Nissan Tekton और Renault Duster दोनों ही मिड-साइज SUV सेगमेंट में एक-दूसरे को टक्कर देती हैं. खास बात यह है कि दोनों SUVs एक ही प्लेटफॉर्म पर बनी हैं और इनमें इंजन ऑप्शंस से लेकर कई फीचर्स तक लगभग एक जैसे मिलते हैं. हालांकि, Nissan ने Tekton को अलग पहचान देने के लिए इसके एक्सटीरियर डिजाइन और केबिन में कई बदलाव किए हैं. अगर आप दोनों में से किसी एक SUV को खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो यहां जानिए डिजाइन, फीचर्स, इंजन और कीमत के मामले में दोनों के बीच क्या अंतर है.
डिजाइन में कितना है अंतर?
Nissan Tekton का डिजाइन कंपनी की बड़ी और प्रीमियम Patrol SUV से इंस्पायर्ड है. ऐसे में Tekton सामने से ज्यादा चौकोर और दमदार दिखाई देती है. हालांकि, दोनों SUVs का ओवरऑल साइज और साइड प्रोफाइल काफी हद तक एक जैसा नजर आता है. Tekton के आगे पतली LED हेडलाइट्स दी गई हैं, जिन्हें एक लाइट बार आपस में जोड़ता है. इसमें C-शेप DRLs मिलते हैं. इसके मुकाबले Renault Duster में आइब्रो जैसे डिजाइन वाले DRLs दिए गए हैं.
दोनों SUVs की ग्रिल का डिजाइन भी अलग है. Tekton में ट्रेडिशनल ग्रिल दी गई है, जिसके बीच में Nissan का लोगो मिलता है. इसके बोनट पर बड़े अक्षरों में TEKTON लिखा गया है, जबकि Duster में DUSTER की बैजिंग ग्रिल पर दी गई है. Tekton की ग्रिल में Nissan लोगो के दोनों तरफ लाल रंग की पट्टी भी दी गई है. इसके अलावा दोनों SUVs के फ्रंट बंपर का डिजाइन भी अलग-अलग है. Tekton के बंपर में सिल्वर फिनिश वाले हिस्सों का इस्तेमाल Duster के मुकाबले कम किया गया है.
साइड से काफी एक जैसी हैं दोनों SUVs
साइड प्रोफाइल में दोनों SUVs देखने में काफी एक जैसे हैं. Tekton में 18-इंच के मल्टी-स्पोक अलॉय व्हील्स दिए गए हैं. इसके फ्रंट फेंडर पर वेरिएंट के हिसाब से बैजिंग और C-शेप ग्राफिक्स मिलते हैं. इसके अलावा इसमें सिल्वर फिनिश वाली रूफ रेल्स दी गई हैं. Tekton और Duster दोनों में व्हील आर्च और दरवाजों के नीचे ब्लैक क्लैडिंग मिलती है, जो इन्हें मजबूत SUV वाला लुक देती है. दोनों में आगे की तरफ प्लेन पुल-टाइप डोर हैंडल दिए गए हैं, जबकि पीछे के डोर हैंडल C-पिलर के पास छिपाए गए हैं. दोनों SUVs में शार्क-फिन एंटीना भी मिलता है.
पीछे से आसानी से पहचान सकते हैं अंतर
Tekton और Duster के रियर डिजाइन में सबसे बड़ा अंतर इनके टेललैंप में दिखाई देता है. Renault Duster में ट्रायंगल शेप के टेललैंप मिलते हैं, जबकि Nissan Tekton में C-शेप लाइट सिग्नेचर दिया गया है. Tekton का C-शेप डिजाइन Nissan Patrol से इंस्पायर्ड है. इसी डिजाइन की झलक इसके रियर बंपर पर दिए गए सिल्वर फिनिश वाले हिस्सों में भी देखने को मिलती है. इन बदलावों के कारण पीछे से दोनों SUVs को पहचानना काफी आसान है.
केबिन में किसका अंदाज है ज्यादा प्रीमियम?
Tekton और Duster के केबिन का बेसिक डिजाइन काफी हद तक एक जैसा है, लेकिन दोनों की कलर थीम अलग रखी गई है. Nissan Tekton के टॉप वेरिएंट में रोज गोल्ड और बरगंडी कलर की डुअल-टोन सीट्स मिलती हैं. इसके मुकाबले Renault Duster के केबिन में ब्लैक और ग्रीन कलर थीम दी गई है. Tekton के स्टीयरिंग व्हील, डैशबोर्ड, सेंटर कंसोल और डोर हैंडल के आसपास गोल्ड फिनिश वाले एलिमेंट्स दिए गए हैं. इन बदलावों की वजह से Tekton का केबिन थोड़ा ज्यादा प्रीमियम और अलग नजर आता है.
फीचर्स के मामले में मुकाबला लगभग बराबर
फीचर्स के मामले में Nissan Tekton और Renault Duster के बीच बहुत ज्यादा अंतर नहीं है. दोनों SUVs में 10.1-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और 10.25-इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले मिलता है. इसके अलावा दोनों में पैनोरमिक सनरूफ, वायरलेस फोन चार्जिंग और 6-वे एडजस्ट होने वाली वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स जैसे प्रीमियम फीचर्स दिए गए हैं. सेफ्टी के लिए दोनों SUVs में 6 एयरबैग, Level 2 ADAS, ब्लाइंड-स्पॉट असिस्ट के साथ 360-डिग्री कैमरा, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक और फ्रंट व रियर पार्किंग सेंसर मिलते हैं. Renault Duster की तरह Nissan Tekton को भी Bharat NCAP क्रैश टेस्ट में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है.
इंजन में नहीं है ज्यादा अंतर
इंजन के मामले में भी दोनों SUVs लगभग एक जैसी हैं. Nissan Tekton और Renault Duster में 1.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 100hp की पावर जेनरेट करता है. इसके अलावा ज्यादा पावर चाहने वाले ग्राहकों के लिए 1.3-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन का ऑप्शन मिलता है. यह इंजन 163hp की पावर जेनरेट करता है. दोनों इंजन के साथ 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स का ऑप्शन दिया गया है. ज्यादा पावरफुल 1.3-लीटर इंजन के साथ 7-स्पीड DCT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स भी मिलता है. दोनों SUVs के पेट्रोल इंजन की माइलेज भी लगभग एक जैसी है.
हाइब्रिड इंजन के साथ Duster को मिल सकता है फायदा
इंजन के मामले में फ्यूचर में Renault Duster को एक बड़ा फायदा मिल सकता है. कंपनी Duster में 1.8-लीटर स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड इंजन पेश करने की तैयारी कर रही है. यह पावरट्रेन करीब 160hp की पावर जेनरेट करेगा. Duster के स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड वर्जन को दिवाली के आसपास पेश किए जाने की उम्मीद है. दूसरी तरफ, Nissan Tekton में फिलहाल इस हाइब्रिड पावरट्रेन के आने की कोई उम्मीद नहीं है.
कीमत में कौन है सस्ती?
Nissan Tekton और Renault Duster दोनों की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 10.49 लाख रुपये है. यानी बेस वेरिएंट के मामले में दोनों SUVs की कीमत बराबर है. हालांकि, टॉप मॉडल पर थोड़ा अंतर देखने को मिलता है. Nissan Tekton के टॉप वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 18.59 लाख रुपये है. यह Renault Duster के टॉप मॉडल के मुकाबले 10,000 रुपये कम है.
दोनों में से कौन है बेहतर?
Nissan Tekton और Renault Duster के प्लेटफॉर्म, पेट्रोल इंजन और ज्यादातर फीचर्स लगभग एक जैसे हैं. दोनों के बीच सबसे बड़ा अंतर डिजाइन और केबिन की कलर थीम में देखने को मिलता है. अगर आपको चौकोर, मजबूत और Nissan Patrol से इंस्पायर्ड डिजाइन पसंद है, तो Tekton बेहतर लग सकती है. वहीं, Duster अपने अलग डिजाइन के साथ फ्यूचर में मिलने वाले स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड इंजन के कारण कुछ खरीदारों के लिए ज्यादा बढ़िया ऑप्शन बन सकती है. यानि कि दोनों SUVs में से चुनाव करते समय कीमत से ज्यादा डिजाइन, ब्रांड पसंद और फ्यूचर में हाइब्रिड इंजन की जरूरत अहम भूमिका निभा सकती है.
ये भी पढ़ें: Nissan ने उतारी नई धाकड़ SUV, 5-स्टार सेफ्टी और 163hp की ताकत, फीचर्स ऐसे कि देखते रह जाएंगे
