Trump On Israel Lebanon-Ceasefire: इजरायल और लेबनान के बीच 10 दिनों के सीजफायर (युद्धविराम) के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान सामने आया है. गुरुवार (स्थानीय समय) को ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि उन्हें उम्मीद है कि इस खास समय में हिजबुल्लाह शांति बनाए रखेगा और जिम्मेदारी से बर्ताव करेगा. ट्रंप ने जोर देते हुए कहा कि अगर हिजबुल्लाह ऐसा करता है, तो यह उनके लिए बहुत बड़ा मौका होगा. उन्होंने अपील की कि अब हत्याएं बंद होनी चाहिए और इलाके में शांति आनी चाहिए.
व्हाइट हाउस में हो सकती है ऐतिहासिक मीटिंग
ट्रंप ने इस पूरे घटनाक्रम को एक बड़ी कामयाबी बताया है. उन्होंने कहा कि लेबनान और इजरायल के बीच बातचीत से एक ऐतिहासिक बदलाव आ सकता है. ट्रंप के मुताबिक, पिछले 44 सालों में यह पहली बार होगा जब दोनों देशों के नेता आमने-सामने बैठेंगे. यह मीटिंग व्हाइट हाउस में हो सकती है, जिसमें इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन शामिल होंगे. ट्रंप ने संकेत दिया कि अगले एक-दो हफ्तों में बातचीत काफी तेज हो सकती है और उन्हें उम्मीद है कि लेबनान खुद हिजबुल्लाह के मामले को सुलझा लेगा.
नेतन्याहू का सख्त स्टैंड: ‘हम पीछे नहीं हटेंगे’
भले ही ट्रंप शांति की बात कर रहे हैं, लेकिन इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने साफ कर दिया है कि उनकी सेना दक्षिणी लेबनान से अपनी जगह नहीं छोड़ेगी. नेतन्याहू ने गुरुवार को कहा कि सुरक्षा कारणों से इजरायली सेना 10 किलोमीटर के ‘सुरक्षा घेरे’ (सिक्योरिटी जोन) में तैनात रहेगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि वे वहां से नहीं जा रहे हैं ताकि घुसपैठ और मिसाइल हमलों को रोका जा सके. नेतन्याहू का सीधा लक्ष्य हिजबुल्लाह को निहत्था करना और अपनी शर्तों पर शांति कायम करना है.
ये भी पढ़ें: ट्रंप बोले- ईरान से शांति समझौता फाइनल हुआ तो जाऊंगा पाकिस्तान, मध्यस्थता कर रहे पाक अफसरों को सराहा
सीजफायर के बीच भी दागे जा रहे गोले
लेबनान की सरकारी न्यूज एजेंसी ‘नेशनल न्यूज एजेंसी’ (NNA) की रिपोर्ट के अनुसार, सीजफायर लागू होने के तुरंत बाद भी दक्षिणी लेबनान के कुछ इलाकों में हमले जारी हैं. रिपोर्ट में बताया गया है कि इजरायली आर्टिलरी ने खियाम और दिब्बीन जैसे कस्बों पर गोले दागे हैं. साथ ही मशीनगन से फायरिंग और आसमान में ड्रोन से निगरानी भी की जा रही है. इजरायली सेना का कहना है कि वे बॉर्डर पर पूरी तरह अलर्ट हैं. दूसरी तरफ, बेरूत के कुछ हिस्सों में सीजफायर की खुशी में आतिशबाजी भी देखने को मिली है.
ये भी पढ़ें: डोनाल्ड ट्रंप का दावा: यूरेनियम सौंपने पर ईरान राजी, समझौते के करीब अमेरिका-ईरान
