अमेरिका के वर्जीनिया स्थित ऑल्डी इलाके में मंगलवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक घर के भीतर महिला का खून से लथपथ शव मिला. मृतका की पहचान इलाके की मशहूर रियल एस्टेट एजेंट लीसा ब्रैडफोर्ड के रूप में हुई है. पुलिस को दोपहर करीब 12 बजे सूचना मिली थी कि घर के अंदर गोलीबारी हुई है. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब अंदर जाकर देखा, तो लीसा दम तोड़ चुकी थीं.
रिश्तेदार को फोन पर बोला- 'मैंने पत्नी को मार दिया'
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार लाउडन काउंटी के शेरिफ माइक चैपमैन के मुताबिक, पुलिस को इस खौफनाक वारदात की जानकारी परिवार के ही एक रिश्तेदार ने दी.
आरोपी रोजर ब्रैडफोर्ड ने पत्नी को गोली मारने के बाद खुद अपने रिश्तेदार को फोन किया था और कबूल किया था कि उसने लीसा की जान ले ली है. फोन आते ही रिश्तेदार ने तुरंत पुलिस को खबर दी, लेकिन जब तक पुलिस टीम मौके पर पहुंची, आरोपी कार लेकर फरार हो चुका था.
3 राज्यों की पुलिस के पीछे पड़ते ही धरा गया आरोपी
वारदात के बाद आरोपी पति राज्य छोड़कर भागने की फिराक में था. वर्जीनिया पुलिस ने तुरंत अलर्ट जारी किया और मैरीलैंड व पेंसिल्वेनिया की पुलिस के साथ मिलकर साझा ऑपरेशन शुरू किया. कई घंटों की घेराबंदी और पीछा करने के बाद आखिरकार पेंसिल्वेनिया स्टेट पुलिस ने दोपहर करीब सवा तीन बजे रोजर को बेडफोर्ड इलाके से दबोच लिया. पुलिस के मुताबिक, यह मामला घरेलू विवाद से जुड़ा है और आम लोगों के लिए अब कोई खतरा नहीं है.
पड़ोसियों की चहेती थीं लीसा, पति पर मर्डर का केस दर्ज
लीसा के कत्ल की खबर से पूरे इलाके के लोग सदमे में हैं. पड़ोसियों का कहना है कि लीसा बेहद मिलनसार और दयालु इंसान थीं. वह अक्सर पड़ोसियों का हालचाल लेती थीं और त्योहारों पर छोटे-मोटे तोहफे भेजती रहती थीं. किसी को यकीन नहीं हो रहा कि उनके साथ ऐसा खौफनाक हादसा हो जाएगा. 60 साल के आरोपी पति रोजर के खिलाफ फर्स्ट-डिग्री मर्डर (सोची-समझी हत्या) और गैरकानूनी तरीके से हथियार चलाने की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है.
ये भी पढ़ें: क्या 100% टैरिफ का निकलेगा हल? दिसंबर में डोनाल्ड ट्रंप से मिल सकते हैं PM मोदी
