मारुति सुजुकी का सफरनामा: एक छोटी कार से शुरू हुई कहानी कैसे बनी भारत की सबसे बड़ी मोटर कंपनी?

छोटी Maruti 800 कार से शुरू हुई मारुति की कहानी ने भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग में क्रांति ला दी. जानें कैसे यह कंपनी भारत की सबसे बड़ी कार निर्माता बनी.

एक समय था जब भारत में कार खरीदना हर परिवार के बस की बात नहीं थी. कार के ऑप्शन कम थे, कीमत ज्यादा थी और निजी कार को बड़ी सुविधा माना जाता था. फिर 1983 में एक छोटी-सी कार सड़कों पर उतरी और देखते ही देखते भारतीय परिवारों की सोच बदलने लगी. यह कार थी Maruti 800. इसके साथ आई मारुति उद्योग ने न केवल भारत के कार बाजार को नया शेप दिया, बल्कि आने वाले चार दशक में ऐसा भरोसा बनाया कि देश में कारों की बात हो तो मारुति का नाम सबसे पहले लिया जाने लगा. आज यही कंपनी साल में 24 लाख से ज्यादा वाहन बेच रही है, भारत से करीब साढ़े चार लाख गाड़ियां विदेश भेज रही है और 40 लाख वाहन सालाना उत्पादन क्षमता की ओर बढ़ रही है. 

मारुति की कहानी शुरू कैसे हुई?

कहानी फरवरी 1981 में शुरू हुई, जब भारत सरकार और जापान की सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन (SMC) के बीच साझेदारी से मारुति उद्योग लिमिटेड बनाई गई. इसका मकसद भारत में ऐसी कार तैयार करना था जिसे आम परिवार खरीद सके और जिसका रखरखाव भी आसान हो. Suzuki की तकनीक और भारत में बढ़ती कार की जरूरत ने इस साझेदारी को मजबूत आधार दिया. 

फिर आया 14 दिसंबर 1983. इसी दिन पहली Maruti 800 ग्राहक को सौंपी गई. यही वह कार थी जिसने भारत में निजी कार की कहानी को एक नया मोड़ दिया.

Maruti 800 ने कैसे बदली भारतीय कार की दुनिया?

Maruti 800 का साइज छोटा था, लेकिन इसका असर बहुत बड़ा रहा. इस कार ने पहली बार बड़ी संख्या में इंडियन फैमिली को नई कार खरीदने का मौका दिया.

मारुति ने केवल कार नहीं बेची. कंपनी ने बिक्री, सर्विस और स्पेयर पार्ट्स का ऐसा नेटवर्क तैयार किया जिससे ग्राहकों को कार खरीदने के बाद भी भरोसा मिला. यही वजह रही कि धीरे-धीरे मारुति एक कार कंपनी से आगे बढ़कर एक घरेलू नाम बन गई.

कंपनी की अपनी जानकारी के अनुसार 1983 में पहली कार से शुरुआत करने के बाद 2025 में उसने भारत में 3 करोड़ कुल यात्री वाहन बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया. यह आंकडा 42 साल में हासिल हुआ. 

Maruti 800 के बाद कौन-सी कारों ने बदली कंपनी की किस्मत?

Maruti 800 के बाद कंपनी ने अलग-अलग कस्टमर्स के लिए कई मॉडल उतारे. अल्टो ने एंट्री-लेवल कार बाजार में मजबूत पकड़ बनाई. WagonR ने ज्यादा स्पेस वाली छोटी कार के रूप में जगह बनाई. Swift ने युवा ग्राहकों को आकर्षित किया. Dzire ने कॉम्पैक्ट सेडान बाजार में पहचान बनाई और Ertiga ने परिवारों के लिए MPV-सेगमेंट में कंपनी की पकड़ मजबूत की.

इसके बाद Baleno, Brezza, Fronx और Grand Vitara जैसे मॉडल के साथ कंपनी ने SUV और प्रीमियम कार बाजार में भी अपना दायरा बढ़ाया.

Maruti Suzuki के 5 गेमचेंजर प्रोडक्ट कौन-से रहे?

मॉडलदौरकंपनी के लिए क्या बदला
Maruti 8001983भारत में किफायती निजी कार का नया दौर शुरू किया
Alto2000एंट्री-लेवल कार बाजार में मजबूत पकड़ बनाई
WagonR1999ज्यादा ऊंची बॉडी और बेहतर स्पेस के साथ फैमिली कार की पहचान बनाई
Swift2005मारुति को युवा और प्रीमियम कस्टमर्स वर्ग तक पहुंचाया
Brezza2016SUV सेगमेंट में कंपनी की मजबूत मौजूदगी बनाई

Maruti 800 की पहली ग्राहक डिलीवरी 14 दिसंबर 1983 को हुई थी. कंपनी के 3 करोड़ घरेलू बिक्री माइलस्टोन में Alto 47 लाख से ज्यादा बिक्री के साथ सबसे ज्यादा बिकने वाला मॉडल रहा, जबकि WagonR और Swift भी सबसे ज्यादा बिकने वाले मॉडल में शामिल रहे. 

सुजुकी के साथ मारुति का रिश्ता कितना अहम रहा?

मारुति की सफलता में सुजुकी की भूमिका शुरुआत से ही अहम रही. जापानी कंपनी ने तकनीक और उत्पादन के तरीके में बडी भूमिका निभाई. आज मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड, सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन की सहायक कंपनी है और सुजुकी के पास कंपनी की 56.2 फीसदी इक्विटी हिस्सेदारी है.

यानी शुरुआत भारत सरकार और सुजुकी की साझेदारी से हुई थी, लेकिन समय के साथ कंपनी का मालिकाना ढांचा बदल गया. आज सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन सबसे बड़ा शेयरधारक है.

मारुति इतनी तेजी से बड़ी कैसे हुई?

मारुति की सबसे बड़ी ताकत केवल कम कीमत वाली कार बनाना नहीं रही. कंपनी ने एक पूरा ऑटोमोबाइल सिस्टम खड़ा किया.

  • अलग-अलग कीमत और जरूरत के हिसाब से कारों की रेंज तैयार की.
  • बड़े स्तर पर उत्पादन की क्षमता बनाई.
  • देश भर में बिक्री और सर्विस नेटवर्क बढ़ाया.
  • लोकल सप्लायर नेटवर्क को मजबूत किया.
  • पेट्रोल के साथ CNG जैसे ऑप्शन पर भी ध्यान दिया.
  • समय के साथ SUV और प्रीमियम कारों पर जोर बढ़ाया.
  • भारत को अपने ग्लोबल एक्सपोर्ट बेस के रूप में विकसित किया.

यही प्लान मारुति को केवल छोटी कार बनाने वाली कंपनी से एक बडे पैसेंजर वाहन निर्माता में बदलने में मदद करती रही.

भारत से दुनिया तक कैसे पहुंची मारुति?

मारुति ने भारत से कारों का निर्यात 1986 में शुरू किया था. सितंबर 1987 में 500 कारों की पहली बड़ी ​लॉट हंगरी भेजी गई. इसके बाद कंपनी का ग्लोबल कारोबार लगातार बढता गया. नवंबर 2024 में कंपनी ने भारत से 30 लाख कुल एक्सपोर्ट का आंकड़ा पार किया. 

FY 2025-26 में मारुति ने रिकॉर्ड 4.47 लाख वाहन विदेश भेजे. कंपनी के अनुसार, वह भारत से पैसेंजर वाहनों की सबसे बड़ी निर्यातक कंपनी रही और लगातार पांचवें साल यह स्थान बनाए रखा. 

अब भारत में बनने वाली e-VITARA भी विदेश भेजी जा रही है. इसका मतलब साफ है कि भारत अब केवल मारुति का सबसे बड़ा बाजार नहीं, बल्कि कंपनी के ग्लोबल उत्पादन और निर्यात नेटवर्क का भी अहम हिस्सा है. 

मारुति के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट किस जगह हैं?

मारुति सुजुकी का उत्पादन नेटवर्क अब पहले के मुकाबले काफी बड़ा हो चुका है.

उत्पादन केंद्रराज्यखास बात
गुरुग्राम हरियाणाकंपनी का पहला उत्पादन केंद्र
मनेसर हरियाणाबडे पैमाने पर आधुनिक उत्पादन का अहम केंद्र
खारखोड़ा हरियाणानया उत्पादन केंद्र, क्षमता लगातार बढ रही है
हंसलपुर गुजरातe-VITARA का ग्लोबल उत्पादन केंद्र

FY 2025-26 में कंपनी ने 23.4 लाख से ज्यादा वाहनों का रिकॉर्ड उत्पादन किया. इन चार उत्पादन केंद्रों की कुल एस्टेब्लिश कैपिसिटी 24 लाख वाहन सालाना है. कंपनी ने गुजरात के सानंद में पांचवें उत्पादन केंद्र के लिए खोरज इंडस्ट्रियल इस्टेट में जमीन भी मार्क की है. पूरी तरह चालू होने पर इस प्लांट की कैपिसिटी 10 लाख वाहन सालाना होगी. 

1981 से 2026 तक मारुति का सफर

  • 1981: भारत सरकार और सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन की साझेदारी से मारुति उद्योग लिमिटेड की स्थापना.
  • 1983: पहली Maruti 800 ग्राहक को सौंपी गई.
  • 1986: भारत से वाहनों का एक्सपोर्ट शुरू.
  • 1987: 500 कारों की पहली बड़ी निर्यात खेप हंगरी भेजी गई.
  • 1999: WagonR ने भारतीय बाजार में एंट्री की.
  • 2000: Alto ने एंट्री लेवल बाजार में पकड़ मजबूत की.
  • 2005: Swift ने कंपनी के पोर्टफोलियो को नया रूप दिया.
  • 2016: Vitara Brezza के साथ कॉम्पैक्ट SUV बाजार में मजबूत कदम.
  • 2017: गुजरात के Hansalpur में उत्पादन शुरू.
  • 2019: भारत में 2 करोड़ कुल यात्री वाहन बिक्री का आंकड़ा पार.
  • 2022: कुल उत्पादन 2.5 करोड़ यूनिट से ऊपर पहुंचा.
  • 2024: कुल उत्पादन 3 करोड़ यूनिट पार.
  • 2025: भारत में कुल घरेलू बिक्री 3 करोड़ यूनिट पार और खारखोड़ा में उत्पादन शुरू.
  • 2026: रिकॉर्ड 23.4 लाख उत्पादन और 4.47 लाख एक्सपोर्ट के साथ कंपनी ने नया रिकॉर्ड बनाया.

अब अगला लक्ष्य क्या है?

मारुति की कहानी अभी खत्म नहीं हुई है. कंपनी अब SUV, इलेक्ट्रिक कार, CNG और दूसरे पावरट्रेन के साथ अपना पोर्टफोलियो बढ़ा रही है. FY 2025-26 में कंपनी की कुल बिक्री 24.22 लाख वाहन रही, जो उसका अब तक का सबसे बड़ा सालाना आंकड़ा है. इसी साल एक्सपोर्ट भी रिकॉर्ड 4.47 लाख वाहन रहा.

कंपनी अब अपनी उत्पादन कैपिसिटी को करीब 40 लाख वाहन सालाना तक ले जाने का टारगेट रख रही है. इसके लिए नए प्लांट और मौजूदा प्लांट की बढ़ाने पर काम हो रहा है.

1983 में एक Maruti 800 से शुरू हुई कहानी आज 3 करोड़ से ज्यादा भारतीय ग्राहकों तक पहुंच चुकी है. कभी जिस कंपनी का सबसे बडा सवाल था कि भारत में आम परिवार को कार कैसे दी जाए, वही कंपनी आज भारत में बने वाहनों को दुनिया के कई बाजारों तक पहुंचा रही है. यही मारुति सुजुकी के सफर की सबसे खास बात है कि इसने सिर्फ कारें नहीं बेचीं, बल्कि भारत में निजी कार को आम परिवार की जरूरत और सपने का हिस्सा बनाने में बडी भूमिका निभाई.

नोट: ये लेख प्रभात खबर की 'सफरनामा सीरीज' का हिस्सा है. जिसके तहत हम देश के अलग-अलग कंपनियों की डीप एनालिसिस करेंगे और ये जानने की कोशिश करेंगे कि कैसे कंपनियों ने अपने मुकाम को हासिल किया और क्या रही उनके सफलता की कहानी. इस सीरीज के अगले कड़ी यानी 5 सितंबर को हम 'टाटा मोटर्स' के बारे में जानेंगे. साथ ही कंपनी के कुछ अनछुए पहलुओं से भी रूबरू होंगे, तो जुड़े रहिए हमारे साथ.

ये भी पढ़ें: बस सर्विस से शुरू हुई कहानी, मद्रास की TVS कैसे बनी दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी टू-व्हीलर कंपनी?

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शिवांश शेखर

शॉर्ट बायो 

शिवांश शेखर ऑटोमोबाइल और खेल स्पेशलिस्ट हैं. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर के तौर पर कार्यरत हैं. ऑटो सेक्शन में कार/बाइक लॉन्च, फीचर्स, खासियत, टिप्स, कंपेरिजन और सपेक्स से संबंधित खबरें कवर करते हैं.

विस्तृत बायो 

शिवांश शेखर ऑटोमोबाइल और खेल स्पेशलिस्ट पत्रकार हैं, जो पिछले 3 वर्षों से डिजिटल मीडिया में ऑटो और खेल जगत से जुड़ी खबरों के बारे में लगातार लिखते हैं. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर के रूप में काम कर रहे हैं. ऑटो सेक्शन में उनकी रूचि कार/बाइक लॉन्च, फीचर्स, स्पेसिफिकेशन, टिप्स, ट्रिक्स और कंपेरिजन से जुड़े विषयों में है. इसके अलावा फ्लेक्स फ्यूल टेक्नोलॉजी और ऑटो इंडस्ट्रीज के बदलते ट्रेंड्स पर लगातार लिखते हैं. 

उनका प्रयास रहता है कि पाठकों को सिर्फ लॉन्च, कीमत और फीचर्स के बारे में ही न बताया जाए, बल्कि यह भी जानकारी दी जाए कि वह तकनीक आम लोगों के लिए कितने काम का है, उसे इस्तेमाल करने का अनुभव कैसा रहेगा और उसे खरीदना सही रहेगा या नहीं.

पढ़ाई  

बिहार राज्य के जहानाबाद जिले में जन्में शिवांश शेखर की शुरुआती शिक्षा (BSEB) से पूरी हुई. इसके बाद उन्होंने साल 2023 में चौधरी चरण सिंह यूनीवर्सिटी, मेरठ (CCSU) के अंतर्गत आने वाली इंसटीच्युट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज, नोएडा (IMS) से जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की डिग्री प्राप्त की. पढ़ाई के दौरान ही शिवांश की रुचि खेल और ऑटो के विषयों पर लिखने में बढ़ने लगी. इसी दौरान उन्होंने खेल और ऑटोमोबाइल से जुड़ी खबरों पर काम करना शुरू किया और आगे चलकर इन्हीं विषयों को अपने काम का हिस्सा बना लिया. 

काम का सफर 

पत्रकारिता का ककहरा सीखने के बाद शिवांश का सफर एपीएन न्यूज से शुरू हुआ था. उन्होंने पत्रकारिता का समूह जागरण न्यू मीडिया में बतौर सब एडिटर खेल और अन्य खबरों की तकनीकी समझ विकसित की. जेएनएम में करीब डेढ़ साल खेल और अन्य विषयों पर काम करने के बाद उन्होंने एसियानेट न्यूज की तरफ रुख अपनाया. वहां, करीब डेढ़ साल तक ऑटोमोबाइल और स्पोर्ट्स सेक्शन में काम किया और फिर प्रभात खबर का रुख किया, जहां ऑटो बीट पर काम कर रहे हैं. ट्रेंड्स को लगातार फॉलो करते हैं.

विजन 

शिवांश का मानना है कि ऑटोमोबाइल से जुड़ी खबरें केवल नई गाड़ियों के बारे में जानकारी नहीं देती, बल्कि लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी, खरीदारों के फैसलों और डिजिटल एक्सपिरियंस पर भी असर डालती हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >