US Iran Talks : अमेरिका के दो अधिकारियों और एक अन्य सूत्र के मुताबिक, दोनों पक्ष फिर से आमने-सामने बैठकर बातचीत करने पर विचार कर रहे हैं. कोशिश है कि अगले हफ्ते सीजफायर खत्म होने से पहले कोई समझौता हो जाए, ताकि करीब छह हफ्तों से चल रही लड़ाई को खत्म किया जा सके और हालात सामान्य हो सकें.
अधिकारियों के मुताबिक, नए दौर की बातचीत को लेकर अभी भी चर्चा जारी है. मध्यस्थता कर रहे एक देश के राजनयिक ने बताया कि ईरान और अमेरिका फिर से वार्ता करने पर सहमत हो गए हैं. हालांकि, चारों अधिकारियों ने यह जानकारी नाम गोपनीय रखने की शर्त पर दी है, जिससे साफ है कि मामला अभी संवेदनशील है. सब कुछ खुलकर सामने नहीं आया है. राजनयिक और अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि बातचीत में शामिल होने वाले डेलिगेशन में समान स्तर के नेता रहेंगे या नहीं.
क्या इस बार भी पाकिस्तान में होगी बातचीत?
राजनयिकों और अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, बातचीत के लिए फिर से पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पर विचार हो रहा है, जबकि जिनेवा भी एक ऑप्शन के तौर पर सामने है. उन्होंने कहा कि जगह और समय अभी फाइनल नहीं हुआ है, लेकिन संभावना है कि वार्ता गुरुवार (16 अप्रैल) को हो सकती है. फिलहाल दोनों पक्ष इसे लेकर अंतिम फैसला करने में जुटे हैं.
यह भी पढ़ें : Iran US Tension : अमेरिका ने कहा- गेंद अब ईरान के पाले में
ईरान समझौते पर काम करना चाहता है : ट्रंप
इस मामले में रिएक्शन के लिए ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) को भेजे गए मैसेज का अभी कोई जवाब नहीं मिला है. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार (13 अप्रैल) को मीडिया से बात करते हुए कहा था कि दूसरे पक्ष ने हमसे संपर्क किया है और वे समझौते पर काम करना चाहते हैं.
