चीन ने अरुणाचल प्रदेश पर फिर उगला जहर: भारत ने कहा- कल भी हमारा था, आज भी हमारा है

India vs China: चीन ने अरुणाचल प्रदेश को लेकर एक बार फिर से भारत विरोधी बयान दिया है. उसने जहर उगलते हुए अरुणाचल का नया नाम दिया और चीन का क्षेत्र बता दिया. हालांकि भारत ने चीन के इस दावे को खारिज कर दिया है.

India vs China: चीन ने अरुणाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के लिए नए नाम देने के अपने कदम का बचाव किया. कहा- भारत के साथ संबंधों को बेहतर बनाने की उसकी नीति में कोई बदलाव नहीं हुआ है.

अरुणाचल प्रदेश के नये नाम और दावे पर भारत ने क्या दिया जवाब?

भारत ने अरुणाचल प्रदेश के काल्पनिक नाम देने के चीनी प्रयासों को सिरे से खारिज कर दिया है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा – इस तरह के बेबुनियाद विमर्श गढ़ने की कोशिशें वास्तविकता को नहीं बदल सकतीं. भारत ने चीन को चेतावनी देते हुए कहा- ऐसी हरकत द्विपक्षीय संबंधों को सामान्य बनाने के प्रयासों को पटरी से उतार सकती हैं. भारत ने अरुणाचल प्रदेश को अपना संप्रभु क्षेत्र बताया.

चीन ने कहा- अरुणाचल प्रदेश को मान्यता नहीं देते

भारत की चेतावनी पर चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा- जांगनान चीन का क्षेत्र है, और चीन ने कभी भी तथाकथित अरुणाचल प्रदेश को मान्यता नहीं दी है. जांगनान अरुणाचल प्रदेश का चीनी नाम है. चीन अरुणाचल प्रदेश को दक्षिणी तिब्बत का हिस्सा होने का दावा करता है.

चीन-भारत संबंधों में कोई बदलाव नहीं : गुओ

गुओ जियाकुन ने कहा कि चीन-भारत संबंधों को बेहतर बनाने और विकसित करने के लिए चीन की नीति में कोई बदलाव नहीं हुआ है. हम आशा करते हैं कि दोनों पक्ष एक ही दिशा में काम करेंगे और द्विपक्षीय संबंधों के लिए अधिक अनुकूल कदम उठाएंगे.

चीन ने 26 मार्च को सेनलिंग काउंटी के गठन की घोषणा की

चीन के शिनजियांग उइगुर स्वायत्त क्षेत्र ने 26 मार्च को सेनलिंग काउंटी के गठन की घोषणा की, जो पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) और अफगानिस्तान के निकट स्थित एक रणनीतिक क्षेत्र है। यह भारत से लगी वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के पश्चिमी क्षेत्र के भी करीब है. काराकोरम पर्वत श्रृंखला के निकट स्थित सेनलिंग, मुख्य रूप से मुस्लिम उइगुर बहुल क्षेत्र शिनजियांग में चीन द्वारा स्थापित तीसरा नया काउंटी है.

ये भी पढ़ें: ईरान ने 5 अरब देशों से मांगा हर्जाना, इजराइल-अमेरिकी हमले के लिए ठहराया जिम्मेदार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ArbindKumar Mishra

मुख्यधारा की पत्रकारिता में 14 वर्षों से ज्यादा का अनुभव. खेल जगत में मेरी रुचि है. वैसे, मैं राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खबरों पर काम करता हूं. झारखंड की संस्कृति में भी मेरी गहरी रुचि है. मैं पिछले 14 वर्षों से प्रभातखबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इस दौरान मुझे डिजिटल मीडिया में काम करने का काफी अनुभव प्राप्त हुआ है. फिलहाल मैं बतौर शिफ्ट इंचार्ज कार्यरत हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >