Video: वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन एक साथ नजर आ रहे हैं. जिनपिंग और पुतिन साथ आते हैं, तभी सामने से पीएम मोदी पहुंचते हैं. जिनपिंग सबसे पहले मोदी की ओर हाथ बढ़ाकर उनका अभिवादन करते हैं. दोनों नेता हाथ मिलाते हैं. इसके बाद पीएम मोदी पुतिन से हाथ मिलाते हैं. फिर तीनों नेता फोटो सेशन के लिए एक साथ खड़े होते हैं. इस दौरान अन्य देशों के नेता भी नजर आते हैं.
आतंकवाद पर क्या बोले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सम्मेलन में आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख अपनाया. उन्होंने कहा कि आतंकवाद के पूरे तंत्र को खत्म करने के साथ-साथ उसके लिए होने वाली फंडिंग पर भी रोक लगानी होगी. पीएम ने साफ कहा कि आतंकवाद से निपटने में दोहरे मानदंड स्वीकार नहीं किए जा सकते. इसके खिलाफ सभी देशों को एकजुट होकर एक आवाज में बोलना होगा.
ये भी पढ़ें: PHOTOS : जब एक ही कार में सवार होकर निकले पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन, देखें तस्वीरें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एससीओ शिखर सम्मेलन में भारत की प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि संगठन को लेकर भारत की सोच तीन मुख्य स्तंभों पर आधारित है. इनमें सुरक्षा, संपर्क और अवसर शामिल हैं. उन्होंने कहा कि इन तीनों क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाकर एससीओ के सदस्य देश क्षेत्रीय विकास, स्थिरता और आपसी साझेदारी को मजबूत कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें: क्या पीएम मोदी जाएंगे पाकिस्तान? 2027 SCO Summit के लिए इस्लामाबाद देगा न्योता
युद्ध किसी भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं : प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री ने कहा कि युद्ध किसी भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सकता. सभी तरह के युद्ध और संघर्ष बातचीत और कूटनीति के जरिए सुलझाए जाने चाहिए. उन्होंने कहा कि भारत ऐसे हर प्रयास का समर्थन करता है, जो अलग-अलग बाजारों को जोड़ने, व्यापार को आसान बनाने और विकास के नए अवसर पैदा करने में मदद करे.
