पेट्रोल पंप पर अक्सर आपने एक चीज जरूर नोटिस की होगी. जैसे ही गाड़ी की टंकी फुल होने लगती है, फ्यूल नॉजल अचानक क्लिक की आवाज के साथ खुद-ब-खुद बंद हो जाता है. न तो कोई व्यक्ति उसे रोकता है और न ही आपको कुछ करना पड़ता है. ज्यादातर लोग इसे एक सामान्य प्रक्रिया मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन इसके पीछे बेहद दिलचस्प विज्ञान और इंजीनियरिंग काम करती है. खास बात यह है कि इस तकनीक में किसी स्मार्ट सेंसर, कैमरा या AI सिस्टम का इस्तेमाल नहीं होता. यह पूरी तरह हवा के दबाव और फ्लूइड डायनैमिक्स के सिद्धांत पर आधारित है.
पेट्रोल नहीं, हवा को ट्रैक करती है मशीन
बहुत से लोग सोचते हैं कि पेट्रोल पंप मशीन सीधे टंकी में भरे ईंधन को मापती है, लेकिन असल में यह एयर फ्लो पर नजर रखती है. फ्यूल नॉजल के सिरे पर एक बेहद छोटा छेद होता है, जो एक पतली ट्यूब से जुड़ा रहता है.
जब तक टंकी खाली रहती है, उस छेद से हवा आसानी से गुजरती रहती है और पेट्रोल भरता रहता है. लेकिन जैसे ही ईंधन का स्तर बढ़कर उस छोटे छेद को ढक देता है, हवा का प्रवाह रुक जाता है. इसके बाद नोजल के अंदर दबाव अचानक बदलता है और वाल्व तुरंत बंद हो जाता है. यही वजह है कि फ्यूल भरना अपने आप रुक जाता है.
Venturi Effect से काम करती है पूरी तकनीक
इस सिस्टम का आधार Venturi Effect नाम का वैज्ञानिक सिद्धांत है. इसमें जब कोई तरल या गैस संकरी जगह से तेजी से गुजरती है, तो दबाव में बदलाव होता है. यही सिद्धांत पेट्रोल पंप नोजल के अंदर इस्तेमाल किया जाता है.
जैसे ही पेट्रोल तेजी से नॉजल से गुजरता है, वह एक तरह का सक्शन तैयार करता है. यह सक्शन हवा को छोटे छेद से खींचता रहता है. लेकिन जब पेट्रोल उस छेद तक पहुंच जाता है, तो हवा का रास्ता बंद हो जाता है और प्रेशर तुरंत बदल जाता है. इसी बदलाव के कारण नोजल का ऑटोमैटिक शट-ऑफ सिस्टम एक्टिव हो जाता है.
सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है यह फीचर
यह तकनीक सिर्फ सुविधा के लिए नहीं बनाई गई, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी बेहद अहम है. अगर यह ऑटोमैटिक सिस्टम न हो, तो पेट्रोल आसानी से बाहर फैल सकता है. इससे आग लगने का खतरा बढ़ता है और जहरीली गैसें वातावरण में फैल सकती हैं.
इसी वजह से आधुनिक फ्यूल पंप्स में वाष्प नियंत्रण सिस्टम भी लगाए जाते हैं, जो पेट्रोल की भाप को हवा में फैलने से रोकते हैं. इससे प्रदूषण कम होता है और पेट्रोल पंप ज्यादा सुरक्षित बनते हैं.
दशकों पुरानी तकनीक आज भी क्यों है भरोसेमंद
आज पेट्रोल पंप मशीनों में डिजिटल डिस्प्ले, ऑटोमैटिक पेमेंट और एडवांस सिस्टम आ चुके हैं, लेकिन फ्यूल नॉजल का यह मैकेनिकल सिस्टम अब भी लगभग उसी सिद्धांत पर काम करता है जो दशकों पहले विकसित किया गया था.
विशेषज्ञों का मानना है कि यह उन इंजीनियरिंग डिजाइनों में से एक है जो बेहद सिंपल होने के बावजूद सबसे ज्यादा प्रभावी साबित हुए हैं. यही वजह है कि हर बार पेट्रोल भरते समय सुनाई देने वाली छोटी क्लिक की आवाज दरअसल एक स्मार्ट और सुरक्षित तकनीक का संकेत होती है.
यह भी पढ़ें: महिलाएं बाइक पर एक तरफ क्यों बैठती हैं? सदियों पुरानी आदत की दिलचस्प है कहानी
