PM Modi Norway Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूरोप के चार देशों के दौरे पर हैं. सोमवार (18 मई) को वो स्वीडन से नॉर्वे पहुंचे. ओस्लो हवाई अड्डे पर नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर ने उनका स्वागत किया. प्रधानमंत्री मोदी का यह पहला नॉर्वे दौरा है. साथ ही, यह 43 साल में किसी भारतीय प्रधानमंत्री का नॉर्वे का पहला दौरा भी है. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा- मुझे विश्वास है कि यह यात्रा भारत-नॉर्वे की मित्रता में नया जोश भरेगी.
भारतीय समुदाय ने किया भव्य स्वागत
ओस्लो में जिस होटल में प्रधानमंत्री मोदी ठहरे हैं, वहां भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. इस दौरान भारतीय मूल के लोगों ने संगीत और सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर भारतीय परंपरा की झलक दिखाई. प्रधानमंत्री ने भी वहां मौजूद लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और उनसे मुलाकात की.
सम्राट हेराल्ड पंचम और साम्राज्ञी सोनजा से करेंगे मुलाकात
अपनी दो दिवसीय नॉर्वे यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी नॉर्वे के सम्राट हेराल्ड पंचम और साम्राज्ञी सोनजा से मुलाकात करेंगे. इसके अलावा वह प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे. दोनों नेता व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे. विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों देशों के बीच संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी और आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने के उपायों पर भी बातचीत होगी.
तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में लेंगे हिस्सा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार (19 मई) को ओस्लो में आयोजित तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. उन्होंने कहा कि यह नॉर्डिक देशों के नेताओं से मुलाकात का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा. इस सम्मेलन में नॉर्वे, डेनमार्क, फिनलैंड, आइसलैंड और स्वीडन के प्रधानमंत्री भी शामिल होंगे. विदेश मंत्रालय ने बताया कि यह सम्मेलन अप्रैल 2018 में स्टॉकहोम और मई 2022 में कोपेनहेगन में आयोजित पिछले सम्मेलनों की कड़ी को आगे बढ़ाएगा और भारत-नॉर्डिक संबंधों को नई रणनीतिक दिशा देगा.
व्यापार और निवेश बढ़ाने पर होगा फोकस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नॉर्वे के प्रधानमंत्री के साथ भारत-नॉर्वे व्यापार और अनुसंधान सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे. विदेश मंत्रालय के मुताबिक, यह यात्रा दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को नई गति देने का मौका देगा. साल 2024 में भारत और नॉर्वे के बीच द्विपक्षीय व्यापार लगभग 2.73 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है.
