Nepal Flood Update: PM बालेंद्र शाह ने बताया- 13 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी मैदान में, 573 लोगों का रेस्क्यू; प्रभावित इलाकों में भेजे गए 10 ट्रक

नेपाल में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है. प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने बताया कि 13,295 सुरक्षाकर्मियों को बचाव कार्यों में लगाया गया है. गुरुवार को 573 लोगों को सुरक्षित निकाला गया और राहत सामग्री से लदे 10 ट्रक भेजे गए हैं.

Nepal Flood Update : नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने सोशल मीडिया (X) में पोस्ट कर बाढ़ से निपटने के हालात पर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि प्रभावित इलाकों में सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन को प्राथमिकता देते हुए नेपाल सेना, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल पुलिस के 13,295 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है. इनमें नेपाल पुलिस के 7,250 नेपाल सेना के 4,200 और सशस्त्र पुलिस बल के 1,845 जवान शामिल हैं.

573 लोगों को किया गया रेस्क्यू

प्रधानमंत्री के मुताबिक, गुरुवार को 69 उड़ानों के जरिए 573 लोगों को सुरक्षित निकाला गया. राहत और बचाव अभियान के लिए अतिरिक्त हेलीकॉप्टरों को स्टैंडबाय पर रखा गया है. सरकार के कमांड और कोऑर्डिनेशन सिस्टम के तहत निजी हेलीकॉप्टरों को भी रेस्क्यू और राहत कार्य में लगाया गया है.

प्रभावित इलाकों में बनाए गए हैं अस्थायी आवास

रासुवा, नुवाकोट और धादिंग समेत प्रभावित इलाकों में फंसे नागरिकों और सुरक्षाकर्मियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम जारी है. तत्काल ठहरने की व्यवस्था के लिए स्कूलों और सार्वजनिक एवं सामुदायिक भवनों में करीब 3,500 लोगों के लिए अस्थायी आवास तैयार किए गए हैं.

राहत सामग्री से लदे 10 ट्रक भेजे गए

प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाने के लिए रासुवा में 1 करोड़ रुपये, नुवाकोट में 1 करोड़ रुपये और धादिंग में 50 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई है. राहत सामग्री से लदे 10 ट्रक प्रभावित क्षेत्रों के लिए भेजे गए हैं. इनमें नूडल्स, बिस्किट, स्लीपिंग बैग, गद्दे और कंबल जैसी जरूरी चीजें शामिल हैं. अतिरिक्त खाद्य और गैर-खाद्य सामग्री भी हेलीकॉप्टरों के जरिए प्रभावित इलाकों में पहुंचाई जा रही है.

राहत शिविरों से पूरी की जा रही खाने-पीने की जरूरत

प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविर भी स्थापित किए गए हैं, जहां लोगों को भोजन, पीने का पानी और जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. नेपाल रेड क्रॉस, नेपाल स्काउट, लायंस क्लब और अन्य स्वयंसेवी संगठन भी राहत एवं बचाव अभियान में जुटे हैं. प्रधानमंत्री के अनुसार, रेड क्रॉस की ओर से करीब 30,000 लोगों की जरूरतों को पूरा करने वाली राहत सामग्री प्रभावित इलाकों में भेजी गई है.


ये भी पढ़ें: Nepal Flood : नेपाल में मरने वालों की संख्या 359 हुई, 285 भारतीय सहित 910 लापता


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आलोक पाठक

आलोक पाठक वर्ष 2019 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अपने पत्रकारिता सफर के दौरान वे खबर मंत्र, गांडीव और नक्षत्र न्यूज़ जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी भाषा और लेखन के प्रति उनका विशेष लगाव है। उन्हें भू-राजनीति (Geopolitics) और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। निजी जीवन में कहानियां और कविताएं लिखना तथा कालजयी साहित्य का अध्ययन उनकी प्रमुख रुचियों में शामिल है। उनका प्रयास तथ्यों पर आधारित, सरल और प्रभावी लेखन के माध्यम से पाठकों तक सार्थक जानकारी पहुंचाना है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >