सुप्पी : प्रखंड के अख्ता उत्तरी पंचायत के मुखिया महंत बृज कुमार दास के पुत्र सतीश कुमार झा पर दर्ज झूठा मुकदमा वापस करने की मांग को लेकर शुक्रवार को मुखिया समर्थक ग्रामीणों ने जम कर बवाल काटा. ग्रामीणों ने अख्ता-ससौला मुख्य पथ को जाम कर आवागमन ठप कर दिया.
सूचना पर पहुंचे सहायक थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा. ग्रामीणों ने उन्हें बंधक बना कर विरोध में नारेबाजी शुरू कर दिया. बाद में थानाध्यक्ष को मुक्त कराने पहुंचे रीगा पुलिस अंचल के इंस्पेक्टर योगेंद्र प्रसाद के अलावा बैरगनिया थानाध्यक्ष संजीव कुमार, सहायक थाना के सअनि राजेंद्र राम को भी एक कमरे में बंद कर दिया गया. इंस्पेक्टर व दो थानाध्यक्ष को ग्रामीणों द्वारा बंधक बना लिये जाने की खबर मुख्यालय में पहुंची.
एसपी हरि प्रसाथ एस के निर्देश पर रीगा थानाध्यक्ष नफीस अहमद, मेजरगंज थानाध्यक्ष रामनंदन प्रसाद भारी संख्या में पुलिस बल के साथ पहुंच कर ग्रामीणों को समझाने बुझाने का प्रयास किया. एसपी से वार्ता पर ग्रामीण राजी हुए, जिसके बाद इंस्पेक्टर योगेंद्र प्रसाद ने ग्रामीणों को एसपी से मोबाइल पर वार्ता कराया.
मुखिया महंत वृज कुमार दास ने कहा कि एसपी ने 24 घंटा के अंदर मामले की जांच कर कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है. इसके बाद ग्रामीणों ने करीब छह घंटे बाद बंधक बनें पुलिस अधिकारियों को मुक्त कर दिया. मालूम हो कि दो पक्षों के बीच भूमि विवाद में मुखिया के पुत्र समेत तीन लोग जख्मी हो गये थे. दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया गया है.
