Ather Energy के CEO Tarun Mehta ने सोशल मीडिया पर एक जानकारी शेयर की है. उन्होंने बताया कि कंपनी ने अपना ‘Voice on Ather’ फीचर अब पूरी तरह से सभी Gen 3 और उससे ऊपर वाले ग्राहकों के लिए रोलआउट कर दिया है. इस फीचर को सबसे पहले Ather Community Day 2025 में AtherStack 7 अपडेट के हिस्से के तौर पर पेश किया गया था. इसकी खास बात ये है कि अब राइडर अपनी Ather स्कूटर से बिल्कुल आसान और नेचुरल भाषा में बात कर सकता है. हां हां बिलकुल वैसे ही जैसे आप Google Assistant या Apple Siri से करते हैं.
Voice on Ather: यह क्या-क्या कर सकता है?
Ather का ‘Voice on Ather’ फीचर एक लार्ज लैंग्वेज मॉडल (LLM) पर बेस्ड है. इसे खास तौर पर भारतीय लहजे और अलग-अलग बोलियों को समझने के लिए तैयार किया गया है. इसकी सबसे खास बात यह है कि अब राइडर को कोई तय शब्द बोलने की जरूरत नहीं है. वे बिल्कुल आम बातचीत की तरह कमांड दे सकते हैं.
यह भी पढ़ें: सिर्फ बैटरी बदलिए और निकल पड़िए, ये हैं भारत की 5 सबसे शानदार स्वैपेबल बैटरी इलेक्ट्रिक स्कूटर
यह फीचर चार मुख्य कामों में मदद करता है: नेविगेशन, व्हीकल सेटिंग्स, कॉल और नोटिफिकेशन, और म्यूजिक/मीडिया कंट्रोल. मतलब आप ऐसे सवाल भी पूछ सकते हैं जैसे ‘सबसे नजदीकी चार्जर कितनी दूर है?’ या ‘ऑफिस पहुंचने में कितना समय लगेगा?’ और बाइक की सेटिंग्स भी आसानी से बदल सकते हैं, जैसे ‘ट्रैक्शन कंट्रोल को रेन मोड में कर दो’ या ‘स्क्रीन की ब्राइटनेस बढ़ा दो.’
थर्ड-पार्टी इंटरकॉम से भी मिलेंगे सारे फीचर्स
यह सिस्टम सिर्फ Ather Halo स्मार्ट हेलमेट के साथ ही नहीं, बल्कि किसी भी स्टैंडर्ड Bluetooth हेडसेट के साथ भी काम करता है. यानी अगर आपके पास Sena या Cardo जैसे थर्ड-पार्टी इंटरकॉम डिवाइस हैं, तब भी आप इन्हें आसानी से यूज कर सकते हैं और वही सभी फीचर्स का मजा ले सकते हैं.
किन Ather स्कूटर्स को मिलेगा Voice On फीचर?
Ather ने अपना Voice On फीचर खास कुछ चुनिंदा स्कूटर्स के लिए जारी किया है. यह फीचर 450X, 450 Apex और Rizta Z जैसे मॉडल्स में मिलता है. लेकिन ध्यान रहे ये सिर्फ Gen 3 हार्डवेयर या उससे नए वर्जन पर ही काम करेगा. वहीं 450S और Rizta S यूजर्स को यह फीचर नहीं मिलेगा. अच्छी बात ये है कि कई यूजर्स को यह फीचर पहले से ही OTA अपडेट के जरिए मिलना शुरू हो गया है.
यह भी पढ़ें: इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदते समय सिर्फ फीचर्स पर मत जाएं, ये 5 छिपी हुई सच्चाइयां पहले जरूर जान लें
