ईरान और ओमान के होर्मुज से जहाजों की आवाजाही पर समझौता चल रहा है. वहीं, ईरानी विदेश मंत्री अराघची ने शनिवार (8 अगस्त) को स्पष्ट किया कि ओमान के साथ बनी सहमति का मतलब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पूरी तरह खोलना नहीं है. IRIB और अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, तेहरान और मस्कट तकनीकी जटिलताओं के कारण एक अस्थायी नौवहन मार्ग (shipping route) स्थापित करने पर बातचीत कर रहे हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि दोनों पक्ष अंतिम परिणाम के बेहद करीब हैं, लेकिन होर्मुज को पूरी तरह से खोलना अमेरिका द्वारा MoU के कथित उल्लंघन के हर्जाने (compensation) पर निर्भर करेगा.
ईरानी विदेश मंत्री अराघची ने बताया कि तेहरान पहले इस्लामाबाद में हुए 14-सूत्रीय ज्ञापन (MoU) की धारा 5 को लागू कर रहा था, जिसके तहत एक महीने के भीतर यातायात सामान्य होना था. तेहरान की चेतावनियों के बावजूद, अमेरिका द्वारा होर्मुज में नए मार्ग स्थापित करने की कोशिशों से पहले यातायात 60 प्रतिशत तक सामान्य हो चुका था. वर्तमान वार्ता का उद्देश्य एक अस्थायी मार्ग बनाना है जो बाद में स्थायी व्यवस्था का आधार बनेगा. इस संबंध में संबंधित देशों की सैन्य और नौसैनिक सेनाओं के बीच विस्तृत चर्चा हुई है.
अमेरिका का दावा: जल्द हो सकता है समझौता
अमेरिकी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को दावा किया कि ईरान और ओमान के बीच बातचीत में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है. रॉयटर्स के मुताबिक, अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि अमेरिका को जल्द ही दोनों देशों के बीच समझौता होने की उम्मीद है, जिससे पिछले पांच महीनों से बाधित वाणिज्यिक तेल जहाजों की आवाजाही बहाल हो सकेगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि समझौता होते ही अमेरिका ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी हटा देगा, लेकिन भविष्य के कदम ईरान द्वारा अपनी प्रतिबद्धताओं के पालन पर आधारित होंगे.
ट्रम्प ने जताया युद्ध जल्द खत्म होने का भरोसा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बात करते हुए विश्वास जताया कि ईरान से जुड़ा संघर्ष बहुत जल्द समाप्त हो जाएगा. ट्रम्प ने कहा कि ईरान लंबे समय तक इस स्थिति को नहीं झेल सकता. अमेरिकी नौसेना द्वारा की जा रही नाकाबंदी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वार्ता सही दिशा में आगे बढ़ रही है. उन्होंने क्षेत्र में संभावित खदानों (mines) के खतरे को रेखांकित करते हुए दोहराया कि अमेरिका ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देने की अपनी प्रतिबद्धता पर कायम है.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान में पेट्रोल पर भारी टैक्स के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा, कहा- तुम और IMF भाड़ में जाओ
