China flight: चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस ने इस घटना को लेकर माफी मांगी है. कंपनी ने बताया कि यह घटना तब हुई जब उसकी एक घरेलू उड़ान लैंड करने के बाद टैक्सीइंग के दौरान जेट ब्रिज से टकरा गई. शुरुआती जानकारी के अनुसार, तकनीकी खराबी के कारण ऐसा हुआ
पायलट की सूझबूझ से टला हादसा
कंपनी के मुताबिक, चेंगदू से शंघाई जाने वाली फ्लाइट में लैंडिंग के बाद तकनीकी खराबी आ गई थी, लेकिन क्रू ने तुरंत स्थिति को संभाल लिया. विमान जेट ब्रिज से आंशिक रूप से टकराया. एयरलाइन ने पुष्टि की है कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. फिलहाल किसी के घायल होने की खबर नहीं है. अधिकारी और एयरलाइन मिलकर इस तकनीकी गड़बड़ी के सटीक कारणों की जांच कर रहे हैं.
सोशल मीडिया में वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर विमान के जेट ब्रिज से टकराने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. ग्लोबल टाइम्स के अनुसार, कई सोशल मीडिया यूजर्स ने दावा किया कि शंघाई होंगकियाओ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने वाली चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस की उड़ान का एक पंख (Wing) जेट ब्रिज से टकरा गया, जिससे संरचना को आंशिक क्षति पहुंची है.
