अगर आप अपनी कार को हफ्तों तक एक ही जगह खड़ी छोड़ देते हैं, तो थोड़ा अलर्ट हो जाइए. यह जितना आसान लगता है, असल में उतना ही नुकसानदायक हो सकता है. चाहे आप काम के सिलसिले में बाहर गए हों, लंबी छुट्टी पर हों या दूसरी गाड़ी यूज कर रहे हों, खड़ी कार धीरे-धीरे कई तकनीकी दिक्कतें पैदा करने लगती है. बाद में इनका खर्च आपको काफी भारी पड़ सकता है. अच्छी बात यह है कि ज्यादातर समस्याओं को आसानी से रोका जा सकता है, अगर थोड़ी सी सावधानी बरती जाए. आइए इस चीज को थोड़ा डिटेल में जानते हैं.
हफ्तों तक कार खड़ी रहने पर क्या होता है?
- बैटरी धीरे-धीरे डिस्चार्ज होने लगती है क्योंकि उसे चार्ज बनाए रखने के लिए इंजन का चलना जरूरी होता है.
- टायर एक ही जगह वजन झेलते-झेलते थोड़े फ्लैट स्पॉट्स पकड़ लेते हैं. इससे आगे चलाकर आपको ऊंचा-नीचा फील हो सकता है.
- ब्रेक डिस्क और ड्रम पर हल्की जंग जम सकती है, जिससे पहली ड्राइव में घिसने या जाम जैसा फील आ सकता है.
- इंजन ऑयल भी नीचे बैठ जाता है और इंजन के अंदर की पार्ट्स को मिलने वाली प्रोटेक्शन थोड़ी कम हो जाती है.
- टैंक में रखा फ्यूल भी समय के साथ खराब होने लगता है, खासकर एथेनॉल मिला पेट्रोल. यह धीरे-धीरे नमी सोख लेता है.
यह भी पढ़ें: कार के डोर हैंडल पर दिखने वाला ये छोटा सा ब्लैक डॉट क्या करता है? ज्यादातर ड्राइवर नहीं जानते
लंबे समय तक पार्किंग में खड़ी कार को सेफ कैसे रखें?
कार को रेगुलर स्टार्ट करें
अगर आप अपनी कार को लंबे समय तक बढ़िया हालत में रखना चाहते हैं, तो उसे रेगुलर स्टार्ट करना बहुत जरूरी है. कोशिश करें कि हफ्ते में कम से कम 15-20 मिनट तक कार जरूर चलाएं. इससे बैटरी चार्ज रहती है, इंजन ऑयल अच्छे से पूरे सिस्टम में घूमता है और एसी सिस्टम भी जाम नहीं होता.
फ्यूल टैंक हमेशा फुल रखें
अपनी गाड़ी का फ्यूल टैंक हमेशा फुल रखने की कोशिश करें. जब टैंक पूरा भरा होता है, तो उसके अंदर नमी वाली हवा के लिए जगह कम रह जाती है. इससे फ्यूल में पानी मिलकर खराब होने का खतरा कम हो जाता है और टैंक के अंदर जंग लगने के चांस भी काफी कम हो जाते हैं.
टायर्स में थोड़ा ज्यादा हवा भर दें
कार को लंबे समय तक पार्क करने से पहले एक बार टायर प्रेशर जरूर चेक कर लें. टायर्स को थोड़ा ऊंचे प्रेशर तक (बताई गई रेंज के ऊपरी लेवल तक) इनफ्लेट कर दें. इससे टायर पर फ्लैट-स्पॉट बनने का खतरा कम हो जाता है. अगर मुमकिन हो तो हर कुछ दिनों में कार को थोड़ा आगे-पीछे कर दें, ताकि टायर का एक ही हिस्सा लगातार जमीन पर दबा न रहे.
बैटरी को डिस्कनेक्ट कर दें
कार की बैटरी पर खास ध्यान दें. सबसे अच्छा तरीका है कि बैटरी को डिस्कनेक्ट कर दें. इससे कार के स्टैंडबाय सिस्टम बैटरी को धीरे-धीरे खत्म नहीं करेंगे. या फिर आप चाहें तो ट्रिकल चार्जर का यूज कर सकते हैं. ये लंबे समय तक गाड़ी खड़ी रहने पर भी बैटरी को सही लेवल पर चार्ज रखता है, बिना उसे ओवरचार्ज किए.
ढकी हुई जगह पर पार्क करें
अपनी गाड़ी को हमेशा किसी ढके हुए और सूखे जगह पर पार्क करें. तेज धूप से कार का पेंट फीका पड़ सकता है. रबर की सील्स भी जल्दी खराब हो सकती है. वहीं बारिश और ज्यादा नमी से गाड़ी के नीचे जंग लगने का खतरा बढ़ जाता है. अगर आप उसे गैराज या कवर पार्किंग में रखते हैं, तो उसकी बॉडी और पार्ट्स दोनों लंबे समय तक अच्छी हालत में रहेंगे.
यह भी पढ़ें: कहीं आपकी गाड़ी में तो नहीं ये 5 गैरकानूनी मॉडिफिकेशन? अभी जान लें वरना बाद में पड़ेगा पछताना
