IND W vs NED W: महिला टी20 वर्ल्ड कप का 10वां मुकाबला भारत और नीदरलैंड्स के बीच खेला जा रहा है. लीड्स में खेले जा रहे मुकाबले में भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 209 रन बनाए. नीदरलैंड्स को जीत हासिल करने के लिए 210 रन बनाने होंगे.
स्मृति-शेफाली की अर्धशतकीय पारी
नीदरलैंड्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. भारत के लिए शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने पहले विकेट के लिए 70 गेंदों में 115 रन की साझेदारी की. शेफाली 38 गेंदों में 55 रन बनाकर आउट हुईं. उनकी इस पारी में 10 चौके शामिल रहे. इसके बाद मंधाना ने जेमिमा रोड्रिग्स के साथ मोर्चा संभाला. दोनों खिलाड़ियों ने दूसरे विकेट के लिए 26 गेंदों में 47 रन की साझेदारी की. भारत को 16वें ओवर की अंतिम गेंद पर स्मृति मंधाना के रूप में दूसरा झटका लगा. मंधाना 47 गेंदों में 1 छक्के और 11 चौकों के साथ 74 रन बनाकर आउट हुईं.
भारत ने बनाए 209 रन
मंधाना के आउट होने के बाद जेमिमा भी पवेलियन लौट गई. जेमिमा 19 और यास्तिका 3 रन बनाकर आउट हो गई. अंत में भारत के लिए ऋचा घोष ने नाबाद 20, हरमनप्रीत कौर 12 और दीप्ति शर्मा ने नाबाद 10 रन बनाकर टीम को 200 के पार पहुंचाया. भारत की टीम 5 विकेट में 209 रन बनाने में सफल रही. नीदरलैंड की तरफ से कैरोलिन डी लैंग ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए, जबकि आइरिस ज्विलिंग, हीथर सीगर्स और मर्थे वैन डेन राड ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
ऐसी है दोनों टीमों की प्लेइंग-11
नीदरलैंड्स: हेदर सिएजर्स, फ़ीबि मोल्केनबोर, बैबेट डलीडे (कप्तान और विकेटकीपर), स्टेर कैलिस, रॉबिन रिज़्के, फ़्रेड्रिक ओवरडिज़्क, आयरिश ज़्विलिंग, मायर्थ वैन डर राड, सिल्वर सिएजर्स, कारोलेन डी लैंगे, इसाबेल वोनिंग
भारत: शेफ़ाली वर्मा, स्मृति मांधना, यास्तिका भाटिया, जेमिमा रॉड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष, दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा.
दोनों टीमों के कप्तानों ने क्या कहा?
डलीडे ने भारत के खिलाफ खेलने को अपनी टीम के लिए खास मौका बताते हुए कहा कि भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ खेलना किसी सपने के सच होने जैसा है. स्वाभाविक रूप से थोड़ी घबराहट भी है, लेकिन खिलाड़ी इस चुनौती के लिए उत्साहित हैं.
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि पहले बल्लेबाज़ी करने का मौका मिलने से टीम को खुद को परखने का अवसर मिलेगा. उन्होंने कहा कि पहले बल्लेबाज़ी करना हमारे लिए अच्छी चुनौती है. हम कोशिश करेंगे कि अधिक से अधिक बल्लेबाज़ी करें और बड़ा स्कोर खड़ा करें.
यह भी पढ़ें: ईशान-गिल ने अफगानिस्तान के खिलाफ मचाया कोहराम, एक ही मैच में टूटे कई रिकॉर्ड
