China Humanoid Robot Games 2026: चीन में 2026 वर्ल्ड ह्यूमनॉइड रोबोट गेम्स शुरू होने से पहले ही रोबोटों के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं. इन्होंने लोगों का ध्यान तकनीक की खूबियों से ज्यादा उसकी कमजोरियों पर खींचा है. बीजिंग में होने वाली इस प्रतियोगिता में हजारों रोबोट हिस्सा लेने वाले हैं, लेकिन उससे पहले एक रोबोट दौड़ते हुए सुरक्षा दीवार से जा भिड़का, जबकि दूसरे ने नियंत्रण खोने के बाद खुद को दीवाल से भिड़ा दिया. वहीं एक रोबोट ने तो जमीन पर अजीब तरह से हाथ-पैर पटकने शुरू कर दिए.
वायरल हुए एक वीडियो में चीनी ह्यूमनॉइड रोबोट को दौड़ने की ट्रेनिंग करते देखा जा सकता है. बताया जा रहा है कि यह रोबोट वर्ल्ड ह्यूमनॉइड रोबोट गेम्स की रनिंग प्रतियोगिता की तैयारी कर रहा था. वीडियो में रोबोट तेज रफ्तार से दौड़ता है, लेकिन समय रहते रुक नहीं पाता और सीधे सुरक्षा दीवार से जा टकराता है.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसका शरीर कमर के पास से बुरी तरह मुड़ गया और मशीन से चिंगारियां निकलती दिखाई दीं. यह वीडियो 20 अगस्त को सोशल मीडिया पर शेयर किया गया था और देखते ही देखते वायरल हो गया.
एक्स, (ट्विटर) पर @pianhangx नाम के यूजर ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'रोबोट बहुत तेज दौड़ रहा था, इसलिए समय पर ब्रेक नहीं लगा पाया. वह कुशन से टकराया और उसकी कमर टूट गई.'
दौड़ते-दौड़ते दीवार से जा टकराया रोबोट
pianhangx ने ही एक और वीडियो शेयर किया, जिसमें एक रोबोट दौड़ते-दौड़ते अपना नियंत्रण खो बैठता है और सीधे दीवार से जा टकराता है. वहां पर सुरक्षा के लिए बैठे व्यक्ति को भी जल्दी से हटना पड़ा. देखें वीडियो-
ये भी पढ़ें:- क्या अब तुर्की से लड़ेगा इजरायल? सीरिया में उड़ाया एयरबेस; चेतावनी देते हुए कहा- रेड लाइन पार हुई थी
एक और रोबोट ने खोया नियंत्रण, जमीन पर पटकने लगा हाथ-पैर
इसी बीच 2026 वर्ल्ड रोबोट कॉन्फ्रेंस में एक दूसरी घटना ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं. एक ह्यूमनॉइड रोबोट आधुनिक रोबोटिक्स की क्षमताओं का प्रदर्शन कर रहा था, तभी उसका रिमोट-कंट्रोल कनेक्शन कथित तौर पर फेल हो गया.
इसके बाद रोबोट पीछे की ओर गिर पड़ा और जमीन पर तेजी से हाथ-पैर चलाने लगा. उसकी हरकतें कुछ ऐसी थीं, जैसे कोई इंसान अचानक दौरे की स्थिति में हो या कोई बच्चा गुस्से में जमीन पर हाथ-पैर पटक रहा हो. मशीन को काबू में करने के लिए कई इंजीनियर तुरंत वहां पहुंचे. उन्होंने रोबोट को पकड़कर रोकने की कोशिश की, लेकिन वीडियो में ऐसा लगता है कि वे उसे तुरंत बंद करने में कामयाब नहीं हो पा रहे थे.
वैसे केवल दुर्घटनाएं ही वायरल नहीं हुईं. इस प्रैक्टिस सेशन के दौरान एक रोबोट ने अपनी स्पीड से लोगों को चौंका दिया. उसने केवल 40 सेकेंड में 400 मीटर की दूरी तय की. pianhangx के अनुसार, पिछले साल रोबोट को 400 मीटर की दूरी तय करने में 1 मिनट 23 सेकेंड का समय लगा था.
22 अगस्त से शुरू होंगे रोबोट गेम्स
इन घटनाओं के बीच बीजिंग में 2026 वर्ल्ड ह्यूमनॉइड रोबोट गेम्स 22 अगस्त से शुरू होने जा रहे हैं. इसका पहला आयोजन 2025 में बीजिंग में हुआ था. इस साल प्रतियोगिता का स्तर काफी बड़ा होने वाला है. इसमें 666 टीमें और 2,056 रोबोट हिस्सा लेंगे. कुल 50 प्रतियोगिताओं में रोबोट दौड़ने के अलावा कई तरह की खेल गतिविधियों में हिस्सा लेंगे. इसके साथ ही रोबोट डांस परफॉर्मेंस देंगे और कुछ रोबोटों को फ्लैग बियरर के तौर पर भी इस्तेमाल किया जाएगा.
इंसानों से तेज रोबोट बनाने की होड़
चीन की रोबोटिक्स कंपनी यूनिट्री ने इसी दौरान अपना नया ‘सुपरमैन’ ह्यूमनॉइड रोबोट भी पेश किया है. कंपनी का दावा है कि यह रोबोट दुनिया के शीर्ष मानव एथलीटों से भी तेज दौड़ और ऊंची छलांग लगा सकता है.
यूनिट्री के मुताबिक इसकी अधिकतम रफ्तार 12.66 मीटर प्रति सेकंड तक पहुंच सकती है. यह 2009 में 100 मीटर दौड़ के दौरान उसैन बोल्ट की हासिल की गई करीब 12.4 मीटर प्रति सेकंड की अधिकतम रफ्तार से भी ज्यादा है.
ये भी पढ़ें:- 5000 किमी दूर बसे छोटे से देश पर मेहरबान हुआ भारत, 5 साल तक करेगा पेट्रोलियम प्रोडक्सट्स की सप्लाई
