ट्रंप के बर्थडे पर व्हाइट हाउस के बाहर हुई UFC फाइट, 92 फुट ऊंची केज के भीतर जमकर चले लात-घूंसे, कौन जीता?

Donald Trump Birthday UFC Fights White House: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने 80वें जन्मदिन का जश्न व्हाइट हाउस में UFC मुकाबलों के साथ मनाया. व्हाइट हाउस के साउथ लॉन को विशाल फाइटिंग एरिना में बदल दिया गया, जहां करोड़ों डॉलर के इस आयोजन में कई बड़े खिलाड़ी और ट्रंप समर्थक शामिल हुए.

Donald Trump Birthday UFC Fights White House: 14 जून को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का 80वां जन्मदिन बिल्कुल अलग अंदाज में मनाया जा रहा है.  व्हाइट हाउस का साउथ लॉन एक विशाल UFC फाइटिंग एरिना में बदल गया. बारिश की वजह से कार्यक्रम की शुरुआत में देरी जरूर हुई, लेकिन उसके बाद केज के अंदर जमकर लात घूसे चले.  92 फीट ऊंचे ‘द क्लॉ’ नाम के फाइटिंग केज में अल्टीमेट फाइटिंग चैंपियनशिप (UFC) फाइटर्स के बीच मुकाबले को ट्रंप ने खुद फ्रंट रो में बैठकर देखा. इस आयोजन पर ट्रंप प्रशासन ने लगभग 60 मिलियन डॉलर खर्च किए हैं.

करीब 6 करोड़ डॉलर की लागत वाले इस आयोजन की शुरुआत अमेरिकी वायुसेना के विशेष फ्लाईपास्ट से हुई. कार्यक्रम में छह एफ/ए-18 सुपर हॉर्नेट और छह एफ-16 फाइटिंग फाल्कन विमानों ने दुर्लभ ‘सुपर डेल्टा फॉर्मेशन’ में उड़ान भरी. इस दौरान ट्रंप सैल्यूट देते नजर आए.  इसके बाद फाइटर्स संगीत की धुनों के बीच ट्रंप व्हाइट हाउस से निकलकर फाइटिंग केज तक पहुंचे और मुकाबलों का सिलसिला शुरू हुआ.

ट्रंप परिवार-प्रशासन रहा मौजूद

डोनाल्ड ट्रंप मुकाबले देखने के दौरान UFC के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डाना व्हाइट और अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप के साथ पहली पंक्ति में बैठे नजर आए. उनके दोनों बेटे भी इस दौरान मौजूद रहे. इस कार्यक्रम में ट्रंप प्रशासन के कई वरिष्ठ सदस्य भी मौजूद रहे. इनमें स्वास्थ्य मंत्री रॉबर्ट एफ. कैनेडी जूनियर, काश पटेल और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ शामिल थे.

जन्मदिन या MAGA शक्ति प्रदर्शन?

ट्रंप ने इस आयोजन को अमेरिका की 250वीं स्वतंत्रता वर्षगांठ समारोह का हिस्सा बताया. लेकिन कार्यक्रम में मौजूद उनके समर्थकों के अंदाज से यह ट्रंप और उनके MAGA (मेक अमेरिका ग्रेट अगेन) आंदोलन का प्रदर्शन लग रहा था. वे लगभग पूरे कार्यक्रम के दौरान यूएसए यूएसए चिल्लाते रहे. इस कार्यक्रम के कई हिस्सों को व्हाइट हाउस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से भी पोस्ट किया गया.

ब्रिटिश हेवीवेट मुक्केबाज टायसन फ्यूरी जब फाइटिंग केज में पहुंचे तो उन्होंने ‘Donald Trump for Prime Minister’ (प्रधानमंत्री पद के लिए डोनाल्ड ट्रंप) लिखी हुई टोपी पहन रखी थी. इसे यूरोप में दक्षिणपंथी राजनीति को बढ़ावा देने वाले MAGA समर्थकों के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है.

शुरुआती मुकाबलों में किसने मारी बाजी?

कार्यक्रम के दौरान कई मुकाबले संपन्न हुए. ट्रंप के करीबी माने जाने वाले बो निकल ने काइल डौकाउस को हराया. वहीं डिएगो लोपेस ने स्टीव गार्सिया के खिलाफ जीत दर्ज की. इन मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में ट्रंप समर्थक और UFC प्रशंसक पहुंचे. खबर लिखे जाने तक यह फाइट्स जारी हैं. इन मुकाबलों में दुनिया भर के फाइटर्स पहुंचे हैं.

UFC और ट्रंप की राजनीति का पुराना रिश्ता

UFC लंबे समय से ट्रंप के MAGA समर्थक आधार और तथाकथित ‘मैनोस्फीयर’ समुदाय के बीच बेहद लोकप्रिय रहा है. लोकप्रिय पॉडकास्टर जो रोगन समेत UFC से जुड़े कई प्रभावशाली चेहरे ट्रंप के मुखर समर्थकों में गिने जाते हैं. यही वजह है कि यह आयोजन केवल खेल कार्यक्रम नहीं, बल्कि राजनीतिक महत्व भी रखता है. यूएफसी के साथ ही ट्रंप WWE में भी हिस्सा ले चुके हैं.

क्या व्हाइट हाउस में स्थायी होगा UFC केज?

डोनाल्ड ट्रंप पहले भी ‘द क्लॉ’ की तुलना पेरिस के प्रसिद्ध एफिल टॉवर से कर चुके हैं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था कि वह शायद इस फाइटिंग केज को कभी हटाएंगे नहीं और इसे व्हाइट हाउस परिसर का स्थायी हिस्सा भी बनाया जा सकता है. अगर ऐसा होता है, तो यह व्हाइट हाउस में ट्रंप द्वारा किए गए बड़े बदलावों की सीरीज में एक नया चैप्टर होगा.

पहले ही ट्रंप प्रशासन के दौरान ईस्ट विंग के कुछ हिस्सों को हटाकर नया बॉलरूम बनाने, ऐतिहासिक रोज गार्डन को बदलकर पक्के डाइनिंग एरिया में तब्दील करने और इमारत के अंदरूनी हिस्सों को मार-ए-लागो शैली में सुनहरी सजावट देने जैसे बदलाव चर्चा में रह चुके हैं.

यह भी पढ़ें:- अमेरिका-ईरान समझौते के बाद तेल बाजार को राहत, कच्चे तेल के दाम 4% गिरे, भारत में भी कम होंगे पेट्रोल-डीजल के दाम?

यह भी पढ़ें:- यूएस-ईरान समझौते में तेहरान की बल्ले-बल्ले! 12 अरब डॉलर तुरंत देगा अमेरिका, सेना भी हटाएगा; इन 14 पॉइंट में डील हुई सील

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anant narayan shukla

अनन्त नारायण शुक्ल प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट क्रिएटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब दो वर्षों का अनुभव है. अनन्त राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मामलों, वैश्विक भू-राजनीति (ग्लोबल जियोपॉलिटिक्स), रक्षा नीति, कूटनीति और विश्व राजनीति से जुड़े विषयों पर खबरें करते हैं. वे दुनिया भर में घट रही महत्वपूर्ण घटनाओं को गहरी रिसर्च और तथ्यमात्मक विश्लेषण के साथ पाठकों तक पहुंचाने का काम करते हैं.

अनन्त मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय संघर्ष, वैश्विक सुरक्षा, रक्षा रणनीतियों, विदेश नीति, भारत के पड़ोसी देशों से जुड़े घटनाक्रम और विश्व स्तर पर भारत की भूमिका जैसे विषयों को कवर करते हैं. इजरायल-ईरान संघर्ष, अमेरिका की विदेश नीति, परमाणु सुरक्षा, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के हालात, नेपाल-चीन सीमा से जुड़े मुद्दे और वैश्विक कूटनीतिक घटनाक्रम पर उनकी विशेष पकड़ है. इसके अलावा वे अंतरराष्ट्रीय आपदाओं, विदेशों में बसे भारतीयों और वैश्विक स्तर पर भारत के बढ़ते प्रभाव से जुड़ी खबरों पर भी नियमित रूप से लिखते हैं.

इतिहास, राजनीति और विज्ञान में उनकी गहरी रुचि रही है, जिसने उन्हें वैश्विक मामलों और अंतरराष्ट्रीय पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया. यही वजह है कि उनके लेखों में विषय की गहराई, एक्सपर्ट्स की राय के साथ उनके कमेंट्स, तथ्यों की सटीकता और व्यापक संदर्भ देखने को मिलता है. बदलते वैश्विक परिदृश्य पर उनकी पैनी नजर रहती है, जिससे वे पाठकों तक समय पर विश्वसनीय और विश्लेषणात्मक जानकारी पहुंचाते हैं.

अनन्त को राष्ट्रीय राजनीति की भी समझ है. उन्होंने झारखंड विधान सभा 2024, दिल्ली विधान सभा चुनाव 2025 चुनाव और देश के अन्य चुनावों को कवर किया है. चुनाव के काउंटिंग डे को कवर करने का भी उनके पास काफी अनुभव है.

अनन्त कभी-कभी नेशनल डेस्क भी संभालते हैं, जिसमें देश भर में जनता से जुड़े जरूरी सामाजिक मुद्दे, न्यायिक खबरों और अपराध की खबरों को भी कवर करते हैं. इसके अलावा उन्हें रोचक जानकारियों को क्यूरेट करने का भी शौक है. इसमें लाइफस्टाइल, ऐतिहासिक और पुरातात्विक जानकारी के साथ ही दुनिया भर के साम्राज्यों के बारे में खबरें करते हैं.

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के रहने वाले अनन्त ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की है. उन्होंने 2024 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत प्रभात खबर में खेल पत्रकार के रूप में की थी, जहां उन्होंने करीब एक वर्ष तक क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़ी खबरों को कवर किया. बाद में अपनी रुचि और विशेषज्ञता के चलते उन्होंने अंतरराष्ट्रीय डेस्क का रुख किया और आज वैश्विक राजनीति व भू-राजनीति के प्रमुख विषयों पर लेखन कर रहे हैं.

तथ्यों की पुष्टि और सटीक जानकारी को वे अपनी पत्रकारिता का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हैं. उनका प्रयास रहता है कि पाठकों को विश्व घटनाक्रम की भरोसेमंद, संतुलित और गहन जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध हो, ताकि वे वैश्विक मुद्दों को बेहतर ढंग से समझ सकें.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >