China India Heavy Rain : चीन से लेकर भारत के पहाड़ी राज्यों में इन दिनों आसमानी आफत काल बनकर बरस रही है. लगातार हो रही भारी बारिश के चलते कई जगहों पर बड़े लैंडस्लाइड और बाढ़ के हालात बन गए हैं. पड़ोसी देश चीन के शिचुआन प्रांत में पहाड़ दरकने से भूस्खलन के बाद पहाड़ का मलबा सड़कों पर आ गया. जिसकी चपेट में आने से 10 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और करीब 34 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं. चीनी प्रशासन वहां लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है.
अरुणाचल प्रदेश में कई दिनों से लगातार बारिश
भारत के पूर्वोत्तर राज्य अरुणाचल प्रदेश में भी कुदरत का कहर आफत बनकर टूट पड़ा है. राज्य के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर मूसलाधार बारिश हो रही है. जिससे नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है. सड़कों पर मलबा आने और बाढ़ जैसी स्थिति बनने के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया है. प्रशासन ने मौसम की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है.
ये भी पढ़ें : ईरान में गहराया गृहयुद्ध का खतरा : सीजफायर के विरोध में विदेश मंत्री पर पथराव, राष्ट्रपति मसूद को धमकी
हिमाचल के बिलासपुर में रिकॉर्डतोड़ बरसात
पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर और आसपास के इलाकों में भी भारी बारिश ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. बिलासपुर में 24 घंटे के भीतर करीब 19.2 सेंटीमीटर रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई. इस मूसलाधार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और कई निचले इलाकों में पानी भर गया है. मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों के लिए राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी रखते हुए लोगों को नदी-नालों के पास न जाने की चेतावनी दी है.
