लग्जरी स्पोर्ट्स कार कंपनी Porsche ने अपनी नई Porsche 911 GT3 की बुकिंग भारत में शुरू कर दी है. कंपनी ने इस हाई-परफॉर्मेंस स्पोर्ट्स कार की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 3.32 करोड़ रुपये रखी है. खास बात यह है कि यह कीमत पिछली जेनरेशन GT3 के लॉन्च प्राइस 2.31 करोड़ रुपये से करीब 1.01 करोड़ रुपये ज्यादा है. हालांकि इस सेगमेंट के ग्राहकों के लिए कीमत से ज्यादा मायने ड्राइविंग एक्सपीरियंस और एक्सक्लूसिविटी रखते हैं. नई 911 GT3 उन चुनिंदा स्पोर्ट्स कारों में शामिल है, जो आज भी नेचुरली एस्पिरेटेड इंजन के साथ आती हैं. ऐसे समय में जब ज्यादातर परफॉर्मेंस कारें टर्बोचार्ज्ड इंजन पर शिफ्ट हो चुकी हैं, Porsche ने इस मॉडल में ड्राइविंग फील को प्रायोरिटी दी है.
इंजन और परफॉर्मेंस
नई Porsche 911 GT3 में 4.0-लीटर का नेचुरली एस्पिरेटेड फ्लैट-सिक्स इंजन दिया गया है, जो 503hp की पावर और 450Nm का टॉर्क जेनरेट करता है. इंजन को 7-स्पीड PDK ड्यूल-क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से जोड़ा गया है. कंपनी के अनुसार, यह स्पोर्ट्स कार 311 किमी/घंटा की टॉप स्पीड हासिल कर सकती है.
Porsche 911 GT3 और पिछली GT3 के बीच तुलना करें, तो GT3 में 493hp की पावर, 460Nm टॉर्क और 318 किमी/घंटा की टॉप स्पीड मिलती थी. यानी नई GT3 में पावर बढ़ी है, लेकिन टॉर्क और टॉप स्पीड में हल्की कमी देखने को मिलती है. एक और बड़ा बदलाव यह है कि फिलहाल Porsche India ने इस मॉडल में मैनुअल गियरबॉक्स का ऑप्शन नहीं दिया है. पिछली GT3 को 6-स्पीड मैनुअल और PDK दोनों ऑपशंस के साथ खरीदा जा सकता था.
कस्टमाइजेशन पर और बढ़ सकती है कीमत
Porsche की ऑनलाइन कॉन्फिगरेटर सुविधा के जरिए ग्राहक कार के एक्सटीरियर कलर, इंटीरियर ट्रिम और कई परफॉर्मेंस पैकेज अपनी पसंद के अनुसार चुन सकते हैं. ऐसे में एक्स्ट्रा ऑपशंस जोड़ने पर इस कार की ऑन-रोड कीमत बेस प्राइस से काफी ऊपर जा सकती है.
एडवांस्ड चेसिस और ड्राइविंग टेक्नोलॉजी
नई Porsche 911 GT3 को ट्रैक और हाई-स्पीड ड्राइविंग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. इसमें फ्रंट में डबल विशबोन सस्पेंशन और रियर में मल्टी-लिंक सस्पेंशन दिया गया है. इसके अलावा, कार में रियर-एक्सल स्टीयरिंग, PASM Sport Suspension और Porsche Torque Vectoring Plus जैसे एडवांस्ड फीचर्स भी मिलते हैं. कार में Porsche Stability Management सिस्टम दिया गया है, जिसमें ESC Off और Traction Control Off जैसे अलग-अलग मोड्स मौजूद हैं. ये फीचर्स एक्सपीरियंस्ड ड्राइवर्स को ट्रैक पर ज्यादा कंट्रोल और बेहतर ड्राइविंग एक्सपीरियंस देने के लिए डिजाइन किए गए हैं.
क्या है खास?
नई Porsche 911 GT3 उन लोगों के लिए बनाई गई है, जो ड्राइविंग का असली मजा लेना चाहते हैं. इसमें नेचुरली एस्पिरेटेड इंजन और ट्रैक-फोकस्ड फीचर्स दिए गए हैं, जो इसे बाकी 911 मॉडल्स से अलग बनाते हैं. हालांकि इसकी कीमत पहले के मुकाबले काफी बढ़ गई है, लेकिन शानदार परफॉर्मेंस और बेहतरीन ड्राइविंग एक्सपीरियंस के कारण यह आज भी स्पोर्ट्स कार लवर्स की पसंद बनी हुई है.
यह भी पढ़ें: Skoda Kodiaq RS की ये 5 खूबियां बनाती हैं इसे Tayron R-Line से अलग, 22 जून को होगी लॉन्च
