भारतीय इलेक्ट्रिक टू व्हीलर बाजार में सितंबर महीने की शुरुआत के साथ ही एक अहम उलटफेर देखने को मिला है. इस सेक्टर में लंबे समय से मजबूत स्थिति रखने वाली कंपनी ओला इलेक्ट्रिक की बिक्री में गिरावट दर्ज की गई है. नए शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, ओला इलेक्ट्रिक अब टॉप पांच इलेक्ट्रिक टू व्हीलर निर्माताओं की सूची से बाहर हो गई है. ओला की एस1 प्रो जेन3 में IDC रेंज 343 किलोमीटर है और टॉप-स्पीड 130 है उसके बाद भी ऐसी स्थिति बनी है. ग्रीव्स इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ने ओला को पीछे करते हुए इस सूची में पांचवा स्थान हासिल कर लिया है.
सितंबर के शुरुआती आंकड़ों में अहम बदलाव
सितंबर महीने के शुरुआती 9 दिनों के वाहन पोर्टल डेटा से यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि बाजार का रुख बदल रहा है. ग्रीव्स इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, जो अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर एम्पीयर नाम से बेचती है, उसने बिक्री के मामले में काफी अच्छी बढ़त बनाई है. सितंबर के पहले 9 दिनों में ग्रीव्स इलेक्ट्रिक ने कुल 2,645 वाहनों का रजिस्ट्रेशन दर्ज कराया है. इसके साथ ही कंपनी का बाजार में शेयर 4.6 परसेंट पहुंच गया है.
ओला इलेक्ट्रिक की घटी बिक्री
इसके मुकाबले कभी इस सेगमेंट में टॉप पर रहने वाली ओला इलेक्ट्रिक की बिक्री घटी है. ओला इलेक्ट्रिक ने सितंबर के शुरुआती 9 दिनों में केवल 2,607 यूनिट्स की बिक्री की है, जिससे उसका मार्केट शेयर घटकर 4.5 परसेंट रह गया है. अगर अगस्त महीने से तुलना की जाए तो ग्रीव्स इलेक्ट्रिक की बिक्री में पहले 9 दिनों में 66 परसेंट की तेजी देखने को मिली है. अगस्त के शुरुआती 9 दिनों में ग्रीव्स ने 1,597 यूनिट्स बेची थीं, जो अब 2,645 यूनिट्स पर पहुंच गई हैं.
ये भी पढ़ें: इलेक्ट्रिक स्कूटर बाजार में इस कंपनी का बढ़ रहा दबदबा, Ola को पीछे छोड़ टॉप 5 में बनाई जगह
ओला के लिए पहली बार नहीं बनी ऐसी स्थिति
ओला इलेक्ट्रिक के लिए यह पहली बार नहीं है जब उसे इस तरह की चुनौती का सामना करना पड़ा है. भले ही कंपनी ने पिछले दो सालों तक भारतीय इलेक्ट्रिक टू व्हीलर बाजार पर अपना दबदबा बनाए रखा, लेकिन ग्रीव्स इलेक्ट्रिक ने पहले भी इसे कड़ी टक्कर दी है. इससे पहले फरवरी 2026 में भी ग्रीव्स इलेक्ट्रिक ने ओला इलेक्ट्रिक से ज्यादा वाहन बेचकर बढ़त बनाई थी. अब सितंबर में एक बार फिर ग्रीव्स ने ओला को पीछे करते हुए टॉप पांच में अपनी जगह बना ली है.
ये भी पढ़ें: 178km रेंज, दो हेलमेट रखने की जगह, डिस्क ब्रेक भी...डेली यूज के लिए ये फैमिली इलेक्ट्रिक स्कूटर है बेस्ट
अगस्त 2026 में कैसा था ईवी बाजार?
अगर हम अगस्त 2026 के कुल आंकड़ों पर नजर डालें तो देश भर में कुल 1,83,204 इलेक्ट्रिक टू व्हीलर बिके थे. इस महीने टीवीएस ने 48,938 यूनिट्स बेचकर पहला स्थान हासिल किया था. दूसरे स्थान पर बजाज ऑटो रहा, जिसने 41,114 इलेक्ट्रिक वाहन बेचे. एथर एनर्जी 28,757 यूनिट्स के साथ तीसरे स्थान पर और हीरो विडा 19,007 यूनिट्स के साथ चौथे स्थान पर रहा.
अगस्त 2026 में टॉप-5 में थी ओला
अगस्त 2026 में ओला इलेक्ट्रिक 13,852 यूनिट्स की बिक्री के साथ पांचवें स्थान पर आ गई थी. वहीं ग्रीव्स इलेक्ट्रिक ने अगस्त में कुल 8,613 वाहन बेचे थे. लेकिन सितंबर की शुरुआत में ग्रीव्स ने 66 परसेंट की ग्रोथ हासिल कर ओला को पांचवें स्थान से नीचे कर दिया है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या ग्रीव्स पूरे सितंबर महीने में यह स्थिति बनाए रख पाती है या ओला वापसी करती है.
