Video: बुधवार (26 अगस्त) की सुबह नेपाल के नुवाकोट जिले के त्रिशूली बाजार में सब कुछ सामान्य था. बाजार में रोज की तरह चहल-पहल थी. जेवर और कपड़ों की दुकानों समेत कई कारोबार खुले थे. किसी ने सोचा भी नहीं था कि कुछ ही देर में यही बाजार मिट्टी और मलबे के ढेर में तब्दील हो जाएगा. उस दिन नेपाल में अचानक आई भयंकर बाढ़ ने कुछ ही घंटों में भारी तबाही मचा दी. तेज रफ्तार से आया सैलाब अपने रास्ते में आने वाले गांवों और कस्बों को उजाड़ता चला गया. इस प्राकृतिक आपदा में सैकड़ों लोगों की जान चली गई, जबकि बड़ी संख्या में घर और अन्य संपत्तियां तबाह हो गईं. खौफनाक मंजर का वीडियो सामने आया है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो नेपाल के त्रिशूली बाजार में आई बाढ़ के उस भयावह पल को कैद कर लेता है, जब अचानक पानी का तेज सैलाब बाजार की ओर बढ़ने लगा. कुछ ही पलों में कीचड़ और मलबे से भरी पानी की दीवार ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया. जान बचाने के लिए स्थानीय लोग, राहगीर और वाहन चालक इधर-उधर भागते नजर आए. देखते ही देखते बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित जगह की तलाश में भागने लगे.
