IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच आज से मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम में इकलौता टेस्ट मैच शुरू हो चुका है। करीब 8 महीने के लंबे इंतजार के बाद भारतीय टीम टेस्ट फॉर्मेट में वापसी कर रही है. मैच की शुरुआत में टॉस की बाजी भारत के पक्ष में रही और कप्तान ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. इस मुकाबले में युवा खिलाड़ी मानव सुथार को टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने का मौका मिला है. आइए, एक नज़र डालते हैं दोनों टीमों की प्लेइंग-11 पर.
टी-ब्रेक तक भारत 209/2, सुदर्शन 81 पर आउट
मुल्लांपुर में अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के पहले दिन, टॉस जीतकर बैटिंग करते हुए भारत ने चायकाल तक पहली पारी में 2 विकेट पर 209 रन बना लिए हैं. फिलहाल कप्तान शुभमन गिल और केएल राहुल क्रीज पर हैं. इससे पहले सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन 81 रन की शानदार पारी खेलकर आउट हुए. अफगानिस्तान के गेंदबाज मोहम्मद सलीम ने उन्हें अफसर जजई के हाथों कैच कराकर शतकीय साझेदारी को तोड़ा. मैच में भारत को लगे दोनों झटके सलीम ने ही दिए हैं. उन्होंने इससे पहले यशस्वी जायसवाल (24 रन) को भी पवेलियन भेजा था.
राहुल और सुदर्शन क्रीज पर जमे
पहले सत्र का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 1 विकेट खोकर 96 रन बना लिए हैं. सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल 24 रन बनाकर ड्रिंक्स ब्रेक से ठीक पहले पवेलियन लौट गए. उनके आउट होने के बाद केएल राहुल (37*) और साई सुदर्शन (32*) ने मोर्चा संभाला. दोनों बल्लेबाजों ने संभलकर खेलते हुए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली है और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है.
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, वॉशिंगटन सुंदर, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा.
अफगानिस्तान- सेदीकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), अब्दुल मलिक, रहमत शाह, हश्मतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अफसर जजई, अजमतुल्लाह उमरजई, शराफुद्दीन अशरफ, नांगेयालिया खारोटे, जियाउर रहमत शरीफी और मोहम्मद सलीम शमी.
कप्तान शुभमन गिल ने बताया पहले बैटिंग का कारण
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने के फैसले की वजह साफ कर दी है। टॉस के वक्त गिल ने मुल्लांपुर के मौसम और पिच का मिजाज भांपते हुए कहा, “यहाँ का मौसम काफी गर्म और उमस भरा है। गर्मी के कारण पिच अभी थोड़ी सूखी नजर आ रही है, जिसके चलते समय बीतने के साथ यह विकेट और भी धीमा होता जाएगा।” गिल का यह फैसला साफ तौर पर चौथी पारी में बल्लेबाजी की चुनौती से बचने और पहली पारी में बड़ा स्कोर खड़ा करने की रणनीति को दर्शाता है।
शाहिदी बोले- हम भी पहले बैटिंग करते
टॉस हारने के बाद अफगानिस्तान के कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी ने कहा कि अगर वह टॉस जीतते, तो पहले बल्लेबाजी ही चुनते क्योंकि पिच काफी अच्छी दिख रही है। शाहिदी ने टेस्ट क्रिकेट खेलने के कम मौकों पर बात करते हुए कहा, “हमें इस फॉर्मेट में ज्यादा अवसर नहीं मिलते, लेकिन हमारी टीम इस बड़ी चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार है। हम चुनौतियों का सामना करना पसंद करते हैं।” अपनी टीम के कॉम्बिनेशन पर बात करते हुए उन्होंने साफ किया कि वे 3 तेज गेंदबाजों और 2 स्पिनर्स के साथ मैदान पर उतरे हैं। साथ ही, अफगानिस्तान के लिए इस मैच में युवा खिलाड़ी नांगियाल खारोटे अपना टेस्ट डेब्यू कर रहे हैं.
WTC का हिस्सा नहीं, फिर भी क्यों अहम है यह मैच
भारत और अफगानिस्तान के बीच का यह मुकाबला वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का हिस्सा नहीं है. यानी इस मैच को जीतने या हारने से टीम इंडिया को पॉइंट्स टेबल पर कोई अंक नहीं मिलेगा. इसके बावजूद, आगामी बड़े टेस्ट सीजन की तैयारियों के लिहाज से यह मुकाबला बेहद अहम है. 8 महीने बाद टेस्ट फॉर्मेट में लौट रही भारतीय टीम के पास अपनी कमियों को सुधारने, खिलाड़ियों को लय में वापस लाने और एक परफेक्ट टीम कॉम्बिनेशन तैयार करने का यह सबसे शानदार मौका है. दोनों ही टीमें इस मुकाबले में अपनी प्लेइंग-11 के साथ एक मजबूत शुरुआत की उम्मीद में मैदान पर हैं.
यह भी पढ़े- महाराजा T20 ट्रॉफी ऑक्शन में बड़ा उलटफेर, टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल रहे अनसोल्ड
