नई दिल्ली में 12-13 सितंबर को होने वाले BRICS Summit में बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के शामिल होने की संभावना नहीं है. बांग्लादेश के विदेश मामलों के मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा है कि प्रधानमंत्री को सम्मेलन के लिए निमंत्रण नहीं मिला है.
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, हुमायूं कबीर ने कहा कि बांग्लादेश के प्रधानमंत्री को BRICS Summit के लिए आमंत्रित नहीं किया गया. उन्होंने कहा कि निमंत्रण BIMSTEC के चेयर को दिया गया है. कबीर के इस बयान को बांग्लादेशी अखबार The Daily Star के हवाले से रिपोर्ट किया गया है.
'हम कैसे जाएं? हमारे प्रधानमंत्री को न्योता नहीं मिला'
हुमायूं कबीर ने कहा, "हम कैसे जाएं? क्या बांग्लादेश सरकार से किसी को आमंत्रित किया गया है? हमारे प्रधानमंत्री को आमंत्रित नहीं किया गया. आपको किसने बताया कि हमारे प्रधानमंत्री को आमंत्रित किया गया है? BIMSTEC के चेयर को आमंत्रित किया गया है."
रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने तारिक रहमान को BIMSTEC के मौजूदा चेयर के तौर पर BRICS के आउटरीच सेशन में शामिल होने का निमंत्रण दिया था. BIMSTEC में भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका, थाईलैंड, म्यांमार, नेपाल और भूटान शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: अमेरिका-ईरान की जंग में फंसा पाकिस्तान, ईरान का साथ छोड़े तो पड़ोसी नाराज, अमेरिका से दूरी बनाए तो बढ़ेगी मुश्किल
बांग्लादेश भारत के साथ द्विपक्षीय यात्रा की व्यवस्था पर कर रहा है काम
बांग्लादेशी मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार सही समय आने पर प्रधानमंत्री तारिक रहमान की भारत की द्विपक्षीय यात्रा की व्यवस्था करने पर काम कर रही है. इससे पहले 23 अगस्त से प्रस्तावित उनका तीन दिवसीय भारत दौरा टल गया था.
वहीं, भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को कहा था कि बांग्लादेश की ओर से तारिक रहमान के BRICS Summit में शामिल होने की अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है.
