बांग्लादेश चुनाव: BNP प्रचंड जीत की ओर, क्या तारिक रहमान होंगे नए PM?

Bangladesh Election 2026: बांग्लादेश के चुनाव में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है. 15 साल से सत्ता पर काबिज रहीं शेख हसीना के जाने और खालिदा जिया के निधन के बाद, अब तारिक रहमान की BNP बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है. क्या लंदन से लौटे तारिक बांग्लादेश के अगले प्रधानमंत्री बनेंगे?

Bangladesh Election 2026: बांग्लादेश में हुए ऐतिहासिक आम चुनाव 2026 के नतीजों ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. जुलाई 2024 में छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना का 15 साल पुराना राज खत्म हुआ था, जिसके करीब 18 महीने बाद हुए इन चुनावों में अब बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है.

BNP को मिला बहुमत, जमात-ए-इस्लामी पिछड़ी

गुरुवार 12 फरवरी 2026 को वोटिंग के बाद आ रहे ताजा अपडेट के अनुसार, तारिक रहमान की अगुवाई वाली BNP ने 300 से में से 299 सीटों वाली (इस चुनाव में शेरपुर-3 सीट पर एक उम्मीदवार की मौत हो जाने के कारण वोटिंग टाल दी गई) ‘जातीय संसद’ (वहां की पार्लियामेंट) में बहुमत का जादुई आंकड़ा आसानी से पार कर लिया है. BNP गठबंधन ने 208 सीटों पर अपनी धाक जमा ली है. वहीं, कभी इसकी सहयोगी रही जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले 11 दलों के गठबंधन को केवल 69 सीटों से संतोष करना पड़ा है. इसके अलावा, निर्दलीय और अन्य छोटे दलों के खाते में करीब 6 सीटें गई हैं.

इलेक्शन कमीशन की औपचारिक घोषणा का इंतजार

भले ही रुझानों में BNP की जीत पक्की दिख रही है, लेकिन बांग्लादेश चुनाव आयोग (EC) ने अभी तक फाइनल रिजल्ट का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है. चुनाव आयोग के प्रवक्ता के मुताबिक, कई सीटों पर डेटा प्रोसेस हो रहा है और अगले कुछ घंटों में अंतिम नतीजे जारी कर दिए जाएंगे.

बिना ‘अवामी लीग’ के हुआ यह मुकाबला

यह चुनाव मुख्य रूप से BNP और जमात-ए-इस्लामी के बीच की सीधी टक्कर थी. पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी ‘अवामी लीग’ पर बैन लगे होने के कारण वह इस चुनावी रेस से पूरी तरह बाहर रही. बता दें कि शेख हसीना के देश छोड़कर भारत जाने के बाद, पिछले 18 महीनों से मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार देश का कामकाज संभाल रही थी. इस बार वोटिंग के साथ-साथ ‘जुलाई नेशनल चार्टर’ के तहत 84-सूत्रीय सुधार पैकेज पर जनमत संग्रह (रेफरेंडम) भी कराया गया.

कौन हैं तारिक रहमान, जो संभाल सकते हैं पीएम की कमान?

BNP ने पहले ही साफ कर दिया था कि जीत मिलने पर पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान देश के अगले प्रधानमंत्री होंगे.

  • 17 साल बाद वापसी: तारिक रहमान लंदन में 17 साल का लंबा निर्वासन (Exile) काटकर कुछ महीने पहले ही बांग्लादेश लौटे थे.
  • मां की विरासत: उन्होंने अपनी मां खालिदा जिया से पार्टी की कमान संभाली थी. दुखद बात यह रही कि तारिक के लौटने के महज 5 दिन बाद ही दिसंबर में खालिदा जिया का निधन हो गया था.
  • शानदार जीत: ‘डेली स्टार’ की रिपोर्ट के अनुसार, तारिक रहमान ने बोगुरा-6 (सदर) सीट से अपने प्रतिद्वंद्वी को भारी अंतर से हराकर जीत दर्ज की है.

जीत का जश्न नहीं 

भले ही पार्टी भारी जीत की ओर है, लेकिन तारिक रहमान ने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे अभी जीत का जश्न न मनाएं. अपनी मां खालिदा जिया के प्रति सम्मान जताते हुए उन्होंने शुक्रवार की नमाज के बाद उनके लिए दुआ करने को कहा है.

एक नए युग की शुरुआत

बांग्लादेश की राजनीति में यह चुनाव ‘दो बेगमों की जंग’ (खालिदा जिया बनाम शेख हसीना) के दौर का अंत माना जा रहा है. एक तरफ खालिदा जिया अब इस दुनिया में नहीं हैं, तो दूसरी तरफ शेख हसीना की पार्टी बैन है. ऐसे में बांग्लादेश अब एक बिल्कुल नए राजनीतिक चैप्टर में कदम रख रहा है.

ये भी पढ़ें: बांग्लादेश चुनाव: ‘बैटल ऑफ बेगम्स’ से आगे बढ़ने की दहलीज पर देश

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Govind Jee

गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >