Bangladesh Election 2026: बांग्लादेश में 12 फरवरी 2026 को 13वें संसदीय चुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं, लेकिन लोकतंत्र के इस त्योहार के बीच हिंसा की खबरें भी सामने आ रही हैं. गोपालगंज और मुंशीगंज में बम धमाकों और झड़पों ने माहौल गरमा दिया है.
गोपालगंज में स्कूल के पास ब्लास्ट
‘द डेली स्टार’ की रिपोर्ट के मुताबिक, गोपालगंज के एक पोलिंग सेंटर पर क्रूड बम (देशी बम) फटने से तीन लोग घायल हो गए हैं. इसमें दो अंसार सदस्य (सुरक्षाकर्मी) और एक छोटा बच्चा शामिल है. एडिशनल एसपी मोहम्मद सरवर हुसैन ने बताया कि यह धमाका सुबह करीब 9:00 बजे नीचुपारा इलाके के रेशमा इंटरनेशनल स्कूल में बने पोलिंग सेंटर पर हुआ. इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
मुंशीगंज में समर्थकों के बीच भिड़ंत और भगदड़
हिंसा की दूसरी खबर मुंशीगंज से आई है. मुंशीगंज सदर के माखती गुरुचरण हाई स्कूल में सुबह 10:00 बजे दो प्रतिद्वंदी उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच जमकर बवाल हुआ. सदर थाने के ओसी मोहम्मद मोमिनुल इस्लाम के अनुसार, वहां पहले बम धमाका हुआ और फिर दोनों गुटों के बीच लुका-छिपी और पीछा करने का दौर शुरू हो गया. इस झड़प की वजह से वहां वोट डालने आए लोगों में डर का माहौल है.
18 महीने बाद पहला चुनाव
यह चुनाव बांग्लादेश के लिए बेहद ऐतिहासिक है. करीब 18 महीने पहले छात्रों के बड़े आंदोलन ने शेख हसीना की अवामी लीग सरकार को सत्ता से बेदखल कर दिया था. उस उथल-पुथल के बाद मोहम्मद यूनुस की लीडरशिप में अंतरिम सरकार देश चला रही थी और अब जाकर चुनाव हो रहे हैं.
‘द डेली स्टार’ की रिपोर्ट के मुताबिक, दोपहर 12 बजे तक देश के 42,651 सेंटर्स पर करीब 32.88% वोटिंग दर्ज की गई है. चुनाव आयोग के सचिव अख्तर अहमद ने कन्फर्म किया है कि फिलहाल कहीं भी वोटिंग रोकी नहीं गई है.
दिग्गजों ने किया मतदान
सुबह-सुबह बड़े चेहरों ने पोलिंग बूथ पहुंचकर अपना वोट कास्ट किया:
मोहम्मद यूनुस: अंतरिम सरकार के चीफ एडवाइजर ने ढाका के गुलशन मॉडल स्कूल में वोट डाला.
तारिक रहमान: बीएनपी (BNP) के चेयरमैन ने भी गुलशन में वोट डालने के बाद कहा कि देश की जनता अपने वोट की ताकत दिखाने के लिए इस दिन का बेसब्री से इंतजार कर रही थी.
ये भी पढ़ें: ढाका में वोट डालने के बाद यूनुस बोले- आज नए बांग्लादेश का जन्मदिन है
ये भी पढ़ें: बांग्लादेश चुनाव: 17 साल बाद लौटे तारिक रहमान ने डाला वोट, बोले- BNP की जीत पक्की
