भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न अमेरिका में भी पूरे उत्साह के साथ मनाया गया. न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर से लेकर सिएटल के डाउनटाउन तक भारतीय तिरंगा शान से लहराया और भारतीय-अमेरिकी समुदाय देशभक्ति के रंग में डूबा नजर आया.
न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में भारत के महावाणिज्य दूत बिनय श्रीकांत प्रधान ने फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशंस की ओर से आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय ध्वज फहराया. इस दौरान भारतीय-अमेरिकी समुदाय और अमेरिकी गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे. सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भारत की समृद्ध विरासत और भारत-अमेरिका संबंधों की झलक दिखी.
समारोह की सबसे खास उपलब्धि तब रही, जब भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने सबसे बड़े ध्वज स्तंभ संख्या का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया. इस आयोजन में न्यू जर्सी के लेफ्टिनेंट गवर्नर, अमेरिकी कांग्रेस सदस्य और कई स्थानीय नेता शामिल हुए.
वहीं सिएटल में भी भव्य आयोजन हुआ. क्रिकेट दिग्गज सुनील गावस्कर समेत कई हस्तियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया. ग्रैमी विजेता वायलिन वादक गणेश राजगोपालन ने छात्रों के साथ वंदे मातरम प्रस्तुत किया. बिहू नृत्य, देशभक्ति संगीत और भारतीय कला प्रदर्शनियों ने माहौल को खास बना दिया. सिएटल के फेडरल रिजर्व बिल्डिंग पर भी तिरंगा फहराया गया.
