'प्लेन में नींद नहीं आती, खिड़की से मिसाइलें ढूंढता हूं': ट्रंप का अजीबोगरीब दावा

Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुलासा किया है कि उन्हें प्लेन में नींद नहीं आती और वे सफर के दौरान दुश्मनों पर नजर रखते हैं. वहीं, उनके विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने बताया कि ट्रंप से 'कमजोर' न दिखने के डर से उन्हें प्लेन में कंबल ओढ़कर छुपना पड़ता है.

Donald Trump: दुनिया के सबसे ताकतवर देश के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी फिटनेस और लाइफस्टाइल को लेकर हमेशा चर्चा में रहते हैं. हाल ही में नेशनल प्रेयर ब्रेकफास्ट के दौरान ट्रंप ने अपनी हवाई यात्राओं से जुड़ा एक ऐसा किस्सा सुनाया, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है. ट्रंप का कहना है कि उन्हें प्लेन में नींद नहीं आती और वह सफर के दौरान खिड़की से ‘दुश्मनों’ पर नजर रखते हैं.

20 घंटे के सफर में भी नहीं सोते ट्रंप

ट्रंप ने बताया कि जब वह एयरफोर्स वन (राष्ट्रपति का विमान) से विदेश यात्राओं पर जाते हैं, तो चाहे सफर 20 घंटे का ही क्यों न हो, वह सोते नहीं हैं. उन्होंने मजाक में कहा कि मुझे प्लेन में सोना पसंद नहीं है. मैं तो खिड़की से बाहर झांककर यह देखता हूं कि कहीं कोई मिसाइल या दुश्मन तो नहीं आ रहा.

उन्होंने अपनी इराक यात्रा का जिक्र करते हुए बताया कि जब वह वहां पहुंचे, तो एक सीनियर ऑफिसर ने उन्हें आराम करने की सलाह दी थी. लेकिन ट्रंप ने साफ मना कर दिया और कहा कि उन्हें नींद नहीं आती, वे सीधे काम की बात (ब्रीफिंग) शुरू करना चाहते हैं. ट्रंप अक्सर दावा करते हैं कि वे दिन भर में सिर्फ 3-4 घंटे ही सोते हैं.

मार्को रूबियो ऐसे छुपकर लेते हैं नींद

ट्रंप की इस ‘नो स्लीप’ पॉलिसी से उनके साथ चलने वाले अधिकारी काफी परेशान रहते हैं. अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने न्यूयॉर्क मैगजीन को दिए एक इंटरव्यू में बताया कि ट्रंप के साथ सफर करना किसी चैलेंज से कम नहीं है.

रूबियो ने खुलासा किया कि जब ट्रंप प्लेन के गलियारों में टहल रहे होते हैं, तो वह उनसे बचने के लिए सोफे पर कंबल ओढ़कर ‘मम्मी’ की तरह बन जाते हैं. रूबियो के मुताबिक, वह जानबूझकर अपना चेहरा ढंक लेते हैं ताकि ट्रंप को यह न पता चले कि उनका विदेश मंत्री सो रहा है.

‘कमजोर’ दिखने का डर

रूबियो ने बताया कि वह ऐसा इसलिए करते हैं क्योंकि वह नहीं चाहते कि ट्रंप उन्हें सोता हुआ देखकर ‘कमजोर’ समझें. रूबियो के अनुसार, ट्रंप उड़ान के दौरान बार-बार केबिन से बाहर निकलकर चेक करते हैं कि कौन जाग रहा है और कौन सो रहा है. ऐसे में रूबियो खुद को कंबल में पूरी तरह पैक कर लेते हैं ताकि राष्ट्रपति को लगे कि कोई स्टाफ मेंबर सो रहा है, न कि देश का विदेश मंत्री.

ये भी पढ़ें: ट्रंप की ईरान को सीधी धमकी: ओमान में कल होगी बड़ी बैठक, परमाणु प्लांट बनाया तो खैर नहीं!

ये भी पढ़ें: US में भारत से जुड़े ड्रग नेटवर्क पर एक्शन; 200 से ज्यादा वेबसाइट्स बंद, नकली दवाओं से हुई मौतें

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Govind Jee

गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >