पाकिस्तानी सेना ने सोमवार को ( 21 सितंबर) अफगानिस्तान की उत्तर-पूर्वी और पूर्वी सीमाओं पर हवाई हमले किए. द स्टेट्समैन के मुताबिक, ये हमले सीमावर्ती इलाकों को निशाना बनाते हुए किए गए. तालिबान प्रशासन के उप-प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत के अनुसार, कुनार प्रांत में एक रिहाइशी मकान पर बमबारी की गई, जिसमें एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए. इसके अतिरिक्त, पक्तिका प्रांत के बरमल जिले में दो स्थानों को निशाना बनाया गया, जिससे एक दुकान और एक खाली घर पूरी तरह तबाह हो गए, हालांकि वहां कोई हताहत नहीं हुआ.
पुलिस परिसर पर हमला और आरोप-प्रत्यारोप
यह हवाई कार्रवाई उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में स्थित एक पुलिस ठिकाने पर हुए हमले के ठीक दो दिन बाद हुई है, जिससे दोनों पड़ोसी देशों के बीच सीमा पर तनाव अत्यधिक बढ़ गया है. इस्लामाबाद लगातार तालिबान सरकार पर अफगान सरजमीं का इस्तेमाल कर सीमा पार आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने का आरोप लगाता रहा है, जिसे तालिबान प्रशासन खारिज करते हुए इसे पाकिस्तान का आंतरिक मामला बताता है.
मार्च के भीषण हमले के बाद रुक-रुककर जारी है संघर्ष
दोनों देशों के बीच पिछले कुछ महीनों से सैन्य संघर्ष जारी है. इससे पहले मार्च महीने में पाकिस्तान द्वारा किए गए एक बड़े हमले में 400 से अधिक लोगों की जान चली गई थी, जिसके जवाब में जुलाई में अफगानिस्तान ने भी पाकिस्तान के इलाकों पर कई ड्रोन हमले किए थे. ताजा हमलों पर फिलहाल पाकिस्तानी सेना की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
ये भी पढ़ें: PoK में पाक सेना के खिलाफ उबला गुस्सा, JAAC नेता बोले- रेंजर्स बुलाकर जनता पर चलवाईं गोलियां
