PM Modi Talks To Donald Trump: पाकिस्तान में हुई अमेरिका-ईरान वार्ता के विफल होने के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी से फोन बात की है. मंगलवार (14 अप्रैल) को दोनों नेताओं ने 40 मिनट पर फोन पर बात की. भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने इसकी जानकारी दी है. उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका संबंध काफी मजबूत स्थिति में है. ईरान और इजराइल-अमेरिका के बीच जंग शुरू होने के बाद यह दूसरी बार है जब पीएम मोदी और ट्रंप के बीच बात हुई है.
अमेरिकी राजदूत गोर ने बताया- होर्मुज नाकाबंदी पर हुई चर्चा
अमेरिकी राजदूत गोर ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट की नाकाबंदी के मुद्दे पर चर्चा की. अमेरिकी राजदूत ने यह भी कहा कि आगामी कुछ दिनों और हफ्तों में भारत और अमेरिका के बीच ऊर्जा सहित कई बड़े समझौतों पर सहमति बनने की उम्मीद है. अमेरिकी राजदूत अनुसार, ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी से कहा- मैं बस आपको यह बताना चाहता हूं कि हम सब आपसे प्यार करते हैं.
ट्रंप से बात के बाद बोले पीएम मोदी, वैश्विक साझेदारी होगी और मजबूत
पीएम मोदी ने ट्वीट कर बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से उनकी फोन पर बातचीत हुई. पीएम मोदी ने कहा कि दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग में हुई प्रगति की समीक्षा की और वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर सहमति जताई. उन्होंने बताया कि मिडिल ईस्ट के मौजूदा हालात पर भी चर्चा हुई. दोनों नेताओं ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) को खुला और सुरक्षित बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया.
