PM Modi New Zealand Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न्यूजीलैंड के दौरे पर हैं. पीएम मोदी का ऑकलैंड में न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने गर्मजोशी से स्वागत किया था. इस दौरे पर न्यूजीलैंड के पीएम द्वारा दोनों देशों को मजबूत करने के लिए रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की गई. जिसका उद्देश्य व्यापार, निवेश, शिक्षा, तकनीक और अन्य क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ाना है.
व्यापार बढ़ाने पर जोर
प्रधानमंत्री लक्सन ने कहा कि दोनों देशों ने हाल ही में फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर हस्ताक्षर किया था. जिसके बाद काफी प्रगति हुई है. अब भारत और न्यूजीलैंड अन्य क्षेत्रों में भी मिलकर काम करेंगे. वहीं पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों का लक्ष्य 2030 तक आपसी व्यापार को दोगुना करना है. वर्तमान में दोनों देशों का ट्रेड 3.95 अरब न्यूजीलैंड डॉलर है, जिसे 7 अरब न्यूजीलैंड डॉलर करने का टारगेट रखा गया है. इसके साथ ही न्यूजीलैंड की ओर से भारत में 20 अरब अमेरिकी डॉलर के निवेश की प्रतिबद्धता भी जताई गई.
युवा कारोबारियों के लिए पीएम मोदी का सुझाव
ऑकलैंड में अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों देशों के युवा उद्यमियों के लिए एक खास सुझाव दिया. उन्होंने कहा कि 35 साल से कम उम्र के बिजनेस पर्सन का एक प्रतिनिधिमंडल (डेलिगेशन) न्यूजीलैंड से भारत और भारत से न्यूजीलैंड भेजा जाए. इससे युवा उद्यमियों को नए व्यापारिक अवसर और नए विचार सीखने का मौका मिलेगा.
भारतीय समुदाय को भी करेंगे संबोधित
प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के दौरान न्यूजीलैंड के प्रमुख उद्योगपतियों और खेल जगत की हस्तियों से भी मुलाकात करेंगे. इसके अलावा वे वहां रहने वाले भारतीय समुदाय के एक बड़े कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे.
लक्सन ने जताया आभार
प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने पिछले साल भारत यात्रा के दौरान मिले गर्मजोशी भरे स्वागत को याद करते हुए पीएम मोदी का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के रिश्तों को मजबूत बनाने में प्रधानमंत्री मोदी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है.
यह दौरा दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और रणनीतिक सहयोग को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें : अमेरिका के नए रूसी प्रतिबंध कानून से बढ़ सकती हैं भारत की मुश्किलें, जानिए पूरा मामला
