होर्मुज में फिर बढ़ा तनाव, ओमान के पास जहाज पर हमला, UN एजेंसी ने रोका जहाजों का निकासी अभियान

Ship Attack Hormuz Strait: ईरान-ओमान के पास एक मालवाहक जहाज पर हमले की घटना हुई. इसके बाद अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन IMO ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जहाजों की निकासी अभियान अस्थायी रूप से रोक दिया है. ईरान ने इस रास्ते से गुजरने वाले जहाजों को चेतावनी दी थी कि अगर उसके द्वारा तय किए गए रास्ते से अलग रूट चुना जाएगा, तो यह उसे स्वीकार नहीं होगा.

Ship Attack Hormuz Strait: मिडिल ईस्ट में सामान्य होते हालात के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर नई चिंता सामने आई है. ब्रिटिश समुद्री सुरक्षा एजेंसी यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस के मुताबिक, सिंगापुर के झंडे वाला मालवाहक जहाज एवर लवली (Ever Lovely) ओमान के समुद्री क्षेत्र के पास यात्रा कर रहा था, तभी उस पर एक प्रोजेक्टाइल (विस्फोटक वस्तु) से हमला हुआ. इस घटना के बाद संयुक्त राष्ट्र के इंटरनेशनल मैरीटाइम ऑर्गनाइजेशन (IMO) ने खाड़ी क्षेत्र से फंसे जहाजों को निकालने का काम अस्थायी रूप से रोक दिया है. अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते पर सहमत होने के बाद, यूएन की एजेंसी इस क्षेत्र में फंसे जहाजों और नाविकों को निकालने में जुटी थी. 

यह घटना उस समय सामने आई जब ईरान ने जहाजों को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के उन रास्तों से गुजरने को लेकर चेतावनी दी थी, जिन्हें तेहरान ने मंजूरी नहीं दी है. ईरान के पर्शियन गल्फ स्ट्रेट अथॉरिटी ने कहा था कि जो भी जहाज तय किए गए मार्गों के बाहर से गुजरेंगे, उन्हें सुरक्षित रास्ते की गारंटी नहीं दी जाएगी. इसके बाद समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई और IMO ने अपने अभियान की समीक्षा करने का फैसला किया. हालांकि, IMO ने यह भी साफ किया कि जिस जहाज पर हमले की रिपोर्ट आई है, वह उसके निकासी अभियान का हिस्सा नहीं था.

IMO ने क्यों रोका जहाजों की निकासी अभियान?

IMO ने हाल ही में एक स्वैच्छिक अभियान शुरू किया था, जिसका मकसद उन सैकड़ों जहाजों और हजारों नाविकों को खाड़ी क्षेत्र से बाहर निकालना था, जो महीनों से इस जलमार्ग से आगे नहीं बढ़ पा रहे थे. IMO के महासचिव आर्सेनियो डोमिंग्वेज ने बयान जारी करते हुए कहा,

‘मैंने इस अभियान के क्रियान्वयन को अस्थायी रूप से रोकने का फैसला किया है, ताकि यह दोबारा सुनिश्चित किया जा सके कि हमारी निकासी सूची में शामिल जहाजों और पूरे क्षेत्र में मौजूद अन्य जहाजों के लिए जरूरी सुरक्षा गारंटी अभी भी बनी हुई है.’

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से निकलने के लिए बनाए गए थे दो रास्ते

IMO की ओर से शुरू किए गए इस अभियान के तहत जहाजों को खाड़ी क्षेत्र से बाहर निकलने के लिए दो वैकल्पिक रास्ते दिए गए थे. पहला मार्ग ईरानी जल क्षेत्र से होकर जाता था, जबकि दूसरा ओमान के समुद्री क्षेत्र से होकर गुजरता था. इस पूरी प्रक्रिया पर अमेरिका की निगरानी थी. हालांकि, हमले की घटना के बाद इस व्यवस्था की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं.

ईरान ने कहा- रास्तों पर रहेगा उसका नियंत्रण

ईरान ने संकेत दिया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में नौवहन व्यवस्था पर उसका नियंत्रण जारी रहेगा. इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा कि सुरक्षित मार्ग केवल उन्हीं रास्तों पर मिलेगा जिन्हें तेहरान ने निर्धारित किया है. ईरानी गार्ड्स ने चेतावनी दी कि जो जहाज इन निर्देशों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है. ब्रिटिश समुद्री सुरक्षा कंपनी एम्ब्रे ने भी बताया कि गुरुवार को रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने दो पनामा-झंडे वाले जहाजों को अपना रास्ता बदलने का आदेश दिया.

तेल बाजार पर असर, कीमतों में आया उछाल

जहाज पर हमले की खबर के बाद अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में भी प्रतिक्रिया देखने को मिली. बेंचमार्क तेल कीमतों में करीब 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई. इससे यह चिंता फिर बढ़ गई कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से तेल निर्यात सामान्य स्थिति में लौटने में कितना समय लगेगा. यह जलमार्ग वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. संघर्ष से पहले यहां से दुनिया की करीब पांचवीं हिस्सेदारी वाली तेल और प्राकृतिक गैस की आपूर्ति गुजरती थी.

ये भी पढ़ें:- अमेरिकी दावे से बढ़ी हलचल: दक्षिणी लेबनान से पीछे हटा इज़राइल, लोगों में अब भी डर का माहौल

ये भी पढ़ें:- वेनेजुएला में भूकंप का कहर, अब तक 164 लोगों की मौत 971 घायल; राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने किया कंफर्म

युद्ध के बाद पहली बार बढ़ी थी शिप की आवाजाही

ईरान-अमेरिका के बीच युद्धविराम के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही में तेजी आई है, हालांकि यह अब भी युद्ध से पहले के स्तर तक नहीं पहुंची है. मरीन डेटा फर्म लॉयड्स लिस्ट इंटेलिजेंस के मुताबिक, पिछले सप्ताह 125 जहाज इस मार्ग से गुजरे, जबकि उससे पहले वाले सप्ताह में केवल 33 जहाजों ने यहां से आवाजाही की थी. वहीं, बुधवार को 78 जहाजों का गुजरना युद्ध शुरू होने के बाद का सबसे बड़ा दैनिक आंकड़ा रहा. हालांकि, होर्मुज में नए हमले के बाद यह फिर से घट सकता है.

अमेरिका का दावा- तेल आपूर्ति फिर बढ़ रही

अमेरिकी ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट ने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से तेल की आवाजाही संघर्ष से पहले के स्तर के करीब पहुंच रही है. उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों में इस जलमार्ग से कम से कम 2 करोड़ बैरल तेल गुजरा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anant Narayan Shukla

अनन्त नारायण शुक्ल प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट क्रिएटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब दो वर्षों का अनुभव है. वर्तमान में उनका मुख्य फोकस राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मामलों, वैश्विक भू-राजनीति (ग्लोबल जियोपॉलिटिक्स), रक्षा नीति, कूटनीति और विश्व राजनीति से जुड़े विषयों पर है. वे दुनिया भर में घट रही महत्वपूर्ण घटनाओं को गहरी रिसर्च और तथ्यात्मक विश्लेषण के साथ पाठकों तक पहुंचाने का काम करते हैं. अनन्त मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय संघर्ष, वैश्विक सुरक्षा, रक्षा रणनीतियों, विदेश नीति, भारत के पड़ोसी देशों से जुड़े घटनाक्रम और विश्व स्तर पर भारत की भूमिका जैसे विषयों को कवर करते हैं. इजरायल-ईरान संघर्ष, अमेरिका की विदेश नीति, परमाणु सुरक्षा, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के हालात, नेपाल-चीन सीमा से जुड़े मुद्दे और वैश्विक कूटनीतिक घटनाक्रम पर उनकी विशेष पकड़ है. इसके अलावा वे अंतरराष्ट्रीय आपदाओं, विदेशों में बसे भारतीयों और वैश्विक स्तर पर भारत के बढ़ते प्रभाव से जुड़ी खबरों पर भी नियमित रूप से लिखते हैं. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में उनकी गहरी रुचि रही है, जिसने उन्हें वैश्विक मामलों और अंतरराष्ट्रीय पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया. यही वजह है कि उनके लेखों में विषय की गहराई, एक्सपर्ट्स की राय के साथ उनके कमेंट्स, तथ्यों की सटीकता और व्यापक संदर्भ देखने को मिलता है. बदलते वैश्विक परिदृश्य पर उनकी पैनी नजर रहती है, जिससे वे पाठकों तक समय पर विश्वसनीय और विश्लेषणात्मक जानकारी पहुंचाते हैं. अनन्त को राष्ट्रीय राजनीति की भी समझ है. उन्होंने दिल्ली विधान सभा चुनाव 2025 और देश के अन्य चुनावों को कवर किया है. चुनाव के काउंटिंग डे को कवर करने का भी उनके पास काफी अनुभव है. इसके साथ ही वह कभी-कभी नेशनल डेस्क भी संभालते हैं, जिसमें देश भर में जनता से जुड़े जरूरी सामाजिक मुद्दे, न्यायिक खबरों और अपराध की खबरों को भी कवर करते हैं. इसके अलावा उन्हें रोचक जानकारियों को क्यूरेट करने का भी शौक है. इसमें लाइफस्टाइल, ऐतिहासिक और पुरातात्विक जानकारी के साथ ही दुनिया भर के साम्राज्यों के बारे में खबरें करते हैं. उत्तर प्रदेश की कालीन नगरी- भदोही जिले के रहने वाले अनन्त ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की है. उन्होंने 2024 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत प्रभात खबर में खेल पत्रकार के रूप में की थी, जहां उन्होंने करीब एक वर्ष तक क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़ी खबरों को कवर किया. बाद में अपनी रुचि और विशेषज्ञता के चलते उन्होंने अंतरराष्ट्रीय डेस्क का रुख किया और आज वैश्विक राजनीति व भू-राजनीति के प्रमुख विषयों पर लेखन कर रहे हैं. तथ्यों की पुष्टि और सटीक जानकारी को वे अपनी पत्रकारिता का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हैं. उनका प्रयास रहता है कि पाठकों को विश्व घटनाक्रम की भरोसेमंद, संतुलित और गहन जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध हो, ताकि वे वैश्विक मुद्दों को बेहतर ढंग से समझ सकें.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >