पूर्व ब्रिटिश प्रिंस ने एपस्टीन को भेजी थीं बेटियों की तस्वीरें; ईमेल खुलासे से हुए बर्बाद

Prince Andrew Epstein Scandal: जेफ्री एपस्टीन से जुड़े नए ईमेल और दस्तावेज सामने आने के बाद प्रिंस एंड्रयू फिर सवालों के घेरे में हैं. रिपोर्ट्स में बेटियों की तस्वीरें भेजने, 2010 के न्यूयॉर्क दौरे और जेल से छूट के बाद भी संपर्क में रहने जैसे कई अहम खुलासे हुए हैं, जिन्होंने ब्रिटिश शाही परिवार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.

Prince Andrew Epstein Scandal: ब्रिटेन के पूर्व शाही सदस्य प्रिंस एंड्रयू एक बार फिर विवादों में हैं. ताजा खुलासों में सामने आया है कि उन्होंने अपनी बेटियों प्रिंसेस बीट्रिस और प्रिंसेस यूजिनी की तस्वीरें दोषी यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन को ईमेल के जरिए भेजी थीं. यह जानकारी उन नए ईमेल दस्तावेजों से मिली है, जो हाल ही में सार्वजनिक किए गए हैं.

2008 की सजा के बाद भी संपर्क में रहे एंड्रयू

रिपोर्ट के मुताबिक, ये ईमेल 2010 और 2011 के हैं, यानी उस समय के जब एपस्टीन को 2008 में नाबालिग से वेश्यावृत्ति कराने के मामले में सजा मिल चुकी थी. द सन की रिपोर्ट के अनुसार, ये ईमेल उन लाखों दस्तावेजों का हिस्सा हैं, जिन्हें शुक्रवार को पहली बार सार्वजनिक किया गया.

उस समय प्रिंसेस यूजिनी की उम्र 21-22 साल और प्रिंसेस बीट्रिस की उम्र 23-24 साल बताई गई है. ईमेल में भेजी गई तस्वीरों में:

  • बीट्रिस को फरवरी 2012 में मोंट ब्लांक पर चढ़ते हुए दिखाया गया है.
  • यूजिनी को जून 2012 में ‘नाइट राइडर’ नाम की चैरिटी साइकिल राइड में भाग लेते देखा जा सकता है.

क्रिसमस कार्ड की तरह भेजी गईं तस्वीरें

पहला ईमेल 21 दिसंबर 2011 का बताया गया है, जो प्रिंस एंड्रयू के आधिकारिक ईमेल अकाउंट ‘HRH The Duke of York’ से भेजा गया था. यह मेल क्रिसमस कार्ड की तरह था, जिसमें दोनों बहनों की बर्फ में खड़ी तस्वीर थी. जिसमें बीट्रिस ने सिल्वर क्रिसमस हैट पहनी थी. यूजिनी ब्राउन स्कार्फ और फर हैट में दिख रही थीं. कार्ड पर संदेश लिखा था कि इस समय और आने वाले साल के लिए आपको खुशी और आनंद की शुभकामनाएं. इस पर प्रिंस एंड्रयू के हस्ताक्षर थे.

2012 में दूसरा कार्ड भी भेजा गया

20 दिसंबर 2012 को भेजे गए दूसरे कार्ड में कुल चार तस्वीरें थीं. इनमें:

  • दो तस्वीरें बीट्रिस और यूजिनी की
  • एक तस्वीर लंदन की शार्ड बिल्डिंग से रस्सी के सहारे उतरते एंड्रयू की
  • एक तस्वीर उनकी पूर्व पत्नी सारा फर्ग्यूसन की, जो कनाडा की ग्रेट स्लेव लेक यात्रा पर थीं
  • इस कार्ड पर भी वही शुभकामना संदेश और एंड्रयू के हस्ताक्षर थे.

संपर्क खत्म करने के दावे पर सवाल

यह खुलासा इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि प्रिंस एंड्रयू पहले यह दावा कर चुके हैं कि उन्होंने एपस्टीन से सभी संबंध 2008 के बाद खत्म कर दिए थे. लेकिन ये ईमेल उस दावे के कम से कम दो साल बाद के बताए जा रहे हैं.

पहले ही जा चुके हैं शाही खिताब

नए दस्तावेजों के सामने आने से एंड्रयू के लिए स्थिति और मुश्किल हो गई है. वे पहले ही:

  • अपने शाही खिताब गंवा चुके हैं
  • विंडसर स्थित अपने आलीशान आवास से हटाए जाने की स्थिति में हैं
  • यह सब एपस्टीन से उनके रिश्तों की वजह से हुआ है.

बेटी बीट्रिस ने दिया साथ वहीं यूजिनी के संपर्क तोड़ने की खबरें

इसी हफ्ते प्रिंसेस बीट्रिस को अपने पिता एंड्रयू के साथ घुड़सवारी करते देखा गया. रिपोर्ट के मुताबिक, वे विंडसर के रॉयल म्यूज इलाके में अपनी चार साल की बेटी सिएना के साथ थे. वहीं, इसी महीने यह खबर भी आई कि प्रिंसेस यूजिनी ने अपने पिता से सभी संपर्क तोड़ दिए हैं.

एपस्टीन फाइल्स से और भी खुलासे

नई फाइलों में प्रिंस एंड्रयू की एक पहले कभी न देखी गई तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें वे एक फर्श पर लेटी अनजान महिला के ऊपर झुके नजर आते हैं. अलग दस्तावेजों में यह भी दावा किया गया है कि एपस्टीन ने एंड्रयू के लिए एक खूबसूरत और भरोसेमंद. 26 साल की रूसी महिला से मुलाकात तय कराई थी

जेल से छूटने पर ‘खुशी’ जताने का ईमेल

2010 में, जेल से रिहा होने के एक साल बाद एपस्टीन ने एंड्रयू को ईमेल किया था. जवाब में एंड्रयू ने पूछा था कि क्या वह आजाद होकर खुश हैं और रूसी महिला के ऑफर पर खुशी जताई थी. इसके दो महीने बाद एंड्रयू, एपस्टीन के न्यूयॉर्क टाउनहाउस में ठहरे थे. दिसंबर 2010 में दोनों की सेंट्रल पार्क में साथ तस्वीर भी सामने आई थी. नए रिकॉर्ड्स के अनुसार, एपस्टीन के हाउस अरेस्ट खत्म होने के सिर्फ एक महीने बाद, एंड्रयू ने उन्हें बकिंघम पैलेस आने का न्योता दिया था.

लाखों फाइलें सार्वजनिक

अमेरिकी न्याय विभाग ने लगभग 3 मिलियन डॉक्यूमेंट और तस्वीरें. 2,000 से ज्यादा वीडियो. 180,000 इमेज फाइलें पब्लिक की गई हैं. ये फाइलें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के दौरान बनाए गए एक कानून द्वारा तय की गई डेडलाइन के तहत जारी की गईं.

एलन मस्क और बिल गेट्स का भी जिक्र

इन दस्तावेजों में यह भी दावा किया गया है कि:

  • एलन मस्क 2014 में एपस्टीन के निजी कैरेबियाई द्वीप जाने की योजना बना रहे थे
  • बिल गेट्स पर रूसी महिलाओं से संक्रमण लगने का आरोप है
  • हालांकि, बिल गेट्स ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है, और इन दावों की पुष्टि नहीं हुई है.

2019 में जेल में हुई थी एपस्टीन की मौत

जेफ्री एपस्टीन की 2019 में न्यूयॉर्क जेल में मौत हो गई थी. वे नाबालिगों की तस्करी के मामलों का सामना कर रहे थे. उनकी सहयोगी घिस्लेन मैक्सवेल को सेक्स ट्रैफिकिंग के मामलों में 20 साल की जेल की सजा सुनाई जा चुकी है.

ये भी पढ़ें: एपस्टीन के पास कैसे पहुंचा काबा का ‘किसवा’? लीक ईमेल से खुला अमीराती बिजनेसवुमन और इजरायली जासूसी का कनेक्शन

ये भी पढ़ें: भारतीय मूल के वैज्ञानिक को मिलेगा ‘जियो साइंस का नोबेल’, 1975 में की थी ऐसी खोज, जिससे आज जूझ रही दुनिया

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Govind Jee

गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >