हीरो मोटोकॉर्प ने अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर Vida VX2 का नया VX2 GO FB मॉडल लॉन्च किया है. इसकी एक्स-शोरूम कीमत 1.13 लाख रुपये (दिल्ली) रखी गई है. इस नए मॉडल में 3.1kWh की फिक्स्ड बैटरी दी गई है. यानी अब बैटरी निकालकर चार्ज करने की जरूरत नहीं होगी. अगर आपके घर या ऑफिस में पार्किंग के पास बिजली का सॉकेट है, तो आप स्कूटर को सीधे वहीं प्लग लगाकर आसानी से चार्ज कर सकते हैं.
यह नया मॉडल उन लोगों के लिए है, जो बैटरी निकालने के झंझट से बचना चाहते हैं. वहीं, कंपनी ने रिमूवेबल बैटरी वाला ऑप्शन भी पहले की तरह रखा है.
Vida VX2 Go FB: बैटरी और रेंज
Vida VX2 Go FB एक बार फुल चार्ज होने पर IDC के मुताबिक 128 km तक की रेंज देने का दावा करती है. इसमें 6kW का स्विंगआर्म-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर दिया गया है. इसकी मदद से यह स्कूटर 70 km/h की टॉप स्पीड पकड़ सकता है. वहीं, इसका 3.1kWh बैटरी पैक फास्ट चार्जिंग को भी सपोर्ट करता है. कंपनी का दावा है कि यह सिर्फ 65 मिनट में 0 से 80% तक चार्ज हो जाता है.
Vida VX2 Go FB: फीचर्स
फीचर्स की बात करें तो स्कूटर में 4.3 इंच का LCD इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है. इसे आप स्मार्टफोन से कनेक्ट कर सकते हैं. इसके साथ टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन की सुविधा भी दी गई है, जिससे रास्ता ढूंढ़ना आसान हो जाता है. वहीं, सामान रखने के लिए सीट के नीचे 27.2 लीटर का स्टोरेज मिल जाता है.
Hero Vida VX2 के सभी वेरिएंट्स
अब फिक्स्ड बैटरी वाले इस नए वेरिएंट के आने के बाद VX2 कुल 5 वेरिएंट और 4 अलग-अलग बैटरी पैक ऑप्शन के साथ उपलब्ध हो गई है. इसमें सबसे छोटा 2.2kWh बैटरी पैक मिलता है, जो एक बार फुल चार्ज होने पर IDC के मुताबिक 93 km तक की रेंज देता है. वहीं, सबसे बड़ा 4.4kWh बैटरी पैक सिंगल चार्ज पर 187 km तक चलने का दावा करता है.
| वेरिएंट | बैटरी पैक | IDC रेंज |
| Vida VX2 Go | 2.2kWh | 93 km |
| Vida VX2 Go FB | 3.1kWh (फिक्स्ड बैटरी) | 128 km |
| Vida VX2 Go | 3.4kWh | 146 km |
| Vida VX2 Plus | 3.4kWh | 146 km |
| Vida VX2 Plus | 4.4kWh | 187 km |
ये भी पढ़ें: 125 km की रेंज, 22 लीटर का स्टोरेज स्पेस... डेली यूज के लिए परफेक्ट है ये फैमिली इलेक्ट्रिक स्कूटर
