Trump Zelensky Netanyahu Meeting : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मंगलवार को व्हाइट हाउस में इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात करेंगे. न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट में बताया गया कि इस बैठक का मुख्य फोकस ईरान से जुड़े हालात, लेबनान के साथ चल रही बातचीत और अब्राहम समझौते (Abraham Accords) को आगे बढ़ाने पर रहेगा. वॉशिंगटन रवाना होने से पहले नेतन्याहू ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता ईरान से जुड़े सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा करना है. उन्होंने कहा कि इजरायल की सुरक्षा मजबूत करना और क्षेत्र में शांति का दायरा बढ़ाना उनकी इस यात्रा का सबसे बड़ा उद्देश्य है. यह ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में दोनों नेताओं की आठवीं आमने-सामने की मुलाकात होगी.
जेलेंस्की से यूक्रेन युद्ध और शांति पर होगी बात
ट्रंप की दूसरी अहम बैठक यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के साथ होगी. व्हाइट हाउस के अधिकारियों के मुताबिक, इस बातचीत का केंद्र रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने की कोशिशें होंगी. ट्रंप का मानना है कि अब इस युद्ध को समाप्त करने का समय आ गया है. इससे पहले जेलेंस्की ने आरोप लगाया था कि रूस, ईरान को अमेरिकी सैन्य ठिकानों की खुफिया जानकारी दे रहा है. हालांकि ट्रंप ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि अगर ऐसा कुछ हुआ भी है तो उसका कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है. उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी बात करेंगे.
रूस, ईरान और उत्तर कोरिया पर भी नजर
जेलेंस्की ने हाल ही में दावा किया था कि रूस, ईरान की मदद कर रहा है और उत्तर कोरिया के करीब 30 हजार सैनिकों को अपने समर्थन के लिए तैयार कर रहा है. दूसरी ओर ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने ईरान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है और मौजूदा हालात में ईरान कमजोर स्थिति में है. उन्होंने कहा कि अगर रूस की ओर से किसी तरह की मदद की खबर सही है तो इसकी जानकारी सीधे पुतिन से ली जाएगी.
लिंडसे ग्राहम के अंतिम संस्कार में भी होंगे शामिल
एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, व्हाइट हाउस में बैठकों के बाद ट्रंप, जेलेंस्की और नेतन्याहू अमेरिका के दिवंगत सीनेटर लिंडसे ग्राहम के अंतिम संस्कार में भी शामिल हो सकते हैं. ऐसे समय में जब यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया का तनाव दुनिया की सबसे बड़ी चुनौतियों में शामिल है, इन बैठकों पर पूरी दुनिया की नजर रहेगी. अमेरिका की आगे की रणनीति और दोनों मोर्चों पर उसकी भूमिका को लेकर भी इन मुलाकातों को काफी अहम माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें : ईरान से बातचीत पर डोनाल्ड ट्रंप का बयान: फेल हुई वार्ता तो फिर होगा एक्शन
