Nepal Flood: हिमालय में क्यों बढ़ रहा बाढ़ का खतरा? ग्लेशियर, बारिश और कंस्ट्रक्शन ने बढ़ाई चिंता

नेपाल में आई हालिया फ्लैश फ्लड ने हिमालय की भेद्यता को उजागर किया है. ग्लेशियरों का पिघलना, खड़ी ढलानें और अनियंत्रित निर्माण कार्य मिलकर बाढ़ के खतरे को बढ़ा रहे हैं. जानिए इस गंभीर समस्या के पीछे की वजहें.

Nepal Flood : नेपाल में 26 अगस्त को आई फ्लैश फ्लड ने पूरी दुनिया का ध्यान हिमालय की संवेदनशीलता की ओर खींचा है. न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट में डॉ. पोर्टिया बी. कॉनराड ने कहा कि यह घटना सिर्फ सामान्य मानसूनी बाढ़ नहीं थी. अब तक मिले सबूत ग्लेशियर और चट्टानों के खिसकने के बाद बड़े पैमाने पर मलबा नीचे आने की ओर इशारा करते हैं.

50 मीटर प्रति सेकंड की रफ्तार से आया मलबा

विश्लेषण के मुताबिक, नेपाल-तिब्बत सीमा के पास ऊंचे हिमालय में ग्लेशियर और चट्टानों के अस्थिर होने से आइस-रॉक एवलांच हुआ. इससे भोटे कोशी नदी का बहाव प्रभावित हुआ और पानी, बर्फ तथा भारी मलबा तेजी से नीचे की ओर आया.

बताया गया है कि यह एवलांच करीब 50 मीटर प्रति सेकंड की रफ्तार से नीचे आया. पहाड़ों की संकरी घाटियों में पानी और मलबे के इस तेज बहाव ने निचले इलाकों में भारी तबाही मचाई.


सुरंग से लोगों को निकालने में लगी आर्मी

नेपाल में खतरा क्यों ज्यादा?

नेपाल भारतीय और यूरेशियाई टेक्टोनिक प्लेटों के टकराव वाले इलाके में है. यही वजह है कि यहां भूकंप, भूस्खलन और चट्टानों के गिरने का खतरा हमेशा बना रहता है.

इसके साथ ही पहाड़ों की ढलान बहुत खड़ी है. भारी मानसूनी बारिश इन ढलानों की मिट्टी और चट्टानों को और कमजोर कर देती है. ऐसे में अगर ऊपर से ग्लेशियर का मलबा या अचानक पानी नीचे आता है तो संकरी घाटियां उसके लिए तेज बहाव का रास्ता बन जाती हैं.

2015 के नेपाल भूकंप के बाद हुए शोध में भी भूस्खलन को हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स को नुकसान पहुंचाने वाला प्रमुख कारण बताया गया था. अध्ययन के अनुसार, हिमालय में मौजूद, बन रहे और प्रस्तावित करीब 25 फीसदी हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स पर मध्यम से गंभीर भूकंपीय नुकसान का खतरा था.

ग्लेशियर पिघलने से बढ़ रही नई परेशानी

जलवायु परिवर्तन के कारण हिमालय तेजी से गर्म हो रहा है. ग्लेशियर पीछे हट रहे हैं और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ तथा जमीन की स्थिरता प्रभावित हो रही है.

नेपाल में हजारों ग्लेशियल लेक्स यानी ग्लेशियर से बनी झीलें हैं. इनमें से कुछ के टूटने पर ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (GLOF) आ सकती है. इसमें कम समय में बड़ी मात्रा में पानी नीचे की ओर पहुंचता है और रास्ते में आने वाली बस्तियों, सड़कों और पुलों को नुकसान पहुंचा सकता है.

एएनआई के विश्लेषण में कहा गया है कि नेपाल में 1954 के बाद से बाढ़ से जुड़ी 100 से ज्यादा घटनाएं दर्ज की गई हैं. इनमें GLOF, बादल फटना, भूस्खलन और बड़ी नदी बाढ़ शामिल हैं.

पहाड़ों में बढ़ता निर्माण भी चिंता का कारण

विश्लेषण में नेपाल-तिब्बत सीमा पर सड़क, सुरंग, पुल और हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स के बड़े पैमाने पर निर्माण का भी जिक्र किया गया है. निर्माण के दौरान पहाड़ काटने, पेड़ हटाने, चट्टानों की खुदाई, सुरंग बनाने और मलबा डालने से प्राकृतिक ढलानों और पानी के रास्ते प्रभावित हो सकते हैं.

हालांकि, डॉ. कॉनराड ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी सड़क या निर्माण प्रोजेक्ट को सीधे बाढ़ या ग्लेशियर टूटने का कारण नहीं कहा जा सकता. चिंता यह है कि बेहद संवेदनशील और भूकंपीय इलाके में बड़े पैमाने पर निर्माण प्राकृतिक आपदा के असर को बढ़ा सकता है.

ये भी पढ़ें: पाक का F-16 मार गिराने वाले विंग कमांडर अभिनंदन ने IAF से लिया रिटायरमेंट, अब उड़ाएंगे कमर्शियल प्लेन

ये भी पढ़ें: VIDEO : न तैरना आता था न सुरक्षा के साधन, 20 साल के बिट्टू ने अकेले ही साफ कर डाली अजनार नदी

ये भी पढ़ें: छात्रा आकृति चौधरी की NSA हिरासत गैरकानूनी, HC ने यूपी सरकार पर ठोका 5 लाख का जुर्माना

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आलोक पाठक

आलोक पाठक वर्ष 2019 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अपने पत्रकारिता सफर के दौरान वे खबर मंत्र, गांडीव और नक्षत्र न्यूज़ जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी भाषा और लेखन के प्रति उनका विशेष लगाव है। उन्हें भू-राजनीति (Geopolitics) और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। निजी जीवन में कहानियां और कविताएं लिखना तथा कालजयी साहित्य का अध्ययन उनकी प्रमुख रुचियों में शामिल है। उनका प्रयास तथ्यों पर आधारित, सरल और प्रभावी लेखन के माध्यम से पाठकों तक सार्थक जानकारी पहुंचाना है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >