Tahawwur Rana: कनाडा के पूर्व पीएम जस्टिन ट्रूडो के समय भारत और कनाडा के रिश्तों में जो कड़वाहट आई थी, उसे अब नए प्रधानमंत्री मार्क कार्नी सुधारने की कोशिश कर रहे हैं. भारत दौरे पर आने से ठीक पहले कनाडा सरकार ने 26/11 मुंबई आतंकी हमले के मुख्य आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा की नागरिकता छीनने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
झूठ बोलकर ली थी नागरिकता: ग्लोबल न्यूज की रिपोर्ट
ग्लोबल न्यूज की एक रिपोर्ट के अनुसार, 65 साल के राणा ने 1997 में कनाडा जाकर 2001 में वहां की नागरिकता ली थी. अब ‘इमिग्रेशन, रिफ्यूजी एंड सिटीजनशिप कनाडा’ (IRCC) ने उसे नोटिस भेजा है कि उसकी नागरिकता रद्द की जा रही है. हैरानी की बात यह है कि यह कार्रवाई आतंकवाद की वजह से नहीं, बल्कि ‘गलत जानकारी’ (मिसरिप्रेजेंटेशन) देने की वजह से हो रही है.
जांच में पता चला है कि राणा ने 2000 में आवेदन करते समय दावा किया था कि वह पिछले 4 सालों से ओटावा और टोरंटो में रह रहा है. उसने कहा था कि इस दौरान वह सिर्फ 6 दिन के लिए देश से बाहर गया. लेकिन रॉयल कनाडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) की जांच ने उसकी पोल खोल दी. रिपोर्ट के मुताबिक, वह उस समय कनाडा में नहीं बल्कि शिकागो में अपना बिजनेस और ग्रोसरी स्टोर चला रहा था.
कोर्ट पहुंचा मामला
कनाडा के विभाग ने इसे सोची-समझी धोखाधड़ी बताया है. मामला अब फेडरल कोर्ट में है, जहां राणा के वकीलों ने इसे गलत बताया है. दूसरी तरफ, भारत की नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने 10 अप्रैल को राणा को अमेरिका से प्रत्यर्पित (Extradite) कर दिल्ली लाकर गिरफ्तार कर लिया है. वह फिलहाल भारत की हिरासत में है और मुंबई हमले के केस का सामना कर रहा है.
पीएम मार्क कार्नी का भारत दौरा: रिश्तों में आएगी नई जान
प्रधानमंत्री मार्क कार्नी 26 फरवरी से 7 मार्च 2026 तक भारत, ऑस्ट्रेलिया और जापान के दौरे पर रहेंगे.
- मुंबई और दिल्ली का दौरा: कार्नी पहले मुंबई आएंगे और फिर दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे.
- व्यापार पर फोकस: दोनों देश व्यापार, एनर्जी, टेक्नोलॉजी और AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) जैसे क्षेत्रों में बड़े समझौते करेंगे.
- बड़ा लक्ष्य: साल 2024 में भारत-कनाडा के बीच 30.8 बिलियन डॉलर का व्यापार हुआ था. अब इसे 2030 तक 70 बिलियन डॉलर तक पहुँचाने का लक्ष्य है.
विदेश मंत्री अनीता आनंद भी आएंगी साथ
कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि वह भी इस दौरे पर साथ होंगी. उन्होंने कहा कि कनाडा की नई सरकार अब उन चीजों पर ध्यान दे रही है जो उनके कंट्रोल में हैं. भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती इकोनॉमी है और कनाडा यहां रक्षा (डिफेंस) और टैलेंट के क्षेत्र में नए मौके तलाश रहा है.
ये भी पढ़ें: US बोला: चीन के पास 2030 तक होंगे 1000 परमाणु हथियार, बीजिंग को इस संधि में लाना चाहते हैं ट्रंप
ये भी पढ़ें:- रूस से तेल नहीं तो यूक्रेन को बिजली नहीं, इस यूरोपीय देश ने रोकी इमरजेंसी इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई
