इजराइल की फारसी में वॉर्निंग, 9 बजे तक ट्रेन में न बैठें, क्या ईरान पर होने वाला है बड़ा हमला?

Iran Israel War: इजराइली सेना ने फारसी में ईरानियों को चेतावनी दी है कि वे रात 9 बजे तक ट्रेन में सफर न करें. ऐसे में संभावना है कि इजराइल ईरान पर बड़ा हमला कर सकता है. चेतावनी से यह भी साफ हो रहा है कि इस बार इजराइल ईरान में नये ठिकानों पर हमला कर सकता है.

Iran Israel War: मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच इजराइल ने ईरान को फिर धमकी दी है. इजराइली सेना फारसी भाषा में संदेश दिया है कि ईरान के लोग रात 9 बजे तक ट्रेन में न बैठें. पोस्ट में इजराइल ने कहा है कि आपकी मौजूदगी आपके जीवन को खतरे में डाल सकती है. इस संदेश को इजराइल की ओर से संभावित नए हवाई हमलों का संकेत माना जा रहा है. माना जा रहा है कि इजराइली सेना अब ईरान में नई जगहों को निशाना बना सकती है, खासतौर पर ऐसे इलाकों को जहां रेल नेटवर्क या परिवहन ढांचा मौजूद है.

नेट बंद, कैसे पढ़ेंगे ईरान के लोग इजराइल का संदेश?

हालांकि, इस चेतावनी की एक बड़ी समस्या भी है. ईरान में पिछले कई हफ्तों से इंटरनेट पर कड़ी पाबंदियां लगी हुई हैं. ऐसे में यह साफ नहीं है कि आम ईरानी नागरिक इस संदेश को समय रहते देख भी पाएंगे या नहीं. अगर बड़ी संख्या में लोग इस अलर्ट तक पहुंच ही नहीं पाए, तो इसके असर और उपयोगिता पर सवाल खड़े हो सकते हैं.

इजराइल लगातार कर रहा है हमला

28 फरवरी से लेकर अब तक इजराइल ईरान पर लगातार हमले कर रहा है. इजराइली बारूद से ईरान के कई शहर थर्रा रहे हैं. सोमवार (6 अप्रैल) को इजराइल ने ईरान के साउथ पार्स पर जोरदार हमला किया. इजराइल ने ईरान प्राकृतिक गैस क्षेत्र में स्थित अहम पेट्रो-संयंत्र को टारगेट किया था. इस संयंत्र से ईरान का करीब 50 प्रतिशत पेट्रो-रसायन उत्पादन होता है. साउथ पार्स गैस क्षेत्र ईरान का ही नहीं दुनिया का सबसे बड़ा प्राकृतिक गैस भंडार है.

अमेरिकी और इजराइली हमले से ईरान में तबाही

इजराइल और अमेरिका के हमले से ईरान में तबाही का मंजर है. सोमवार को हुए हमले में 25 से अधिक लोगों की मौत हो गई. तेहरान में धमाकों की गूंज सुनाई दी, और राजधानी पर लगातार हमले होते रहने के कारण घंटों तक नीचे उड़ते जेट विमानों की आवाज आती रही. एक हवाई हमले में शरीफ प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के परिसर को निशाना बनाए जाने के बाद शहर के आजादी चौक के पास से घना धुआं उठता दिखाई दिया. ईरानी अधिकारियों के मुताबिक तेहरान के दक्षिण-पश्चिम में इस्लामशहर के पास हुए हमले में कम से कम 15 लोगों की मौत हुई है. वहीं कोम के एक रिहायशी इलाके पर हुए हमले में पांच लोग मारे गए, जबकि अन्य शहरों में हुए हमलों में छह और लोगों की मौत हुई. इसके अलावा, तेहरान में एक घर पर हुए हवाई हमले में तीन और लोगों की मौत हो गई.

IGRC के खुफिया प्रमुख माजिद खादेमी की मौत

इजराइल के हमले में ईरान को काफी नुकसान हो रहा है. सोमवार के हमले में ईरान के अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड के खुफिया प्रमुख मेजर जनरल माजिद खादेमी की मौत हो गई है. ईरानी सरकारी मीडिया ने भी इसकी पुष्टि कर दी है. वहीं इजराइल की सेना ने दावा किया है कि उसने ईरानी अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड की खुफिया इकाई कुद्स फोर्स के प्रमुख असगर बाकेरी को भी मार गिराया है.

ईरान कर रहा है काउंटर अटैक

अमेरिका और इजराइल के हमले झेल रहा ईरान भी पूरी ताकत के साथ पलटवार कर रहा है. उसने इजराइल और पड़ोसी खाड़ी देशों पर मिसाइलें दागीं. ईरानी मिसाइलों ने उत्तरी इजराइल के शहर हाइफा को भी निशाना बनाया, जहां एक रिहायशी इमारत के मलबे से चार लोगों के शव बरामद किए गए. खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ता देख कुवैत, संयुक्त अरब अमीरात और सऊदी अरब ने ईरानी मिसाइलों और ड्रोन को रोकने के लिए अपनी हवाई सुरक्षा प्रणाली सक्रिय कर दी है.

आज रात 8 बजे खत्म होगी अमेरिका की डेडलाइन

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को होर्मुज खोलने और समझौते करने के लिए जो डेडलाइन दी थी वो आज (मंगलवार, 7 अप्रैल) को खत्म हो रही है. ट्रंप ने धमकी दी है कि वो ईरान को एक ही रात में खत्म कर सकते हैं. ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान उनकी दी गई डेडलाइन से पहले अमेरिका से डील करने में नाकाम रहता है तो वो ईरान पावर प्लांट और पुल उड़ा देंगे. इससे पहले भी ट्रंप ईरान को पाषाण युग में भेजने की धमकी दे चुके हैं. हालांकि ईरान ने अस्थायी युद्धविराम के प्रस्तावों को खारिज कर दिया है. इसके बजाय उसने संघर्ष को स्थायी रूप से खत्म करने और उसपर लगे प्रतिबंध हटाने की मांग की है.

Also Read: नाटो देशों पर फिर भड़के ट्रंप, बताया- कागजी शेर, कभी नहीं भूलेगा अमेरिका

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >