग के मामले में भी DrivePay आपके लिए काम आसान कर सकता है. यह सिस्टम आपके आसपास मौजूद चार्जिंग स्टेशनों की जानकारी रियल टाइम में दिखा सकता है. साथ ही, आपकी कार के हिसाब से सही चार्जर और जहां सीधे पेमेंट किया जा सकता है, ऐसे चार्जर भी खोजने में मदद करेगा.
इस फीचर की शुरुआत Harrier.ev से हुई थी
Tata ने Harrier.ev में DrivePay नाम का इन-कार UPI पेमेंट सिस्टम दिया था. इसकी मदद से कार के अंदर से ही चार्जिंग और FASTag का पेमेंट किया जा सकता है. Harrier.ev में चार्जिंग स्टेशन खोजने का फीचर भी कार के नेविगेशन सिस्टम से जुड़ा हुआ था. साथ ही, कार में कितनी बैटरी बची है, इसकी जानकारी भी मिलती थी.
अब Sierra.ev के साथ Tata ने इस आइडिया को एक कदम और आगे बढ़ाया है. इसमें ड्राइवर बोलकर सामान या कॉफी जैसी चीजें ऑर्डर करने की शुरुआत कर सकता है. आसान शब्दों में कहें तो Harrier.ev ने दिखाया कि कार का डैशबोर्ड पेमेंट करने के काम आ सकता है. वहीं, Sierra.ev यह दिखाने की कोशिश कर रही है कि कार की स्क्रीन का यूज ऑर्डर करने के लिए भी किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें: 7-सीटर EV में मिलेगा 500km का बैकअप! लॉन्च से पहले देखें JSW MG की नई SUV के फीचर्स
