Hormuz Strait: ईरान और अमेरिका के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर बयानबाजी जारी है. मुंबई में ईरान के महावाणिज्य दूत सईद रजा मोसाएब मोटलाघ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे को खारिज किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका का होर्मुज पर पूरा नियंत्रण है. ईरानी अधिकारी ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह ईरान के नियंत्रण में है. उन्होंने अमेरिका के दावे को फर्जी करार दिया है.
ईरान की नौसेना को भारी नुकसान के ट्रंप के दावे को भी तेहरान ने किया खारिज
न्यूज एजेंसी एएनआई से मुंबई में बातचीत के दौरान महावाणिज्य दूत ने कहा कि ट्रंप का यह दावा कि ईरान की नौसेना और मिसाइल क्षमता को भारी नुकसान पहुंचा है सरासर गलत है. उन्होंने कहा कि ट्रंप के बयानों से ऐसा लगता है कि वह खुद इन दावों को सही मान रहे हैं, लेकिन ईरान इससे सहमत नहीं है.
बोले ईद रजा- ईरान होर्मुज खोलने को तैयार लेकिन...
सईद रजा मोसाएब मोटलाघ ने दावा किया कि ईरान होर्मुज को पूरी तरह खोलने के लिए तैयार है, लेकिन इसके लिए अमेरिका को पहले कुछ शर्तें माननी होंगी. ईरानी महावाणिज्य दूत के मुताबिक, अमेरिका अगर अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करता है और ईरान की शर्तों को मान लेता है तो स्ट्रेट को दोबारा अंतरराष्ट्रीय जहाजों के लिए खोला जा सकता है.
किसी भी व्यवस्था में ईरान की सुरक्षा को नुकसान नहीं होना चाहिए. साथ ही फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के दक्षिणी तट पर स्थित दूसरे देशों की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाना चाहिए- सईद रजा मोसाएब मोटलाघ, ईरानी महावाणिज्य दूत
सईद रजा ने किया 14 सूत्रीय समझौते का जिक्र
ईरान का कहना है कि अमेरिकाको 14 सूत्रीय समझौता ज्ञापन के तहत अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करना होगा. ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने भी कहा है कि अमेरिका जब तक तय शर्तों पर अमल नहीं करता, तब तक होर्मुज पूरी तरह नहीं खोला जाएगा. ईरानी पक्ष के मुताबिक इन शर्तों में
- नाकेबंदी हटाना
- जब्त या फ्रीज की गई ईरानी संपत्तियों को जारी करना
- तेल प्रतिबंध हटाना
- सैन्य कार्रवाई और धमकियों को खत्म करना
ट्रंप का दावा- होर्मुज पर अमेरिका का पूरा नियंत्रण
वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार दावा कर रहे हैं कि होर्मुज स्ट्रेट पर अमेरिका का नियंत्रण है. ट्रंप ने मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए कहा था कि अमेरिका ने नाकेबंदी के जरिए इस समुद्री रास्ते पर पूरा नियंत्रण हासिल कर लिया है. उन्होंने यहां तक कहा कि इसे अमेरिकी क्षेत्र घोषित करने का विचार भी उन्हें पसंद है.
ट्रंप का दावा है कि होर्मुज स्ट्रेट खुला हुआ है और तेल की कीमतों पर दबाव कम हो रहा है. हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि ईरान समुद्र में बारूदी सुरंगें बिछाकर परेशानी खड़ी कर सकता है.
ईरान ने दी सैन्य जवाब की चेतावनी
ईरानी संसद के स्पीकर गालिबाफ ने कहा है कि अगर अमेरिका समझौते का उल्लंघन करता है तो ईरान कूटनीतिक और सैन्य दोनों स्तर पर जवाब देने के लिए तैयार रहेगा. उन्होंने कहा कि अमेरिका को पहले उन शर्तों को पूरा करना होगा, जिन पर दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी थी. तब तक होर्मुज को पूरी तरह खोलने का सवाल नहीं है.
क्यों इतना अहम है होर्मुज स्ट्रेट?
होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे अहम समुद्री ऊर्जा मार्गों में से एक है. फारस की खाड़ी से निकलने वाले तेल और गैस की बड़ी मात्रा इसी रास्ते से अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचती है. दुनिया के 20 फीसदी तेल और गैस का कारोबार इसी रूट से होता है.
Also Read: ईरान की पकड़ से निकल रही होर्मुज की कमान? 80% से ज्यादा जहाजों ने बदला रास्ता
