Hormuz Strait : ईरान के इस कदम का अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्वागत किया, लेकिन अपने ट्रुथ सोशल पोस्ट में उन्होंने इसे गलती से “Strait of Iran” लिख दिया. इसके बाद सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा शुरू हो गई और लोग इस बयान पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देने लगे. न्यूयॉर्क टाइम्स के कॉलमिस्ट निकोलस क्रिस्टोफ ने कहा कि यह भले ही गलती हो, लेकिन युद्ध की वजह से होर्मुज अब “ईरान का रास्ता” जैसा महसूस होने लगा है.
इन्फ्लुएंसर मारियो नॉवल (इनके लाखों फॉलोअर्स हैं) ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि उन्हें पहले लगा कि यह पोस्ट फोटोशॉप किया हुआ है. नॉवल ने लिखा कि ट्रंप ने सच में होर्मुज को “Strait of Iran” कह दिया, जो हैरान करने वाली बात है. उन्होंने कहा कि इस तरह की गलती पर यकीन करना मुश्किल है. मारियो नॉवल ने आगे कहा कि ट्रंप की यह टिप्पणी सिर्फ एक गलती भी हो सकती है, लेकिन इसके पीछे कोई बड़ा संकेत भी हो सकता है.
ऊर्जा विश्लेषक (Energy Analyst) जेवियर ब्लास ने कहा कि इस तरह की भाषा से साफ झलकता है कि युद्ध के दौरान ईरान का इस अहम समुद्री रास्ते पर असर और बढ़ता प्रभाव लोगों की चिंता बढ़ा रहा है.
यह भी पढ़ें : ईरान ने होर्मुज खोलने का किया ऐलान, ट्रंप ने जताई खुशी, धड़ाम हुए कच्चे तेल के दाम
व्यापारिक जहाजों के लिए खोल दिया गया होर्मुज
ईरान ने आखिरकार होर्मुज स्ट्रेट को सभी व्यापारिक जहाजों के लिए खोल दिया है, जिससे दुनिया के कई देशों को बड़ी राहत मिली है. यह कदम इजराइल और लेबनान के बीच युद्धविराम होने के एक दिन बाद आया. पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष (US और ईरान के बीच युद्ध) के चलते यह रास्ता करीब 40 दिनों से प्रभावित था, जिससे वैश्विक व्यापार पर काफी असर पड़ा था. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने कहा कि लेबनान में हुए सीजफायर के तहत अब होर्मुज को सभी व्यापारिक जहाजों के लिए पूरी तरह खोल दिया गया है. उन्होंने बताया कि जब तक सीजफायर लागू रहेगा, तब तक तय रूट के जरिए सभी जहाजों की आवाजाही बिना रुकावट जारी रहेगी.
ट्रंप ने ईरान को धन्यवाद दिया
ईरान के होर्मुज खोलने के ऐलान के बाद ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर कहा कि ईरान ने पुष्टि की है कि होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह खुल गया है. यह रूट अब सामान्य आवाजाही के लिए तैयार है. उन्होंने इस पर ईरान को धन्यवाद भी दिया. हालांकि ट्रंप ने यह भी कहा कि आने वाले समय में ईरानी बंदरगाहों से आने-जाने वाले जहाजों पर अमेरिका की नौसैनिक नाकेबंदी जारी रहेगी.
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर कहा कि होर्मुज पूरी तरह खुला है. अब वहां से व्यापारिक जहाज बिना रुकावट गुजर सकते हैं. लेकिन उन्होंने यह भी साफ किया कि ईरान पर अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी पूरी ताकत के साथ जारी रहेगी. ट्रंप ने कहा कि यह स्थिति तब तक बनी रहेगी जब तक दोनों देशों के बीच सभी समझौते पूरी तरह से अंतिम रूप से पूरे नहीं हो जाते. उन्होंने दावा किया कि बातचीत लगभग पूरी हो चुकी है और प्रक्रिया जल्दी खत्म हो सकती है.
