Israel Hamas War : हिजबुल्लाह-ईरान को इजराइल की बड़ी चेतावनी, कहा- न लें सब्र की परीक्षा

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान और हिजबुल्ला को कड़ी चेतावनी दी है. नेतन्याहू ने कहा है कि उत्तर में हिजबुल्लाह हमारी परीक्षा न लें. नेतन्याहू ने सोमवार को इजराइली संसद नेसेट में दिए भाषण में कहा कि हमास को हराने के लिए दुनिया को एकजुट होने की जरूरत है.

Israel Hamas War Update: इजरायली सेना और हमास के लड़ाकों के बीच खूनी जंग छिड़ी है. दोनों की जंग हर बदलते दिन के साथ खतरनाक मोड़ पर आती जा रही है. तीन लाख से ज्यादा की तादाद में इजराइली सेना गाजा पर घुसने के लिए अंतिम आदेश का इंतजार कर रही है. इधर, इजराइल गाजा में हमास के ठिकानों पर लगातार रॉकेटों से और विमानों से हवाई हमला कर रहा है. पूरा गाजा शहर धूल में सना हुआ है. बड़ी-बड़ी इमारतें इजराइली बारूद से तबाह होकर जमींदोज हो गई है. इजराइल के हमले में आतंकियों के साथ-साथ आम लोगों की जान भी जा रही है. हालांकि इजराइल ने आम लोगों को दक्षिण की ओर जाने का समय दिया था, जिसकी मियाद भी अब पूरी हो गई है.

इधर, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान और हिजबुल्ला को कड़ी चेतावनी दी है. नेतन्याहू ने कहा है कि उत्तर में हिजबुल्लाह हमारी परीक्षा न लें. नेतन्याहू ने सोमवार को इजराइली संसद नेसेट में दिए भाषण में कहा कि हमास को हराने के लिए दुनिया को एकजुट होने की जरूरत है.  उन्होंने कहा कि यह युद्ध आपका भी युद्ध है. इजराइली प्रधानमंत्री ने हमास की तुलना नाजियों से की. इस बीच, गाजा की पूर्ण घेराबंदी के बाद फलस्तीनियों की भारी भीड़ सोमवार को अस्पतालों और स्कूलों में देखने को मिली. वे आश्रय की तलाश कर रहे हैं और भोजन एवं पानी की कमी का सामना कर रहे हैं.

बता दें, गाजा पट्टी से आये हमास के चरमपंथी समूह के लड़ाकों ने 7 अक्टूबर को इजरायल की धरती पर हमला कर दिया था. हमास ने 5000 रॉकेट दागे और इजरायल के अंदर घुसकर इजरायली नागरिकों को निशाना बनाना शुरू कर दिया था. इसके बाद इजरायल ने तुरंत युद्ध की घोषणा कर दी, जिसके बाद इजरायली सुरक्षा बलों ने फलस्तीन के गाजा पट्टी में बमबारी करनी शुरू कर दी.

इधर, इजराइल और हमास के बीच जारी लड़ाई के बीच ईरान का बड़ा बयान सामने आया है. ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि अगर इजरायल गाजा पट्टी पर हवाई हमले रोक दे तो हमास बंधक बनाए गए करीब 200 लोगों को छोड़ने के लिए राजी है. हालांकि यह बयान ईरान का है हमास की ओर से इस बयान की कोई पुष्टि नहीं की गई है.

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुतारेस ने हमास से सभी बंधकों को बिना किसी शर्त के तुरंत रिहा करने की अपील की और इजराइल से गाजा पट्टी में नागरिकों तक त्वरित और निर्बाध मानवीय मदद पहुंचाने की अनुमति देने का आग्रह किया है.

दरअसल हमास शासित गाजा पट्टी में लगभग 23 लाख लोग रहते हैं. इजराइल की ओर से पूरी तरह से घेराबंदी कर दी गई है. फलस्तीन के चरमपंथी समूह हमास के साथ जारी युद्ध के चलते इजराइल ने गाजा पट्टी में भोजन, पानी और ईंधन की आपूर्ति भी बंद कर दी है.

संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने हमास से अपील की कि उसे सभी बंधकों को बिना किसी शर्त के तुरंत रिहा करना चाहिए. गुतारेस ने कहा कि गाजा में नागरिकों तक त्वरित और निर्बाध मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए इजराइल को अनुमति प्रदान करनी चाहिए. संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने कहा कि गाजा में पानी, बिजली और अन्य आवश्यक आपूर्ति खत्म हो रही है.

गाजा में फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटों में गाजा में 455 फलस्तीनी जान गंवा चुके हैं और 856 लोग घायल हुए हैं, जिनके इलाज की कोई सुविधा नहीं है. (भाषा इनपुट से साभार)

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Pritish Sahay

प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >