Brandon Gill: टेक्सास से अमेरिकी सांसद ब्रैंडन गिल अपने एक विवादित बयान की वजह से सोशल मीडिया पर बुरी तरह घिर गए हैं. उन्होंने टेक्सास के डेंटन में हो रही छठ पूजा के एक पुराने वीडियो पर कमेंट करते हुए इसे ‘थर्ड वर्ल्ड’ (पिछड़े देशों) की रस्म बता दिया. गिल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि वह नहीं चाहते कि उनके समुदाय के सार्वजनिक वाटर सोर्स में ऐसी ‘थर्ड वर्ल्ड’ धार्मिक रस्में हों. ब्रैंडन गिल राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ही रिपब्लिकन पार्टी के सांसद हैं.
भारतीयों को कहा ‘लो वैल्यू’
यह पूरा विवाद एक पुराने वीडियो से शुरू हुआ, जिसमें भारतीय-अमेरिकी लोग झील में दूध अर्पित कर रहे थे. पोस्ट में आरोप लगाया गया कि इससे पानी और जलीय जीवन प्रदूषित हो रहा है. इसके बाद सोशल मीडिया पर नफरत भरी बातों की बाढ़ आ गई. कुछ यूजर्स ने तो भारत की गंगा नदी को ‘दुनिया का सबसे बड़ा गंदा नाला’ तक कह दिया और भारतीय प्रवासियों को ‘लो वैल्यू’ (कम कीमत वाले) लोग बताया. एक यूजर ने लिखा कि ये लोग अमेरिकी लाइफस्टाइल अपनाने के बजाय अपनी ‘गंदी आदतें’ साथ लाते हैं.
सांसद की पत्नी के भारतीय कनेक्शन
जैसे ही ब्रैंडन गिल के इस पोस्ट के तुरंत बाद, लोगों ने उन्हें खूब खरी-खोटी सुनाई. यूजर्स ने सांसद को याद दिलाया कि उनकी अपनी पत्नी, डेनियल डिसूजा, खुद भारतीय मूल की हैं. लोगों ने मजे लेते हुए लिखा कि शायद आपकी पत्नी खुद झील में दूध चढ़ा रही होंगी और ब्रैंडन, आप अपने ससुराल वालों को नाराज कर रहे हैं. एक स्थानीय निवासी ने तो यहां तक कह दिया कि लोग झील में गंदगी करते हैं, थोड़े से दूध से कुछ प्रदूषित नहीं होने वाला.
ये भी पढ़ें: ईरान का दावा: US का F-18 फाइटर जेट मार गिराया, पेंटागन ने कहा- ‘सब झूठ है’
ट्रंप राज में बढ़ा एंटी-इंडिया सेंटिमेंट
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह वीडियो अक्टूबर 2025 का है, जो अब दोबारा वायरल किया जा रहा है. जानकारों का कहना है कि 2025 में डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के बाद से अमेरिका में भारतीयों और हिंदुओं के खिलाफ नफरत काफी बढ़ गई है. सोशल मीडिया पर एंटी-इंडियन पोस्ट से लेकर तोड़फोड़ की घटनाओं में भारी उछाल आया है, जिससे साफ पता चलता है कि राजनीतिक नीतियां कैसे समाज के व्यवहार को बदल रही हैं.
ये भी पढ़ें: रिपोर्ट में दावा: US के 13 ठिकाने हुए तबाह, ईरानी मिसाइलों के डर से होटलों में छिपे अमेरिकी सैनिक
